त्रिपुरा में ग्रामीणों ने महिला को पीटा, जूतों की माला पहनाई
त्रिपुरा में एक महिला की जमकर पिटाई किए जाने के बाद जूतों की माला पहनाई गई. पुलिस जांच में जुटी है.

Published : December 28, 2025 at 2:42 PM IST
अगरतला : त्रिपुरा में एक महिला की पिटाई किए जाने के साथ ही उसको जूते की माला पहनाने का मामला सामने आया है. इस मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है.
बताया जाता है कि त्रिपुरा के धलाई जिले में विवाहेतर संबंध रखने के आरोप में ग्रामीणों ने एक महिला की जमकर पिटाई की. इतना ही नहीं महिला को जूते की माला पहनने के लिए मजबूर किया.
पीड़िता दो बच्चों की मां
इस बारे में जानकारी देते हुए पुलिस ने रविवार को बताया कि घटना शनिवार सुबह कमलपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में हुई. इस दौरान ग्रामीणों के एक ग्रुप ने महिला विवाहेतर संबंध के आरोप में उसके घर से घसीटकर बाहर निकाला और फिर उसकी पिटाई की. पीड़ित महिला दो बेटों की मां है.
पुलिस के मुताबिक, ग्रामीणों का पिटाई से भी मन नहीं भरा तो उन्होंने महिला को जूतों की माला पहनने के लिए मजबूर किया.
सड़क पर पड़ी थी महिला, पुलिस ने अस्पताल भेजा
वहीं घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची. इस दौरान पुलिस ने पाया कि पीड़ित महिला सड़क पर पड़ी हुई थी. बाद में उसकी अम्बासा स्थित जिला अस्पताल में इलाज कराया गया, जहां पर उसका सीटी स्कैन किया गया. फिलहाल पीड़ित महिला खतरे से बाहर बताई गई है.
घटना के सिलसिले में कमलपुर थाना में शनिवार को कुछ लोगों के विरुद्ध केस दर्ज किया गया है. साथ ही इस पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है. पुलिस का कहना है कि इस संबंध में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया जा चुका है.
घटना में शामिल लोगों के खिलाफ हो कार्रवाई - राज्य महिला आयोग
इस बीच, त्रिपुरा महिला आयोग (टीसीडब्ल्यू) की अध्यक्ष झरना देबबर्मा ने इस घटना की कड़ी निंदा की है. उन्होंने कहा कि पुलिस ने घटना को लेकर पहले ही एक मामला दर्ज कर लिया है और एक आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया है.
उन्होंने कहा, “हम महिला के साथ की गई बर्बरता और अपमान की कड़े शब्दों में निंदा करते हैं. उन्होंने कहा कि लोगों को कानून अपने हाथ में लेने का कोई अधिकार नहीं है. मैं पुलिस से आग्रह करती हूं कि इस घटना में शामिल लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए.”
देबबर्मा ने कहा, “हम कल पीड़िता से मिलने के लिए कमालपुर में एक टीम भेजेंगे और टीसीडब्ल्यू अपनी पॉजिटिव भूमिका निभाएगा. त्रिपुरा महिला आयोग महिला को न्याय दिलाने का प्रयास करेगा.”
ये भी पढ़ें- दो बहनों ने पीट-पीटकर मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव की हत्या की, जानें क्यों मारा

