RBI पॉलिसी के फैसले से पहले शेयर बाजार में सुस्ती, सेंसेक्स-निफ्टी मामूली बढ़त के साथ बंद
आरबीआई नीति घोषणा से पहले सतर्कता के चलते सेंसेक्स 13 अंक और निफ्टी 10 अंक की मामूली बढ़त के साथ फ्लैट बंद हुए.

Published : June 4, 2026 at 4:21 PM IST
मुंबई: भारतीय शेयर बाजार में गुरुवार (4 जून 2026) को बेहद उतार-चढ़ाव भरा और सुस्त कारोबार देखने को मिला. भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की मौद्रिक नीति समिति (MPC) के फैसले से ठीक एक दिन पहले निवेशकों ने पूरी तरह से सावधानी बरतने का रुख अपनाया. इसके चलते बाजार के दोनों प्रमुख सूचकांक, बीएसई सेंसेक्स और एनएसई निफ्टी, लगभग अपने पिछले स्तरों के पास ही बंद हुए.
सेंसेक्स और निफ्टी का ताजा स्तर
गुरुवार के कारोबार में नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 50 महज 10.95 अंक यानी 0.05 प्रतिशत की हल्की बढ़त के साथ 23,416.55 के स्तर पर बंद हुआ. वहीं, बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स भी केवल 13.84 अंक या 0.02 प्रतिशत की मामूली तेजी दिखाते हुए 74,360.01 पर आकर रुका.

इन शेयरों ने बढ़ाया दबाव, छोटे शेयरों में दिखा दमबाजार को आज सबसे ज्यादा झटका दिग्गज हेवीवेट शेयरों से लगा. निफ्टी के प्रमुख शेयरों में इंफोसिस, बजाज फिनसर्व और हिंडाल्को इंडस्ट्रीजमें बड़ी बिकवाली देखी गई, जिसने बाजार को ऊपर जाने से रोके रखा.
हालांकि, बड़े इंडेक्स में सुस्ती के बावजूद ब्रॉडर मार्केट (मझोले और छोटे शेयरों) में अच्छा जोश देखा गया. निफ्टी मिडकैप इंडेक्स 0.46 फीसदी और निफ्टी स्मॉलकैप इंडेक्स 0.49 फीसदी की बढ़त के साथ बंद होने में कामयाब रहे.

सेक्टर्स का हाल
आज के कारोबार में सेक्टर्स का प्रदर्शन मिला-जुला रहा. आईटी (IT), मेटल (Metal) और केमिकल (Chemical) जैसे निर्यात और कमोडिटी से जुड़े सेक्टर्स में दबाव देखने को मिला. इसके विपरीत, घरेलू खपत और कंज्यूमर से जुड़े सेक्टर्स में निवेशकों ने दिलचस्पी दिखाई, जिससे निफ्टी कंज्यूमर ड्यूरेबल्स और निफ्टी मीडिया इंडेक्स आज के टॉप गेनर्स बनकर उभरे.
मार्केट एक्सपर्ट्स के मुताबिक, निफ्टी के लिए अल्पकालिक ट्रेंड तय करने में 23,500 का स्तर बेहद महत्वपूर्ण है. अगर निफ्टी इसके ऊपर मजबूती से बंद होता है, तो यह 23,600 और 23,800 के स्तर की तरफ बढ़ सकता है. वहीं, नीचे की तरफ 23,300–23,350 का स्तर तत्काल सपोर्ट का काम करेगा.
अब सभी निवेशकों की निगाहें शुक्रवार को आने वाले आरबीआई गवर्नर के बयान पर टिकी हैं, जिससे ब्याज दरों और लिक्विडिटी को लेकर बाजार की आगे की दिशा तय होगी.

यह भी पढ़ें- आज सोना चांदी क्या है भाव? दिल्ली से चेन्नई तक... बस एक क्लिक में चेक करें अपने शहर का हाल

