ETV Bharat / business

RBI पॉलिसी के बाद शेयर बाजार में सुस्ती: सेंसेक्स 152 अंक बढ़कर बंद, निफ्टी 24,624 के स्तर पर सपाट

आरबीआई द्वारा ब्याज दरें 5.25% पर स्थिर रखने के बाद सेंसेक्स 152 अंक चढ़ा, जबकि निफ्टी 24,624 पर लगभग सपाट बंद हुआ.

Etv Bharat
सांकेतिक फोटो (getty image)
author img

By ETV Bharat Hindi Team

Published : August 5, 2026 at 4:18 PM IST

|

Updated : August 5, 2026 at 5:38 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

मुंबई: भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) द्वारा मौद्रिक नीति समीक्षा में रेपो रेट को 5.25 प्रतिशत पर बरकरार रखने के बाद बुधवार को घरेलू शेयर बाजार मामूली बढ़त के साथ बंद हुए. केंद्रीय बैंक ने बाजार की उम्मीदों के अनुरूप अपनी नीतिगत रुख को भी 'न्यूट्रल' बनाए रखा. इस फैसले के बाद निवेशकों ने सतर्कता का रुख अपनाया, जिससे बाजार में मिला-जुला असर देखने को मिला.

सेंसेक्स और निफ्टी का क्लोजिंग आंकड़ा
कारोबार के अंत में बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का 30 शेयरों वाला सूचकांक सेंसेक्स 152.05 अंक (0.19%) की बढ़त के साथ 78,581.00 के स्तर पर बंद हुआ. वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 50 महज 9.75 अंक (0.04%) की मामूली तेजी के साथ 24,624.65 के स्तर पर टिका.

आज का शेयर बाजार
आज का शेयर बाजार (Etv Bharat)

छोटे और मझोले शेयरों में रही रौनक
मुख्य सूचकांकों की तुलना में ब्रॉडर मार्केट का प्रदर्शन बेहतर रहा. मिडकैप सूचकांक में 0.18 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई, जबकि स्मॉलकैप इंडेक्स ने मजबूत प्रदर्शन करते हुए 0.7 प्रतिशत की तेजी हासिल की.

सेक्टरवार प्रदर्शन: मेटल चमका, बैंकिंग पर दबावबाजार में सेक्टर्स का प्रदर्शन मिला-जुला रहा. मेटल (धातु) सेक्टर ने बाजार को सबसे ज्यादा सहारा दिया. इसके बाद रियल्टी और ऑटो सेक्टर में अच्छी खरीदारी देखी गई. इसके विपरीत, बैंकिंग शेयरों में आज भारी बिकवाली का दबाव रहा. निफ्टी बैंक और निफ्टी प्राइवेट बैंक इंडेक्स गिरावट के साथ बंद हुए, जिससे बाजार की बढ़त सीमित रह गई.

आज के टॉप गेनर्स
आज के टॉप गेनर्स (Etv Bharat)

शीर्ष चढ़ने और गिरने वाले शेयर
निफ्टी के प्रमुख शेयरों में श्रीराम फाइनेंस, ग्रासिम इंडस्ट्रीज और जेएसडब्ल्यू स्टील आज के टॉप गेनर्स (मुनाफा कमाने वाले) रहे. दूसरी तरफ, बैंकिंग क्षेत्र के काउंटरों में कमजोरी ने सूचकांकों पर ऊपर से दबाव बनाए रखा.

आर्थिक मोर्चे पर आरबीआई के अहम अनुमान

जीडीपी ग्रोथ (GDP): केंद्रीय बैंक ने चालू वित्त वर्ष के लिए देश की आर्थिक विकास दर के अनुमान को 6.7 प्रतिशत पर बरकरार रखा है.

महंगाई दर (Inflation): आरबीआई ने राहत देते हुए खुदरा महंगाई दर के अनुमान को 5.1 प्रतिशत से घटाकर 5.0 प्रतिशत कर दिया है.

आज के टॉप लूजर्स
आज के टॉप लूजर्स (Etv Bharat)

निफ्टी के लिए तकनीकी स्तर
बाजार विश्लेषकों के अनुसार, निफ्टी के लिए 24,600 का स्तर मजबूत रेजिस्टेंस (रुकावट) बना हुआ है, क्योंकि यहां कॉल ओपन इंटरेस्ट सबसे ज्यादा है. नीचे की ओर 24,500 तत्काल सपोर्ट है, जबकि 24,400 से 24,300 का दायरा मजबूत सपोर्ट जोन का काम करेगा.

यह भी पढ़ें- Gold-Silver Price: आज सोना-चांदी हुए बेहद महंगे, खरीदने से पहले देख लें नए दाम

Last Updated : August 5, 2026 at 5:38 PM IST