तत्काल टिकट बुकिंग: 1 अगस्त से बदल जाएगा यह नियम, जानिए नई टोकन टाइमिंग
पश्चिम मध्य रेलवे ने तत्काल टिकट बुकिंग के लिए टोकन टाइमिंग में बदलाव किया है और दो प्राथमिकता श्रेणी शुरू की है.

Published : July 26, 2026 at 5:50 PM IST
नई दिल्ली: पश्चिम मध्य रेलवे (WCR) ने 1 अगस्त से तत्काल बुकिंग प्रक्रिया में बदलाव करते हुए नए टोकन नियम लागू करने की घोषणा की है. इनका उद्देश्य टिकट काउंटर पर बुकिंग प्रक्रिया को आसान बनाना, भीड़ कम करना और यात्रियों की सुविधा को बेहतर बनाना है.
रिपोर्ट के मुताबिक, रेलवे अधिकारियों ने कहा कि टोकन बांटने का समय तत्काल बुकिंग शुरू होने के साथ ही तय किया गया है ताकि यात्रियों के लिए यह प्रक्रिया और आसान हो सके. इस नए सिस्टम से यात्रियों को रेलवे रिजर्वेशन काउंटर पर दो बार जाने की जरूरत खत्म हो जाएगी.
नई टोकन टाइमिंग
अधिकारियों के मुताबिक, पश्चिम मध्य रेलवे जोन में नई टाइमिंग के तहत, AC क्लास के लिए टोकन सुबह 8:30 बजे से 9 बजे तक बांटे जाएंगे, जबकि नॉन-AC क्लास के लिए टोकन सुबह 9 बजे से 9:30 बजे तक दिए जाएंगे.
वर्तमान में AC कोच में तत्काल टिकट बुक करने वाले यात्रियों को सुबह 9 बजे से 9:25 बजे के बीच टोकन मिलते हैं, जबकि स्लीपर क्लास के तत्काल टिकट बुक करने के लिए सुबह 9:30 बजे से 9:55 बजे तक टोकन मिलते हैं.
रेलवे अधिकारी ने आगे कहा कि हर रिजर्वेशन काउंटर पर AC क्लास के लिए 10 टोकन और नॉन-AC क्लास के लिए 15 टोकन जारी किए जाएंगे. उन्होंने कहा, "स्थानीय जरूरतों और यात्रियों की भीड़ को देखकर टोकन की संख्या बढ़ाई या घटाई जा सकती है. सभी टोकन धारकों की बुकिंग पूरी होने के बाद, बची हुई तत्काल सीटें दूसरे यात्रियों को पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर दे दी जाएंगी."
टोकन के लिए प्राथमिकता श्रेणी
अधिकारी ने कहा कि जोनल रेलवे ने तत्काल टोकन बांटने के लिए दो प्राथमिकता श्रेणी - A और B शुरू की हैं. श्रेणी A के तहत, जो यात्री अपने या अपने परिवार के सदस्यों के लिए टिकट बुक करेंगे, उन्हें प्राथमिकता दी जाएगी. श्रेणी B में बाकी सभी यात्री शामिल हैं, जिन्हें श्रेणी A की सभी बुकिंग पूरी होने के बाद ही टिकट बुक करने मौका दिया जाएगा.
जो यात्री अपने या परिवार के किसी सदस्य के लिए श्रेणी A के तहत टिकट बुक करेंगे, उन्हें अपना वैध फोटो ID कार्ड और परिवार के सदस्य का एक वैलिड आईडी कार्ड साथ रखना होगा जो रिश्ते को साबित करे.
अधिकारी ने यह भी कहा कि जारी किया गया टोकन दूसरों को नहीं दिया जा सकेगा. टिकट सिर्फ उसी व्यक्ति को जारी किया जाएगा जिसके नाम पर टोकन जारी किया गया है. यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे तय समय पर रिजर्वेशन सेंटर पहुंचें और अपने साथ वैध फोटो पहचान पत्र रखें.
यह भी पढ़ें- खुशखबरी: नए कोमुरावेल्ली रेलवे स्टेशन पर रुकेंगी ये ट्रेनें, हैदराबाद से सीधी सेवा

