SpaceX IPO Price: $135 में मिलेगा एक शेयर, एलन मस्क रचेंगे इतिहास; आ रहा है दुनिया का सबसे बड़ा IPO
स्पेसएक्स इस आईपीओ के जरिए बाजार से कुल 74.4 बिलियन डॉलर जुटाने की तैयारी में है.

Published : June 4, 2026 at 9:33 AM IST
नई दिल्ली: दिग्गज बिजनेसमैन एलन मस्क की रॉकेट और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) कंपनी स्पेसएक्स ने अपने इनिशियल पब्लिक ऑफरिंग (IPO) के लिए 135 डॉलर प्रति शेयर की कीमत तय की है. द न्यूयॉर्क टाइम्स की एक रिपोर्ट के अनुसार, इस कीमत पर कंपनी का कुल मूल्यांकन 1.77 ट्रिलियन डॉलर (करीब 148 लाख करोड़ रुपये) आंका गया है. यह दुनिया के इतिहास का सबसे बड़ा आईपीओ होने जा रहा है, जो अगले हफ्ते अमेरिकी शेयर बाजार नैस्डैक पर 'SPCX' टिकर सिंबल के साथ ट्रेड करना शुरू कर सकता है.
सऊदी अरामको का टूटेगा रिकॉर्ड
स्पेसएक्स इस आईपीओ के जरिए बाजार से कुल 74.4 बिलियन डॉलर जुटाने की तैयारी में है. इससे पहले साल 2019 में सऊदी अरब की सरकारी तेल कंपनी सऊदी अरामको ने आईपीओ के जरिए 29.4 बिलियन डॉलर जुटाए थे और तब उसका वैल्यूएशन 1.7 ट्रिलियन डॉलर था. स्पेसएक्स वैल्यूएशन और जुटाई जाने वाली रकम, दोनों ही मामलों में सऊदी अरामको को पीछे छोड़ देगी.
मस्क बन सकते हैं दुनिया के पहले ट्रिलियनेयर
स्पेसएक्स में एलन मस्क की हिस्सेदारी 50 फीसदी है. 135 डॉलर प्रति शेयर की कीमत के लिहाज से मस्क के पास मौजूद शेयरों की वैल्यू 752 बिलियन डॉलर से अधिक हो जाएगी. रिपोर्ट के मुताबिक, मस्क के पास सुपर-वोटिंग शेयरों के जरिए 85 प्रतिशत से अधिक वोटिंग राइट्स हैं. बाजार के जानकारों का मानना है कि यदि लिस्टिंग के बाद स्पेसएक्स के शेयरों में तेजी आती है, तो एलन मस्क दुनिया के पहले 'ट्रिलियनेयर' बन जाएंगे.
फंड का कहां होगा इस्तेमाल?
पिछले महीने जारी हुए आईपीओ प्रोस्पेक्टस के अनुसार, साल 2025 में स्पेसएक्स को 4.9 बिलियन डॉलर का घाटा हुआ था, जिसका मुख्य कारण एआई (AI) तकनीक पर भारी खर्च था. हालांकि, इस दौरान कंपनी का रेवेन्यू 33 फीसदी बढ़कर 18.7 बिलियन डॉलर पर पहुंच गया. इस आईपीओ से मिलने वाली रकम का इस्तेमाल कंपनी अंतरिक्ष में चलने वाले ऑर्बिटल डेटा सेंटर्स बनाने, लूनर फैक्ट्री स्थापित करने और मंगल ग्रह के मिशनों को पूरा करने के लिए करेगी.
यह भी पढ़ें-
Coca-Cola India IPO: शेयर बाजार में मचेगा तहलका! आ रहा है कोका-कोला का मेगा IPO, जानें पूरी डिटेल
Oyo का बड़ा धमाका! आ रहा है ₹6,650 करोड़ का IPO, सेबी ने दी हरी झंडी

