EPF New Rules: PF निकासी पर टीडीएस बचाने के लिए अब भरना होगा Form 121, जानें ऑनलाइन प्रोसेस
ईपीएफओ ने साफ कर दिया है कि पीएफ टीडीएस छूट के लिए अब पुराने फॉर्म 15G और फॉर्म 15H स्वीकार नहीं किए जाएंगे.

Published : October 10, 2026 at 5:24 PM IST
नई दिल्ली: अगर आप 5 साल की लगातार सेवा पूरी होने से पहले अपने प्रोविडेंट फंड का पैसा निकालने की सोच रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है. कर्मचारी भविष्य निधि संगठन के मुताबिक, टैक्स डिडक्टेड एट सोर्स (TDS) से छूट का दावा करने के लिए अब आपको एक बिल्कुल नई प्रक्रिया का पालन करना होगा.
टैक्स वर्ष 2026-27 से ईपीएफओ ने साफ कर दिया है कि पीएफ टीडीएस छूट के लिए अब पुराने फॉर्म 15G और फॉर्म 15H स्वीकार नहीं किए जाएंगे. इसकी जगह अब आवेदकों को इनकम टैक्स एक्ट, 2025 के तहत फॉर्म 121 जमा करना अनिवार्य कर दिया गया है.
5 साल से कम की सर्विस पर क्यों कटता है TDS?
इनकम टैक्स एक्ट, 2025 के सेक्शन 192A के तहत, अगर कोई ईपीएफओ मेंबर 5 साल की लगातार सर्विस पूरी करने से पहले अपने पीएफ का पैसा निकालता है, तो उस पर टीडीएस काटा जा सकता है. यह टीडीएस कटौती पूरी तरह से 5 साल की सेवा की शर्त पर आधारित है. इनकम टैक्स एक्ट 2025 के अनुसार, यदि कर्मचारी ने 5 साल की निरंतर सेवा पूरी नहीं की है, तो ईपीएफ से निकासी पर सेक्शन 192A के तहत सोर्स पर टैक्स यानी टीडीएस काटा जाता है.
क्या है फॉर्म 121?
फॉर्म नंबर 121 इनकम टैक्स रूल्स, 2026 के तहत निर्धारित एक वैधानिक घोषणा है. इसके जरिए कोई भी टैक्सपेयर यह घोषणा करता है कि संबंधित टैक्स वर्ष के लिए उसकी अनुमानित कुल आय पर टैक्स देनदारी शून्य है. इसी घोषणा के आधार पर, पैसा देने वाले यानी डिडक्टर को यह अनुमति मिलती है कि वह तय भुगतानों पर सोर्स पर टैक्स न काटे.
समय पर जमा करना है जरूरी
घोषणा करने वाले आवेदकों को समय पर डिडक्टर को यह फॉर्म देना होगा ताकि शुरुआत में ही टैक्स न काटा जाए. इसे जमा करने का सबसे सही समय यह है.
- आय खाते में जमा होने या भुगतान किए जाने से ठीक पहले.
- बेहतर यही होगा कि इसे टैक्स वर्ष की शुरुआत में ही जमा कर दिया जाए.
जानिए कैसे फाइल करें फॉर्म 121
- सबसे पहले इनकम टैक्स की ई-फाइलिंग पोर्टल पर जाएं.
- अपनी यूजर आईडी (TAN) और पासवर्ड का उपयोग करके ई-फाइलिंग पोर्टल पर लॉग इन करें.
- इसके बाद ‘e-File’ > ‘Income Tax Forms’ > ‘File Income Tax Forms’ पर जाएं.
- वहां ‘Forms as Per Income Tax Act 2025’ कैटेगरी के अंदर, ‘Deduction and Collection at Source (Form 121)’ को चुनें और ‘File Now’ पर क्लिक करें.
- फॉर्म पेज पर जाकर लागू फाइलिंग प्रकार, टैक्स वर्ष और तिमाही का चयन करें. इसके बाद ‘Continue’ पर क्लिक करें.
- अब ‘Let’s get Started’ पर क्लिक करें.
ध्यान दें कि फॉर्म 121 में कुल 3 मुख्य सेक्शन होते हैं:
- आय का भुगतान करने के लिए जिम्मेदार व्यक्ति का विवरण
- घोषणाकर्ता और प्राप्त घोषणा का विवरण
- घोषणा
फॉर्म को पूरा करने के लिए आपको इसके प्रत्येक सेक्शन की पुष्टि करनी होगी. सबसे पहले ‘Details of the person responsible for paying income’ पर क्लिक करें. यहां भुगतान करने वाले की बुनियादी जानकारी जैसे नाम, पता, ईमेल आईडी आदि प्रोफाइल सेक्शन से अपने आप भरी हुई आ जाएगी. अगर इसमें कोई बदलाव करना हो, तो आपको ‘My profile’ में जाकर जानकारी बदलनी होगी. इसके साथ ही यहां अपना पैन नंबर दर्ज करें और ‘Save’ पर क्लिक करें.
पहला सेक्शन पूरा होने के बाद, अब ‘Details of declarant and declaration received’ सेक्शन पर क्लिक करें. इस सेक्शन के अंतर्गत आपको घोषणाकर्ता का पूरा विवरण और प्राप्त हुई घोषणा की जानकारी दर्ज करनी होगी.
यह भी पढ़ें- रुपये को सहारा देने के लिए RBI का बड़ा कदम, सरकारी तेल कंपनियों के लिए शुरू की स्पेशल डॉलर विंडो

