ETV Bharat / bharat

11,000 वोल्ट तार की चपेट में आने से 5 मजदूरों की मौत, वेल्डिंग करते समय हुआ हादसा

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है कि आखिर इतनी बड़ी लापरवाही कैसे हुई.

High Tension Wire Death
सांकेतिक तस्वीर. (IANS)
author img

By ETV Bharat Hindi Team

Published : March 2, 2026 at 3:11 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

कूचबिहार (पश्चिम बंगाल): एक पत्थर के चिप्स बनाने वाली फैक्ट्री में बिजली की चपेट में आने से 5 मजदूरों की मौत हो गई. यह दर्दनाक घटना रविवार शाम करीब 5:30 बजे दिनहाटा थाना क्षेत्र के गरकुरा में हुई. इस हादसे में तीन अन्य मजदूर गंभीर रुप से झुलस गये. दिनहाटा सब-डिवीजन अस्पताल में इलाजरत हैं. जैसे ही खबर फैली, मजदूरों के परिवार वाले अस्पताल पहुंच गए और उनका रो-रोकर बुरा हाल था.

पुलिस और स्थानीय सूत्रों के अनुसार, दिनहाटा ग्राम पंचायत नंबर 2 के गरकुरा इलाके में स्थित एक फैक्ट्री में छत की वेल्डिंग का काम चल रहा था. काम खत्म होने के बाद 5 मजदूर वेल्डिंग के लिए इस्तेमाल होने वाली लिफ्टर मशीन को हटा रहे थे. उस मशीन में लोहे की एक छड़ लगी थी, जिसे मजदूर नीचे करना भूल गए. बाद में, वह लोहे की छड़ फैक्ट्री के ऊपर से गुजर रही 11,000 वोल्ट की हाई-टेंशन बिजली की तार से टकरा गई. उस समय मशीन को पकड़े हुए मजदूर बिजली की चपेट में आ गए.

यह हादसा इतना भयानक था कि घटना के कुछ देर बाद तक मजदूरों के शरीर से धुआं निकलने लगा था. 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उन्हें बचाने की कोशिश में 3 अन्य मजदूर भी झुलस कर घायल हो गए. इस घटना से पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है कि आखिर इतनी बड़ी लापरवाही कैसे हुई.

मृतकों की पहचान मुकुल बर्मन, राजू सेन, मिथुन पाल, सुमन बर्मन और संजय बर्मन के रूप में हुई है. ये सभी दिनहाटा के अलग-अलग इलाकों के रहने वाले थे. मौके पर मौजूद एक मजदूर अनंत रॉय ने बताया, "छत की वेल्डिंग का काम पूरा करने के बाद वे लिफ्ट हटा रहे थे, तभी लोहे की छड़ 11,000 वोल्ट की तार के संपर्क में आ गई और यह हादसा हो गया."

पश्चिम बंगाल राज्य विद्युत वितरण कंपनी के अधिकारी बिस्वजीत दास ने कहा, "हम मामले की जांच कर रहे हैं और यह भी देख रहे हैं कि बिजली की लाइन में खराबी कहां से आई." उत्तर बंगाल विकास मंत्री उदयन गुहा ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और कहा, "यह बहुत ही दुखद घटना है. घायल मजदूरों में से एक की हालत बेहद नाजुक है."

इसे भी पढ़ेंः