ETV Bharat / business

₹1.67 लाख के पार पहुंचा सोना, चांदी की कीमतों ने भी छुड़ाए खरीदारों के पसीने, जानें अपने शहर के भाव

होली पर सोना ₹1.67 लाख और चांदी ₹2.95 लाख के पार पहुंची; रिकॉर्ड तोड़ महंगाई ने त्योहार पर खरीदारों के पसीने छुड़ाए.

Etv Bharat
सांकेतिक फोटो (ians)
author img

By ETV Bharat Hindi Team

Published : March 4, 2026 at 2:17 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

नई दिल्ली: देशभर में आज होली का उल्लास मनाया जा रहा है, लेकिन सर्राफा बाजार से आई खबरों ने इस त्यौहार की चमक को और ज्यादा गहरा कर दिया है. वैश्विक स्तर पर बढ़ती अस्थिरता और मिडिल ईस्ट (मध्य पूर्व) में गहराते युद्ध के संकट के बीच निवेशकों ने सुरक्षित निवेश की तलाश में सोने-चांदी की तरफ रुख किया है. इस भारी मांग के चलते बुधवार को कीमती धातुओं की कीमतों ने आसमान छू लिया और नए ऐतिहासिक रिकॉर्ड कायम किए.

आसमान छूती सोने की कीमतें
भारतीय सर्राफा बाजार में आज सोने की कीमतों में जबरदस्त तेजी दर्ज की गई. मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) से लेकर रिटेल मार्केट तक, हर जगह भाव तेज रहे. देश के प्रमुख महानगरों में 24 कैरेट सोने का भाव ₹1.67 लाख प्रति 10 ग्राम के स्तर को पार कर गया है. अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी 'स्पॉट गोल्ड' की कीमतें $5,394 प्रति औंस तक पहुंच गई हैं, जिसका सीधा असर भारतीय बाजारों पर दिख रहा है. शादी-ब्याह और त्यौहार के लिए खरीदारी करने वालों के लिए यह कीमतें चिंता बढ़ा रही हैं, लेकिन निवेशकों के लिए यह बड़ा मुनाफे का दौर साबित हो रहा है.

चांदी ने पकड़ी तूफानी रफ्तार
सोने के साथ-साथ चांदी की कीमतों ने भी आज सबको हैरान कर दिया. औद्योगिक मांग में आए उछाल और वैश्विक सप्लाई चेन में संभावित बाधाओं के डर से चांदी की कीमतें ₹2.65 लाख से ₹2.95 लाख प्रति किलोग्राम के बीच पहुंच गई हैं. देश के कुछ हिस्सों में चांदी के भाव में एक ही दिन के भीतर 2 से 3 हजार रुपये तक की बढ़त देखी गई. विशेषज्ञों का मानना है कि यदि यही ट्रेंड जारी रहा, तो चांदी जल्द ही ₹3 लाख का जादुई आंकड़ा भी छू सकती है.

महानगरों का ताजा हाल
आज राजधानी दिल्ली में 24 कैरेट सोना ₹1,67,760 पर रहा, जबकि चांदी ₹2,95,000 प्रति किलो के करीब पहुंच गई. मुंबई में सोना ₹1,67,610 और चेन्नई में यह सबसे ऊंचे स्तर ₹1,68,700 पर कारोबार करता देखा गया. कोलकाता में भी सोने के दाम ₹1,67,610 के आसपास स्थिर रहे.

कीमतों में उछाल की मुख्य वजह
बाजार जानकारों के अनुसार, ईरान और इजरायल के बीच बढ़ते सैन्य तनाव ने दुनियाभर के बाजारों में डर का माहौल पैदा कर दिया है. निवेशक जोखिम भरे शेयर बाजार से अपना पैसा निकालकर सोने में लगा रहे हैं. इसके अलावा, होली के अवसर पर भारतीय बाजारों में बढ़ी स्थानीय मांग ने भी इन कीमतों को काफी सपोर्ट किया है.

यह भी पढ़ें- भारतीय LNG शेयरों में 10% तक की भारी गिरावट, कतर संकट ने बढ़ाई मुश्किलें