शेयर बाजार क्लोजिंग : सेंसेक्स 1048 अंक टूटा, निफ्टी 24865 पर बंद
सेंसेक्स 1048 अंक टूटा. निफ्टी 24865 पर बंद. निवेशकों के 10 लाख करोड़ रु. डूबे.

Published : March 2, 2026 at 3:58 PM IST
|Updated : March 2, 2026 at 4:40 PM IST
नई दिल्ली : भारतीय शेयर बाजार पर ईरान संकट की छाया स्पष्ट रूप से देखी जा सकती है. 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 80,238.85 पर बंद हुआ. प्री-ओपन में यह 78,543.73 अंक तक गिर गया था. नेशनल स्टॉक एक्सचेंज निफ्टी-50 बड़ी गिरावट लेकर 24,865 पर बंद हुआ. यह 24,603 अंक तक फिसला था.
30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स बड़ी गिरावट के साथ 78543.73 अंक पर खुला था. शुक्रवार को यह 81,287 पर बंद हुआ था. इसी तरह, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 भी बड़ी गिरावट लेकर 24,659.25 पर खुला.

पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ने के बीच निवेशकों की धारणा प्रभावित होने से स्थानीय शेयर बाजार में सोमवार को तेज गिरावट आई और बीएसई सेंसेक्स 1,048 अंक का गोता लगा गया जबकि एनएसई निफ्टी 575 अंक के नुकसान में रहा. वैश्विक बाजारों में कमजोर रुख और विदेशी संस्थागत निवेशकों की भारी पूंजी निकासी से भी निवेशकों की धारणा पर प्रतिकूल असर पड़ा.

तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 2,743.46 अंक यानी 3.37 प्रतिशत टूटकर 78,543.73 पर आ गया था. बाद में यह 1,048.34 अंक यानी 1.29 प्रतिशत की गिरावट के साथ 80,238.85 अंक पर बंद हुआ.
इसी तरह, कारोबार के दौरान 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 575.15 अंक यानी 2.28 प्रतिशत का गोता लगाकर 24,603.50 अंक पर आ गया था। बाद में यह 312.95 अंक यानी 1.24 प्रतिशत की गिरावट के साथ 24,865.70 अंक पर बंद हुआ.

सेंसेक्स की कंपनियों में इंटरग्लोब एविएशन, लार्सन एंड टुब्रो, अडाणी पोर्ट्स, मारुति, एशियन पेंट्स और बजाज फिनसर्व के शेयरों में सबसे ज्यादा गिरावट आई. केवल भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, सन फार्मा और आईटीसी के शेयर लाभ में रहे.
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड की कीमत में 8.34 प्रतिशत की तेजी आई और यह 78.95 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया. ईरानी सरकारी मीडिया ने रविवार को कहा कि अमेरिका-इजराइल के शनिवार तड़के तेहरान पर हुए हमले में ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत हो गयी है.
ईरान ने अपने सर्वोच्च नेता की हत्या के विरोध में इजराइल और पश्चिम एशिया के अन्य देशों पर हमले किये हैं. एशियाई बाजारों में, जापान का निक्की, हांगकांग का हैंग सेंग नुकसान में रहे, जबकि शंघाई का एसएसई कम्पोजिट बढ़त में रहा. दक्षिण कोरिया में अवकाश के कारण शेयर बाजार बंद रहे.
यूरोप के प्रमुख बाजारों में दोपहर के कारोबार में भारी गिरावट देखी गई। अमेरिकी बाजार शुक्रवार को गिरावट के साथ बंद हुए थे. जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स लि. के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘‘पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव ने वैश्विक बाजारों को अस्थिर कर दिया है. ईरान के सर्वोच्च नेता की हत्या के मद्देनजर स्थिति के बिगड़ने को लेकर चिंताएं हैं.’’
उन्होंने कहा, ‘‘कच्चे तेल की बढ़ती कीमतें और कमजोर भारतीय मुद्रा (आईएनआर) तेल आपूर्ति में संभावित व्यवधानों को लेकर चिंताओं को दर्शाते हैं. इससे भारत में मुद्रास्फीति का दबाव बढ़ सकता है और राजकोषीय व्यवस्था प्रभावित हो सकती है. साथ ही ऊर्जा और रसायन पर निर्भर क्षेत्रों के मार्जिन पर दबाव पड़ सकता है.’’
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने शुक्रवार को 7,536.36 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। वहीं, घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने 12,292.81 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे.
शुक्रवार को सेंसेक्स 961.42 अंक टूटा था. जबकि निफ्टी 317.90 अंक यानी 1.25 प्रतिशत टूटकर 25,178.65 पर रहा था.
होली के अवसर पर मंगलवार को शेयर बाजार बंद रहेंगे.
ये भी पढ़ें : मिडिल ईस्ट में युद्ध का असर, तेल की कीमतों में भारी वृद्धि, ग्लोबल एनर्जी सप्लाई बाधित

