कुरुक्षेत्र के योगेश ने 50 लाख रुपए खर्च किए, टॉर्चर सहना पड़ा, अमेरिका से डिपोर्ट होने के बाद सुनाई डोंकी रास्ते की ख़ौफ़नाक दास्तान
हरियाणा के कुरुक्षेत्र का योगेश 50 लाख रुपए लगाकर डोंकी रूट से अमेरिका गया था. अब उसे डिपोर्ट करके भारत भेज दिया गया है.

Published : December 22, 2025 at 10:06 PM IST
|Updated : December 22, 2025 at 10:13 PM IST
कुरुक्षेत्र : कुरुक्षेत्र के उमरी गांव का योगेश 50 लाख रुपए लगाकर अमेरिका गया था लेकिन उसको कुछ दिन पहले डिपोर्ट करके भारत भेज दिया गया है. युवक ने डोंकी रूट का वीडियो शेयर करते हुए बताया कि किस तरह मुश्किल हालातों का सामना कर वो अमेरिका पहुंचा था.
50 लाख रुपए में अमेरिका जाने की डील : कुरुक्षेत्र के रहने वाले योगेश ने बताया कि "पिछले साल जुलाई महीने में विदेश जाने के लिए उनकी मुलाकात करनाल के एजेंट विकास, अंकित और गुरी से हुई थी जिन्होंने उसे अमेरिका पहुंचाने की बात कही थी. योगेश की 50 लाख रुपए में उनसे डील तय हुई जिसमें एजेंट ने अमेरिका पहुंचाने के बाद उसे वहां जॉब दिलाने का भरोसा भी दिया था. 15 लाख रुपए एडवांस लिए गए थे, बाकी बचे हुए पैसे अमेरिका पहुंचने के बाद देने की बात हुई थी.
ब्राजील की पुलिस ने पकड़ा : 26 जुलाई 2024 को वो दिल्ली एयरपोर्ट से फ्लाइट में बैठा था जिसके बाद उसको ब्राजील में उतार दिया गया, लेकिन वहां पहुंचते ही उसको ब्राजील पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया. उसके बाद परिवार ने एजेंट से संपर्क किया तो एजेंट ने वहां से उसको निकालने के लिए 15 लाख रुपए और मांगे. परिवार वालों ने एजेंट से पूछा कि उसे अमेरिका सीधे क्यों नहीं पहुंचाया तो एजेंट ने कहा कि चिंता ना करें, जल्द उसको यहां से निकाल देंगे और अमेरिका पहुंचा देंगे. इसके बाद उसे डेढ़ महीना ब्राजील में रखकर अमेरिका पहुंचाने की बात कही गई.

पीने को पानी नहीं, टॉर्चर किया गया : इसके बाद योगेश को ब्राजील से गाड़ी में बैठाकर बोलीविया, पेरू, इक्वाडोर होते हुए कोलंबिया ले जाया गया. लेकिन कोलंबिया पहुंचने के बाद मुसीबत और भी बढ़ गई जब कोलंबिया में उनसे 1 लाख रुपए और मांगे गए. पैसे देने के बाद फिर उनका कोलंबिया से पनामा के जंगल के लिए सफर शुरू हुआ. जर्नी के दौरान उन्हें नदी, समुद्र, जंगल पार करना पड़ा. डोंकरो ने बीच रास्ते कई बार उसे टॉर्चर किया, उनके पास एके-47 जैसे बड़े हथियार थे. जंगल में उनको दो-दो दिन तक पीने के लिए पानी और खाना तक नहीं दिया गया. कई बार तो उन्होंने नदी का पानी पीकर ही वक्त काटा. जंगल को पार करते समय अचानक 4 दिनों तक लगातार बारिश हो गई जिसके चलते बोट आने में देर हुई और उन्हें 4 दिन जंगल में ही बिताने पड़े. वहां ठंड भी बहुत ज्यादा पड़ रही थी और इन हालातों में उन्हें रात के वक्त ही नदी पार करवाई गई.

उकड़ू पोजिशन में बैठना पड़ा : कोस्टा रिका पहुंचने के बाद उन्होंने गीले कपड़े निकाल कर पुराने कपड़े खरीदे ताकि वे बीमार ना हो. इसके बाद पनामा के जंगलों से होते हुए ग्वाटेमाला से मेक्सिको पहुंचाया गया. वहां डोंकरों ने उसे बंदूक की नोंक पर रखकर परिवार वालों से 32 लाख रुपए मांगने के लिए कहा. बेटे की सुरक्षा के लिए उन्होंने 32 लाख रुपए और दे दिए. फिर अमेरिकी बॉर्डर पार करवाने के लिए करीब 50 लोगों को एक कैंटर में बैठाया गया. करीब 18 से 20 घंटों के लिए एक गाड़ी में उन्हें उकड़ू पोजिशन में बैठ कर सफ़र करना पड़ा. कैंटर में इतनी ज्यादा भीड़ थी कि सांस लेना भी मुश्किल हो रहा था जिसमें उनका दम घुट रहा था लेकिन बड़ी मुश्किलों के बाद वे 10 जनवरी 2025 को दीवार पार करके अमेरिका पहुंच गए थे.

अमेरिकी सैनिकों ने अरेस्ट किया : लेकिन दीवार पार करते ही अमेरिकी फोर्सेस ने उसे गिरफ्तार कर लिया और 8 महीने जेल में रखा गया. इसके बाद उसको 11 सितंबर को डिपोर्ट करके भारत भेज दिया गया क्योंकि उसके पास कोई भी लीगल दस्तावेज नहीं थे. योगेश ने अब मीडिया के सामने आकर डोंकी रूट का वीडियो शेयर किया है और अपनी अपनी पूरी दास्तान बताई है. उन्होंने बताया कि इस पूरे सफर के दौरान उन्हें करीब 50 लाख रुपए खर्च करने पड़े लेकिन इतने पैसे खर्च करके भी अमेरिका में डॉलर कमाने का उनका ड्रीम पूरा नहीं हो सका और डिपोर्ट होने के बाद अब वे वहीं हैं, जहां वे पहले थे."
हरियाणा समेत देश की ताजा ख़बरें पढ़ने के लिए ईटीवी भारत ऐप डाउनलोड करें. यहां आपको मिलेंगी तमाम बड़ी ख़बरें, हर बड़ा अपडेट, वो भी सबसे सटीक और डिटेल एनालिसिस के साथ - Download App
ये भी पढ़ें - 75 लाख रुपए लगाकर डोंकी रास्ते से पहुंचा अमेरिका, सूखी ब्रेड खाई, अब गैंगस्टर के साथ किया गया डिपोर्ट
ये भी पढ़ें - कैथल के युवक को बंधक बनाकर ग्वाटेमाला में मार डाला, डंकी रूट से जा रहा था अमेरिका
ये भी पढ़ें - ईरान में फंसे करनाल के युवक, तेहरान में कपड़े उतरवाकर पीटा, 20 लाख रुपए की डिमांड, डोंकी रूट से स्पेन जा रहे थे
ये भी पढ़ें - अमेरिका से डिपोर्ट हुए करनाल के रजत की कहानी, 60 लाख रुपए खर्च किए, पनामा का जंगल क्रॉस कर पहुंचे थे USA

