ETV Bharat / bharat

समुद्री डॉल्फिन के राज जुटाएगा WII, पहली बार होने जा रहा अध्ययन, इन बातों पर खास फोकस

वाइल्डलाइफ इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया समुद्री डॉल्फिन पर स्टडी करेगा और उनके जीवन से जुड़े राज इकट्ठा करेगा. रिपोर्ट- नवीन उनियाल

dolphins
समुद्री डॉल्फिन पर अध्ययन (PHOTO- WII)
author img

By ETV Bharat Uttarakhand Team

Published : October 11, 2026 at 4:41 PM IST

7 Min Read
Choose ETV Bharat

देहरादून: समुद्र की गहराइयों में रहने वाली डॉल्फिन की दुनिया अब वैज्ञानिकों के लिए नई जानकारी का स्रोत बनने जा रही है. भारतीय वन्यजीव संस्थान (WII) पहली बार समुद्री डॉल्फिन पर अध्ययन कर इनके व्यवहार, आवास, आवाजाही और जीवन से जुड़े रहस्यों को समझने की दिशा में काम करेगा. इस अध्ययन से समुद्री पारिस्थितिकी तंत्र में डॉल्फिन की भूमिका और उनके सामने मौजूद चुनौतियों की पहचान करने में मदद मिल सकती है. खास बात यह है कि समुद्री जैव विविधता के संरक्षण के लिहाज से यह शोध महत्वपूर्ण साबित हो सकता है.

नदियों में डॉल्फिन की मौजूदगी और उनकी आबादी का आकलन करने के बाद अब समुद्री डॉल्फिन के वास स्थलों, संख्या, अनुकूल परिस्थितियों और सामने मौजूद खतरों को समझने पर जोर दिया जा रहा है. भारतीय वन्यजीव संस्थान के नेतृत्व में डॉल्फिन संरक्षण की दिशा में समुद्री क्षेत्रों को लेकर भी व्यापक अध्ययन की तैयारी है. इसके तहत यह समझने की कोशिश होगी कि भारतीय समुद्री क्षेत्रों में डॉल्फिन कहां-कहां मौजूद है? उनके आवास की स्थिति कैसी है? और किन कारणों से उनकी संख्या प्रभावित हो रही है? वहीं नदियों में डॉल्फिन की आबादी का दूसरा राष्ट्रव्यापी आकलन भी शुरू हो चुका है.

समुद्री डॉल्फिन के राज जुटाएगा WII (VIDEO-ETV Bharat)

डॉल्फिन के संरक्षण की कवायद में समुद्र पर भी फोकस: उत्तराखंड की गंगा से लेकर देश के दूसरे नदी तंत्रों में डॉल्फिन की मौजूदगी, उनकी आबादी और उनके सामने मौजूद चुनौतियों का अध्ययन करने के बाद अब समुद्री डॉल्फिन को लेकर भी व्यापक जानकारी जुटाने पर जोर दिया जा रहा है. भारतीय वन्यजीव संस्थान (WII) देहरादून के नेतृत्व में डॉल्फिन संरक्षण से जुड़ी वैज्ञानिक गतिविधियों का दायरा बढ़ाया जा रहा है. इसमें समुद्री डॉल्फिन के आवास, उनकी मौजूदगी और उनके सामने मौजूद खतरों को समझना अहम होगा.

dolphins
भारत में डॉल्फिन की मौजूदगी. (PHOTO-ETV Bharat)

इस अध्ययन का उद्देश्य केवल समुद्र में डॉल्फिन की मौजूदगी दर्ज करना नहीं होगा, बल्कि यह समझना भी होगा कि किन परिस्थितियों में ये जीव किसी क्षेत्र में रह पाते हैं. समुद्र के किन हिस्सों में उन्हें भोजन उपलब्ध है, उनके लिए अनुकूल परिस्थितियां कहां मौजूद हैं और मानवीय गतिविधियों का उनके आवास पर क्या असर पड़ रहा है? ऐसे सवालों के जवाब तलाशना संरक्षण की रणनीति तैयार करने में मददगार होगा.

dolphins
केंद्र सरकार ने वर्ष 2020 में प्रोजेक्ट डॉल्फिन की शुरुआत की थी (PHOTO- WII)

भारत के समुद्री क्षेत्र काफी विस्तृत हैं. अरब सागर से लेकर बंगाल की खाड़ी और अंडमान-निकोबार के आसपास के समुद्री इलाकों में अलग-अलग प्रजातियों के समुद्री स्तनधारी पाए जाते हैं. ऐसे में डॉल्फिन की मौजूदगी का व्यवस्थित आकलन उनकी वास्तविक स्थिति समझने के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है.

dolphins
समुद्री यातायात से डॉल्फिन को कितना खतरा? अध्ययन में शामिल (PHOTO- WII)

समुद्री डॉल्फिन से जुड़े अध्ययन में सबसे अहम सवाल उनके विचरण और आवास का होगा. यानी डॉल्फिन किन क्षेत्रों में मौजूद है और उनकी मौजूदगी के पीछे किस तरह की प्राकृतिक परिस्थितियां काम कर रही हैं? इसके साथ ही उन क्षेत्रों की पहचान भी महत्वपूर्ण होगी, जहां पहले डॉल्फिन दिखाई देने की जानकारी मिलती रही है, लेकिन अब उनकी मौजूदगी के प्रमाण कम हो गए हैं या वे दिखाई नहीं देती.
-डॉ. रुचि बडोला, वरिष्ठ वैज्ञानिक, भारतीय वन्यजीव संस्थान-

ऐसे मामलों में यह पता लगाना जरूरी होगा कि बदलाव के पीछे प्राकृतिक कारण हैं या मानवीय गतिविधियां जिम्मेदार हैं. मछली पकड़ने के दौरान इस्तेमाल होने वाले जाल, समुद्री यातायात, पानी के भीतर होने वाला ध्वनि प्रदूषण, तटीय विकास और समुद्री आवास में बदलाव जैसे कारक डॉल्फिन के लिए चुनौती पैदा कर सकते हैं. हालांकि किसी खास क्षेत्र में डॉल्फिन की संख्या घटने के लिए इनमें से किस कारण की कितनी भूमिका है, इसका निर्धारण वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर ही किया जा सकेगा.

dolphins
2021 से 2023 के बीच सर्वे में भारत में 6,327 नदी डॉल्फिन का अनुमान लगाया गया (PHOTO- WII)

डॉल्फिन की मौजूदगी का पता लगाने के लिए प्रत्यक्ष अवलोकन, स्थानीय मछुआरों से प्राप्त जानकारी और जरूरत के अनुसार ध्वनिक निगरानी जैसी तकनीकों का इस्तेमाल उपयोगी हो सकता है. इससे उन क्षेत्रों की पहचान करने में मदद मिलेगी, जहां संरक्षण के लिए विशेष प्रयासों की जरूरत है.

नदियों में 6,327 डॉल्फिन, अब दूसरी गणना भी शुरू: भारतीय वन्यजीव संस्थान इससे पहले देश में नदी डॉल्फिन की आबादी का व्यापक आकलन कर चुका है. संस्थान की ओर से प्रकाशित Population Status of River Dolphins in India (पॉपुलेशन स्टेट्स ऑफ रिवर डॉल्फिन इन इंडिया) रिपोर्ट के मुताबिक, 2021 से 2023 के दौरान किए गए सर्वेक्षण में देश में कुल 6,327 नदी डॉल्फिन का अनुमान लगाया गया था. इनमें 6,324 गंगा डॉल्फिन और तीन सिंधु नदी डॉल्फिन शामिल थीं.

dolphins
अध्ययन में शामिल है कि, मछली पकड़ने के लिए इस्तेमाल होने वाले जाल से डॉल्फिन को क्या नुकसान (PHOTO- WII)

इस सर्वेक्षण के दौरान डॉल्फिन की मौजूदगी का आकलन करने के लिए 28 नदियों में कुल 8,507 किलोमीटर का सर्वेक्षण किया गया था. इसके अलावा 30 अन्य नदियों में मौसमी मौजूदगी की पुष्टि के लिए अतिरिक्त सर्वेक्षण भी किए गए. अध्ययन में डॉल्फिन की संख्या के साथ उनके आवास की गुणवत्ता, प्रदूषण, मानवीय दबाव और संबंधित जलीय जैव विविधता की जानकारी भी जुटाई गई थी.

इस रिपोर्ट ने देश में नदी डॉल्फिन की स्थिति समझने के लिए एक महत्वपूर्ण आधार उपलब्ध कराया. अब इस आकलन को आगे बढ़ाते हुए दूसरी राष्ट्रव्यापी गणना भी शुरू की जा चुकी है. केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय ने 17 जनवरी 2026 को उत्तर प्रदेश के बिजनौर से नदी और मुहाना क्षेत्रों में रहने वाली डॉल्फिन की दूसरी चरण की गणना शुरू की थी. इस काम का समन्वय भारतीय वन्यजीव संस्थान कर रहा है. इसमें राज्य वन विभागों और सहयोगी संरक्षण संस्थाओं की भी भागीदारी है.

dolphins
पानी के भीतर होने वाला ध्वनि प्रदूषण भी डॉल्फिन के लिए चुनौती (PHOTO- WII)

गंगा में बढ़ी आबादी, लेकिन खतरे अब भी बरकरार: गंगा नदी डॉल्फिन के पिछले अध्ययन में सामने आए आंकड़ों के साथ उनके सामने मौजूद चुनौतियां भी महत्वपूर्ण है. गंगा नदी डॉल्फिन की स्थिति पर भारतीय वन्यजीव संस्थान की 2021 की रिपोर्ट में मछली पकड़ने के लिए इस्तेमाल होने वाले गिलनेट में डॉल्फिन के फंसने और उनका अवैध शिकार प्रमुख खतरों में शामिल बताए गए हैं. आवास में बदलाव और मानवीय गतिविधियां भी उनके संरक्षण को प्रभावित कर सकती है.

डॉल्फिन के संरक्षण का महत्व केवल एक वन्यजीव को बचाने तक सीमित नहीं है. ये जलीय पारिस्थितिकी तंत्र का महत्वपूर्ण हिस्सा है और उनकी स्थिति से संबंधित आवास की पारिस्थितिक परिस्थितियों को समझने में भी मदद मिलती है. इसलिए आबादी का आकलन करने के साथ यह जानना भी जरूरी है कि डॉल्फिन को भोजन, प्रजनन और सुरक्षित आवास के लिए किस तरह की परिस्थितियां मिल रही है.
-डॉ. रुचि बडोला, वरिष्ठ वैज्ञानिक, भारतीय वन्यजीव संस्थान-

प्रोजेक्ट डॉल्फिन में समुद्री आवास भी अहम: केंद्र सरकार ने वर्ष 2020 में प्रोजेक्ट डॉल्फिन की शुरुआत की थी. इस पहल का उद्देश्य नदी और समुद्री डॉल्फिन के साथ उनसे जुड़े जलीय पारिस्थितिकी तंत्र का संरक्षण करना है. भारतीय वन्यजीव संस्थान की भूमिका इस दिशा में वैज्ञानिक अध्ययन, निगरानी और संरक्षण संबंधी जानकारी उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण है.

dolphins
सर्वे में 6,324 गंगा नदी डॉल्फिन और तीन सिंधु नदी डॉल्फिन शामिल (PHOTO- WII)

इस तरह डॉल्फिन संरक्षण की दिशा में अगला महत्वपूर्ण कदम समुद्री आवासों को बेहतर तरीके से समझना होगा. इससे न केवल डॉल्फिन की स्थिति का आकलन करने में मदद मिलेगी, बल्कि भारत के समुद्री पारिस्थितिकी तंत्र के संरक्षण के लिए भी वैज्ञानिक आधार तैयार हो सकेगा.

ये भी पढ़ें: