शराब पीने का विरोध करने पर यूट्यूबर की चाकू मारकर हत्या, 3 अपराधी गिरफ्तार
डीसीपी ने घटनास्थल की जांच की. मैदान के पास चिप्स के पैकेट, शराब और पानी की बोतलें मिलीं, चप्पलें बिखरी पड़ी थीं.


Published : March 1, 2026 at 5:42 PM IST
भुवनेश्वरः मंचेश्वर थाना क्षेत्र के अंतर्गत जीजीपी कॉलोनी विलेज स्कूल इलाके में शनिवार 28 फरवरी की रात करीब 10 बजे एक युवा यूट्यूबर और बिजनेसमैन की चाकू मारकर हत्या कर दी गई. मृतक की पहचान जगन्नाथनगर निवासी राहुल रंजन महाराणा के रूप में हुई है. कमिश्नरेट पुलिस ने रविवार को इस मामले में 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है.
राहुल को एक यूट्यूबर के रूप में जाना जाता था. करीब तीन महीना पहले ओड़िया एल्बम अभिनेत्री दिव्यदर्शिनी दास से शादी हुई थी. हत्या के कारण का अभी तक पता नहीं चला है. स्थानीय लोगों ने आशंका जतायी कि इलाके में शराब पीने का विरोध करने के कारण बदमाशों ने इस वारदात को अंजाम दिया है. पुलिस हत्या के असली कारणों का पता लगाने में जुटी है.
क्या है घटना
स्थानीय लोगों के अनुसार, शनिवार रात करीब 9:30 बजे, तीन अज्ञात युवक जीजीपी कॉलोनी स्कूल क्षेत्र के पास एक मंच पर शराब पी रहे थे. इलाके के शिवा नाम के एक युवक ने वहां जाकर उन्हें शराब पीने से रोका, जिसे लेकर उनके बीच हाथापाई शुरू हो गई. उन युवकों ने शिवा पर हमला कर दिया, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा.
यह देखकर पास ही मौजूद राहुल और कुछ अन्य लोग वहां पहुंचे. जिसके बाद काफी शोर-शराबा और हंगामा शुरू होने लगा. इस बीच किसी ने राहुल के सीने में चाकू घोंप दिया. गंभीर हालत में राहुल को कैपिटल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

अस्पताल में हंगामा
इस घटना के बाद देर रात तक कैपिटल अस्पताल परिसर में तनाव का माहौल बना रहा. राहुल के दोस्तों और रिश्तेदारों की भारी भीड़ मुर्दाघर के पास जमा हो गई. कुछ समय के लिए वहां काफी हंगामा भी हुआ. पुलिस ने लोगों को शांत कराया.
नशे में धुत बदमाशों ने दिया वारदात को अंजाम
स्थानीय निवासी करुणाकर बलियार सिंह के अनुसार, राहुल बहुत ही नेक स्वभाव का था. अपना व्यवसाय करता था. उन्होंने कहा- "हम सोच भी नहीं सकते थे कि हमारे इलाके में उसके साथ ऐसा कुछ होगा. मुझे लगता है कि बाहर से आए नशेड़ी बदमाशों ने इस अपराध को अंजाम दिया है. तीन बदमाश नशा कर रहे थे, जब उन्हें रोका गया और टोका-टाकी हुई, तो विवाद बढ़ गया. बदमाशों ने गुस्से में आकर इस वारदात को अंजाम दिया."

घटनास्थल पर मिली शराब की बोतल
हत्या के बाद, शनिवार देर रात डीसीपी (DCP) जगमोहन मीणा और मंचेश्वर थाना प्रभारी दयानिधि दास ने घटनास्थल का दौरा कर जांच की. उस समय मैदान के चारों ओर चप्पलें बिखरी पड़ी थीं. स्कूल के मैदान के पास बने मंच पर चिप्स के पैकेट, शराब और पानी की बोतलें भी मिलीं.
इसे भी पढ़ेंः

