चांदी ने तोड़े सारे रिकॉर्ड, एक दिन में ₹10,600 की छलांग, ₹2 लाख के दरवाजे पर
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज पर चांदी ने 1,99,220 रुपये का लाइफ टाइम हाई बनाकर सबको हैरान कर दिया. यह अब तक का सबसे उच्चतम स्तर है.

Published : December 12, 2025 at 11:37 AM IST
नई दिल्ली: भारतीय सर्राफा बाजार में गुरुवार का दिन ऐतिहासिक साबित हुआ. चांदी (Silver) ने सिर्फ तेजी नहीं दिखाई, बल्कि इतिहास रचते हुए ₹1,99,220 प्रति किलोग्राम का नया ऑल-टाइम हाई (All-Time High) छू लिया. इस दौरान एक ही दिन में चांदी की कीमतों में करीब ₹10,600 की तेज़ वृद्धि देखी गई, जिसने निवेशकों और बाजार विशेषज्ञों दोनों को हैरान कर दिया.
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर यह अब तक का सबसे उच्चतम स्तर है. इन्त्रा-डे ट्रेडिंग के दौरान चांदी की रफ्तार इतनी जबरदस्त थी कि शॉर्ट सेलर्स (मंदी करने वाले) भी संभलने का मौका नहीं पा सके. विशेषज्ञों का कहना है कि यह तेजी सिर्फ सट्टेबाजी का परिणाम नहीं, बल्कि इसके पीछे ठोस फंडामेंटल कारण हैं.
तेजी के मुख्य कारण
- इंडस्ट्रियल डिमांड में वृद्धि: 2025 में सोलर पैनल, इलेक्ट्रिक व्हीकल (EV) और 5G टेक्नोलॉजी में चांदी की खपत में बेतहाशा वृद्धि हुई है. सप्लाई कम और मांग अधिक होने के कारण कीमतों में उछाल आया.
- अंतरराष्ट्रीय बाजार से समर्थन: COMEX में चांदी $64.50 प्रति औंस के स्तर पर ट्रेड कर रही है, जो पिछले कई वर्षों में उच्चतम स्तर है. वैश्विक मार्केट में सप्लाई की कमी और डॉलर में उतार-चढ़ाव का सीधा असर भारतीय बाजार पर पड़ा.
- रुपये की कमजोरी: डॉलर के मुकाबले रुपये में उतार-चढ़ाव ने घरेलू बाजार में कीमती धातुओं को महंगा कर दिया.
निवेशकों की हुई चांदी, खरीदारों के पसीने छूटे
जिन निवेशकों ने निचले स्तरों पर चांदी में निवेश किया था, उनकी संपत्ति में जबरदस्त इजाफा हुआ है. ₹8,000 की इतनी बड़ी बढ़त कमोडिटी बाजार में बहुत कम देखने को मिलती है. हालांकि, शादी-ब्याह के सीजन में ज्वैलरी खरीदने वालों के लिए यह बढ़ोतरी चिंता का विषय है, क्योंकि चांदी आम आदमी की पहुंच से बाहर होती जा रही है.
क्या 2 लाख का लेवल तोड़ेगी चांदी?
विशेषज्ञों का मानना है कि ₹2 लाख का स्तर अब दूर नहीं है. ₹1,99,220 का हाई बनने के बाद तकनीकी चार्ट्स पर चांदी बहुत मजबूत (Bullish) दिखाई दे रही है. इस तेजी ने चांदी को अब सिर्फ “गरीबों का सोना” नहीं रहने दिया, बल्कि निवेश में गोल्ड को भी पीछे छोड़ने की क्षमता दिखा दी है.
यह भी पढ़ें- India US ट्रेड डील लगभग फाइनल! CEA बोले- जल्द हो सकती है घोषणा

