ETV Bharat / business

शेयर बाजार : सेंसेक्स 940 अंकों की बढ़त के साथ बंद, निफ्टी में भी तेजी

सेंसेक्स 940.73 अंक की छलांग के साथ 77,958.52 अंक; निफ्टी 298.15 अंक के लाभ से 24,330.95 अंक पर बंद.

concept photo
कॉन्सेप्ट फोटो (ANI)
author img

By ETV Bharat Hindi Team

Published : May 6, 2026 at 4:58 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

मुंबई : सेंसेक्स 940.73 अंक की छलांग के साथ 77,958.52 अंक पर और निफ्टी 298.15 अंक के लाभ से 24,330.95 अंक पर बंद हुआ. बुधवार को कच्चे तेल की कीमतों में आई भारी गिरावट के बाद बेंचमार्क सेंसेक्स में 940 अंकों की तेजी आई.

यह तेजी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा ईरान के साथ युद्ध समाप्त करने के समझौते की दिशा में बातचीत में प्रगति का दावा करने के बाद हुई. दिन के अंतिम समय में हुई भारी खरीदारी की बदौलत 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 940.73 अंक या 1.22 प्रतिशत बढ़कर 77,958.52 पर बंद हुआ. दिन के दौरान, यह 1,004.99 अंक या 1.30 प्रतिशत बढ़कर 78,022.78 के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया.

Market Update
आज का बाजार (ETV Bharat)

50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 298.15 अंक या 1.24 प्रतिशत बढ़कर 24,330.95 पर बंद हुआ. वैश्विक बाजारों में सकारात्मक रुझान ने घरेलू शेयरों में तेजी लाने में मदद की. सेंसेक्स की 30 कंपनियों में से इंटरग्लोब एविएशन, ट्रेंट, एशियन पेंट्स, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, एचडीएफसी बैंक और इटरनल प्रमुख विजेताओं में शामिल थीं. रिलायंस इंडस्ट्रीज, लार्सन एंड टुब्रो, पावर ग्रिड और एनटीपीसी पिछड़ने वाली कंपनियों में शामिल थीं.

रुपया बुधवार को 61 पैसे चढ़कर 94.57 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर रहा. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ईरान के साथ संभावित समझौते के संकेत देने के बाद ब्रेंट क्रूड की कीमत टूटकर 100 डॉलर प्रति बैरल के करीब पहुंचने से रुपया मजबूत हुआ है.

Market upate
आज के टॉप गेनर्स (ETV Bharat)

विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि रुपये पर पड़ रहे भारी दबाव को देखते हुए भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) मुद्रा को समर्थन देने के लिए सक्रिय रूप से एक ‘अप्रत्यक्ष’ रणनीति भी अपना रहा है.

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया, अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 95 पर खुला। कारोबार के दौरान टूटकर 95.18 प्रति डॉलर के निचले स्तर पर पहुंच गया। अंततः 94.57 (अस्थायी) पर बंद रहा जो पिछले बंद भाव से 61 पैसे की बढ़त है.

रुपया मंगलवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 95.18 पर बंद हुआ था.

Market update
आज के टॉप लूजर्स (ETV Bharat)

सीआर फॉरेक्स एडवाइजर्स के प्रबंध निदेशक अमित पबारी ने बताया कि भारतीय रिजर्व बैंक अपने विदेशी मुद्रा भंडार का सीधे उपयोग किए बिना मुद्रा को समर्थन देने के तरीकों की तलाश कर रहा है.

पबारी ने कहा कि जिन विचारों पर चर्चा हो रही है उनमें से एक यह है कि सरकारी बैंकों को विदेशी मुद्रा बॉन्ड के माध्यम से धन जुटाने के लिए प्रोत्साहित किया जाए जिससे प्रणाली में डॉलर का नया प्रवाह लाने में मदद मिल सकती है.

इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.66 प्रतिशत की गिरावट के साथ 97.79 पर रहा. घरेलू शेयर बाजारों में सेंसेक्स 940.73 अंक चढ़कर 77,958.52 अंक जबकि निफ्टी 298.15 अंक की बढ़त के साथ 24,330.95 अंक पर बंद हुआ. अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 8.25 प्रतिशत गिरावट के साथ 100.81 डॉलर प्रति बैरल रहा.

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के साथ युद्ध समाप्त करने के समझौते की दिशा में बातचीत में प्रगति का दावा करते हुए होर्मुज जलडमरूमध्य से जहाजों को सुरक्षित निकालने वाली "प्रोजेक्ट फ्रीडम" को निलंबित कर दिया है. मंगलवार को ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट में ट्रंप ने कहा, "ईरान के प्रतिनिधियों के साथ एक पूर्ण और अंतिम समझौते की दिशा में बड़ी प्रगति हुई है."

ये भी पढ़ें : पश्चिम एशिया संकट की मार: फुटवियर और लेदर सेक्टर की सरकार से गुहार, आयात शुल्क में मांगी राहत