बिहार में राजगीर मलमास मेले के दौरान बड़ा हादसा, सुनामी झूला से गिरकर युवक की दर्दनाक मौत
विश्व प्रसिद्ध राजगीर मलमास मेले में बड़ा हादसा हुआ है. झूले से गिरने से युवक की दर्दनाक मौत हो गई. पढ़ें पूरी खबर..

Published : May 26, 2026 at 1:54 PM IST
नालंदा: बिहार के नालंदा में दिलदहला देने वाली घटना घटी है. राजगीर मलमास मेले के दौरान सुनामी झूला झूलने के दौरान झूला का बेल्ट लूज होने के कारण युवक चलते झूला से गिरकर गंभीर रूप से जख्मी हो गया. बाद में उसकी मौत हो गई. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है.
झूला से गिरने के कारण युवक की मौत: युवक को गंभीर हालत में स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने इलाज के लिए राजगीर अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया. जहां से प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए विम्स पावापुरी भेजा लेकिन वहां भी युवक की स्थिति गंभीर बनी हुई थी. लिहाजा विम्स से पटना रेफर किया गया. पटना ले जाने के क्रम में रास्ते में उसने दम तोड़ दिया.
परिवार के साथ मेला घूमने आया था युवक: मृतक की पहचान नवादा जिले के नारदीगंज थाना क्षेत्र मिक्कू गांव निवासी विपीन कुमार के 25 वर्षीय पुत्र अमन कुमार के रूप में हुई है. घटना के संबंध में बताया जाता है कि अमन अपने परिवार के साथ मलमास मेला घूमने आया था. घटना के समय चचेरा भाई प्रिंस भी साथ में था.
"मेला घूमने के दौरान हमने साथ में सुनामी झूला झूलने का मन बनाया. उसके बाद टिकट कटाकर दोनों झूलने बैठ गया. जैसे ही सुनामी झूला शुरू हुआ तो अचानक अमन असंतुलित होकर उसका बेल्ट खुल गया, जिससे वह गिर गया."- प्रिंस, मृतक का चचेरा भाई
क्या बोले डीएसपी?: राजगीर डीएसपी संजीत कुमार गुप्ता ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि झूला से गिरने के कारण घायल युवक की पटना ले जाने के दौरान मौत हो गई है. वहीं इस मामले में पुलिस ने सुनामी झूले को जब्त कर लिया है. एफएसएल टीम को भी बुलाया गया है. इसके साथ ही अन्य सभी बड़े झूलों को बंद करा दिया गया है.
"झूला संचालक के ऊपर सुसंगत धारा के तहत कार्रवाई की गई है. साथ ही झूला को जब्त भी कर लिया गया है. सुरक्षा की दृष्टिकोण से सभी झूलों को रोक लगा दिया गया है."- संजीत कुमार गुप्ता, डीएसपी, राजगीर
ये भी पढ़ें: हंसते-खेलते डिज्नीलैंड मेले में अचानक पसरा मातम, झूले का गेट टूटने के बाद मची ऐसी भगदड़!

