अवैध संबंध के शक में पत्नी की हत्या, शव जलाकर नदी में फेंकी राख... फिर दर्ज कराया गुमशुदगी का केस
पुलिस ने मासूम बन रहे पति के बयानों की जांच के बाद जब सख्ती दिखायी तो उसने सनसनीखेज खुलासा किया.


Published : November 10, 2025 at 7:55 PM IST
पुणेः महाराष्ट्र के पुणे शहर में अपराध की सनसनीखेज घटना सामने आयी है. पति ने अपनी पत्नी का बेरहमी से कत्ल कर सबूत मिटाने की कोशिश की. लेकिन पुलिस ने सारे राज उगलवा लिये. डिप्टी कमिश्नर संभाजी कदम ने बताया कि आरोपी पति समीर जाधव (42 साल) को गिरफ्तार कर लिया गया है.
शॉकिंग खुलासा:
समीर ने पुलिस को जो बयान दिया उसके अनुसार, यह खौफनाक वारदात वारजे इलाके में हुई. जहां समीर जाधव ने 38 वर्षीय पत्नी को मौत के घाट उतार दिया. उसे शक था कि उसकी पत्नी का कथित रूप से किसी शख्स से अफेयर चल रहा है. फोन पर दोनों के बीच चैटिंग को पकड़ा था. इसको लेकर दोनों पति-पत्नी में कई बार झगड़े हुए. पत्नी ने आगे से ऐसा नहीं करने की बात कही, लेकिन अफेयर कथित रूप से जारी रहा.
एक महीना से बना रखा था प्लान:
इसके बाद समीर ने करीब महीने भर पहले पत्नी को मारने का प्लान बनाया. उसने शिंदेवाडी के पास 18 हजार रुपये महीने किराए पर एक गोदाम लिया. वहां लोहे का बॉक्स बनवाया और लकड़ियां खरीदकर रखीं. 26 अक्टूबर को पत्नी को घुमाने के बहाने घर से बाहर ले गया. नवले ब्रिज से होते हुए मुंबई-बेंगलुरु हाईवे पर घुमाया. रास्ते में एक होटल में रुके, फिर भेल खरीदकर गोदाम ले गया. वहां चटाई पर बैठे-बैठे अचानक गला दबाकर मार डाला.
सबूत मिटाने का प्रयासः
मौत की पुष्टि होते ही बॉडी को लोहे के बॉक्स में डाला और पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी. जली हुई राख नदी में फेंक दी और बॉक्स को स्क्रैप में बेच दिया. दो दिन बाद 28 अक्टूबर को पुलिस में मिसिंग रिपोर्ट दर्ज कराई.
पुलिस की स्मार्ट जांच:
पुलिस ने लापता महिला की जांच शुरू की. समीर से पूछताछ की गयी तो कुछ संदिग्ध बातें सामने आईं. पुलिस ने गुमशुदगी वाली जगह के सीसीटीवी फुटेज की जांच की. समीर के बयान और सीसीटीवी फुटेज में अंतर पाया गया. पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो उसने हत्या की बात कबूल ली.
इसे भी पढ़ेंः

