सोना-चांदी ने तोड़े सारे रिकॉर्ड! ₹1.54 लाख के पार पहुंचा Gold, ₹3.25 लाख Silver, जानें आज के भाव
सोने और चांदी की कीमत में आज फिर तेजी देखी जा रही है. भू राजनीतिक तनाव के कारण सोने चांदी का भाव बढ़ रहा है.

Published : January 21, 2026 at 11:47 AM IST
|Updated : January 21, 2026 at 12:03 PM IST
हैदराबाद: बुधवार, 21 जनवरी की सुबह घरेलू वायदा बाजार में सोने और चांदी की कीमतों में जोरदार तेजी देखने को मिली. मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर सोना करीब 2.70 प्रतिशत की छलांग के साथ नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया. वहीं चांदी की कीमतों में भी मजबूती दर्ज की गई. बाजार विशेषज्ञों के अनुसार, अमेरिका और यूरोप के बीच बढ़ते व्यापारिक तनाव, डॉलर में कमजोरी और सुरक्षित निवेश की बढ़ती मांग इस तेजी के प्रमुख कारण हैं.
सुबह करीब साढ़े नौ बजे एमसीएक्स पर फरवरी डिलीवरी वाला सोना 1,54,628 रुपये प्रति 10 ग्राम के अब तक के उच्चतम स्तर पर कारोबार करता दिखा. इसी तरह मार्च वायदा चांदी 0.51 प्रतिशत की बढ़त के साथ 3,25,326 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई.
अमेरिका-यूरोप तनाव से बढ़ी चिंता
वैश्विक स्तर पर निवेशकों की चिंता अमेरिका और यूरोपीय संघ के बीच गहराते व्यापारिक विवाद को लेकर बढ़ गई है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यूरोपीय संसद जुलाई में हुए एक अमेरिकी व्यापार समझौते को मंजूरी देने की प्रक्रिया को रोक सकती है. इसके अलावा, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ग्रीनलैंड को लेकर दिए गए बयानों ने भी भू-राजनीतिक अनिश्चितता को बढ़ाया है.
टैरिफ की घोषणा से बाजार में हलचल
अमेरिका ने 1 फरवरी से आठ यूरोपीय देशों पर 10 प्रतिशत टैरिफ लगाने की घोषणा की है. साथ ही यह संकेत भी दिया गया है कि जून 2026 से यह टैरिफ बढ़कर 25 प्रतिशत हो सकता है. इसके जवाब में यूरोपीय देश एक विशेष व्यापार सुरक्षा व्यवस्था ‘एंटी-कोर्शन इंस्ट्रूमेंट’ को लागू करने पर विचार कर रहे हैं. इन घटनाक्रमों ने वैश्विक बाजारों में अस्थिरता बढ़ा दी है.
सुरक्षित निवेश की ओर झुकाव
बढ़ते तनाव के कारण निवेशक जोखिम भरी संपत्तियों से दूरी बनाकर सोने और चांदी जैसे सुरक्षित विकल्पों की ओर रुख कर रहे हैं. इसके साथ ही अमेरिकी डॉलर में आई कमजोरी ने भी कीमती धातुओं की कीमतों को समर्थन दिया है.
विशेषज्ञों की राय
पृथ्वीफिनमार्ट कमोडिटी रिसर्च के मनोज कुमार जैन ने हिंदुस्तान को बताया कि ट्रेड वॉर की आशंकाएं और वैश्विक अनिश्चितता ने सोना-चांदी को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है. वैश्विक शेयर बाजारों में गिरावट के चलते सुरक्षित निवेश की मांग बढ़ी है, जिसका सीधा फायदा कीमती धातुओं को मिला है.
कुल मिलाकर, जब तक अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अनिश्चितता बनी रहती है, सोने और चांदी की कीमतों में मजबूती का रुझान जारी रहने की संभावना जताई जा रही है.
यह भी पढ़ें- सोना-चांदी हुआ सुपर महंगा, सोना ₹1.52 लाख के पार और चांदी ₹3.28 लाख के रिकॉर्ड स्तर पर

