भारत कोकिंग कोल का IPO हिट, लिस्टिंग से पहले ही ओवरसब्सक्राइब
भारत कोकिंग कोल (BCCL) IPO पहले दिन ही रिटेल व एनआईआई निवेशकों से भारी सब्सक्रिप्शन हुआ; लिस्टिंग 16 जनवरी को होने की संभावना.

Published : January 9, 2026 at 3:00 PM IST
हैदराबाद: भारत की कोकिंग कोल क्षेत्र की दिग्गज कंपनी भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (BCCL) ने साल 2026 का पहला मेनबोर्ड IPO जारी किया. यह तीन दिन का पब्लिक इश्यू 9 जनवरी, शुक्रवार से खुला और पहले ही दिन शेयरधारकों के कोटे से 4.30 गुना, रिटेल निवेशकों से 4.46 गुना और एनआईआई निवेशकों से 5.28 गुना सब्सक्राइब हो गया. वहीं, कर्मचारी कोटा से 0.42 गुना और योग्य संस्थागत खरीदारों (QIB) से 0.02 गुना ही सब्सक्रिप्शन मिला. यह इश्यू 13 जनवरी, मंगलवार को बंद होगा.
एंकर निवेशकों ने बढ़ाई भरोसा
IPO से पहले कंपनी ने 8 जनवरी को एंकर निवेशकों से 273.13 करोड़ रुपये जुटाए. इसमें LIC सबसे बड़ा निवेशक रही, जिसने 78 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे. निप्पॉन इंडिया म्यूचुअल फंड और बंधन म्यूचुअल फंड ने भी 75-75 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे.
IPO में निवेश करें या नहीं?
ब्रोकरेज हाउस SBI Securities ने निवेशकों को कट-ऑफ प्राइस पर इस इश्यू में आवेदन करने की सलाह दी है. 23 रुपये के ऊपरी प्राइस बैंड पर IPO 6.4x EV/EBITDA वैल्यूएशन पर है. ICICI Direct ने इसे ‘अनरेटेड’ रखा है. Anand Rathi ने लिस्टिंग गेन के लिहाज से सब्सक्रिप्शन की सलाह दी.
BCCL देश में कोकिंग कोल की सबसे बड़ी उत्पादक है और FY25 में घरेलू उत्पादन में 58.5% हिस्सेदारी रही. कंपनी के पास 7.91 अरब टन कोल रिजर्व और 34 ऑपरेशनल माइंस हैं . FY23–FY25 के दौरान बिक्री और मुनाफा क्रमशः 5% और 37% CAGR से बढ़ा.
IPO का स्ट्रक्चर और डिटेल्स
IPO ओफर फॉर सेल (OFS) है, जिसमें कोल इंडिया अपनी 10% हिस्सेदारी बेच रही है. 21–23 रुपये के प्राइस बैंड में 46.57 करोड़ शेयर ऑफर किए गए हैं, जिससे 1,071 करोड़ रुपये जुटाने का लक्ष्य है. रिटेल निवेशकों के लिए न्यूनतम लॉट 600 शेयर रखा गया है.
इश्यू का अलॉटमेंट
- रिटेल: 35%
- QIB: 50%
- NII: 10%
- कोल इंडिया शेयरधारक: 107 करोड़ रुपये के शेयर आरक्षित
कर्मचारियों को प्रति शेयर 1 रुपये की छूट भी मिलेगी.
BCCL IPO का GMP और लिस्टिंग
ग्रे मार्केट में BCCL IPO शेयर लगभग 50% प्रीमियम पर कारोबार कर रहे हैं, जो मजबूत लिस्टिंग का संकेत देता है. अलॉटमेंट 14 जनवरी को तय होगा और लिस्टिंग संभवतः 16 जनवरी, शुक्रवार को होगी.
ब्रोकरेज ने कुछ जोखिम भी बताए हैं
- लंबी अवधि में कोल रिजर्व का घटना
- टॉप 10 ग्राहकों पर अत्यधिक निर्भरता (80% से अधिक)
- रिन्यूएबल एनर्जी बढ़ने से कोल की मांग पर असर
23 रुपये के ऊपरी प्राइस बैंड पर BCCL का पोस्ट-इश्यू मार्केट कैप लगभग 10,711 करोड़ रुपये रहेगा, जबकि कोल इंडिया की हिस्सेदारी लिस्टिंग के बाद भी 90% रहेगी.
डिस्क्लेमर: यहां शेयरों को लेकर दी गई जानकारी निवेश की राय नहीं है. चूंकि, स्टॉक मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है इसलिए निवेश करने से पहले किसी सर्टिफाइड इन्वेस्टमेंट एडवाइजर से परामर्श जरूर करें.
यह भी पढ़ें- पुराना PF नंबर भूल गए? चिंता न करें, घर बैठे मिनटों में ऐसे खोजें अपना अकाउंट

