सावधान: शादी के डिजिटल कार्ड से खाली हो रहा है बैंक खाता, साइबर पुलिस की चेतावनी
हैदराबाद साइबर क्राइम पुलिस एडवायजरी जारी की. जानें कि इस नए स्कैम से खुद को और अपने परिवार को कैसे सुरक्षित रखें.


Published : May 25, 2026 at 10:38 PM IST
हैदराबादः अगर आपके व्हाट्सएप (WhatsApp) या मैसेज पर किसी की शादी का निमंत्रण (डिजिटल इनविटेशन कार्ड) आया है, तो सावधान हो जाएं. साइबर जालसाजों ने लोगों को ठगने का एक नया और खतरनाक तरीका निकाला है. हाल ही में हैदराबाद में एक आईटी कर्मचारी के साथ ऐसा ही हुआ, जहां शादी का कार्ड देखने के चक्कर में उनके बैंक खाते से लाखों रुपये उड़ा लिए गए. पीड़िता की शिकायत पर साइबर क्राइम पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है.
कैसे काम करता है यह साइबर फ्रॉड?
शादी के निमंत्रण से जुड़े ये लिंक Marriage invitation.APK या wedding card.APK के रूप में व्हाट्सएप, एसएमएस और सोशल मीडिया के जरिए आते हैं. कुछ मामलों में, जालसाज ऐसा भ्रम पैदा करते हैं जैसे कि ये मैसेज आपके रिश्तेदारों के नंबरों से ही आए हों. जब कोई शादी का कार्ड देखने की उत्सुकता में इस लिंक पर क्लिक करता है, तो फोन में एपीके (.APK) फाइल के रूप में एक ऐप डाउनलोड हो जाता है.
इसमें मौजूद मालवेयर (वायरस) के जरिए फोन का पर्सनल डेटा, कॉन्टैक्ट्स, फोटो और एसएमएस (SMS) हैकर्स के हाथों में पहुंच जाते हैं. इसी डेटा के दम पर बैंक खातों से सारा पैसा खाली किया जा रहा है.
खुद को सुरक्षित रखने के लिए क्या करें?
- संदिग्ध लिंक्स से बचें: संदेशों (मैसेज) के रूप में आने वाले किसी भी अनजान या संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें.
- फाइल का फॉर्मेट देखें: असली शादी का निमंत्रण हमेशा PDF या JPG (इमेज) फॉर्मेट में होता है. अगर आपको कोई .APK फाइल मिलती है, तो तुरंत समझ जाएं कि यह एक धोखा है.
- फोन करके सच्चाई जानें: यदि आपको रिश्तेदारों या दोस्तों के नाम और फोन नंबर से भी कोई .APK फाइल मिलती है, तो उन्हें तुरंत फोन करके सच्चाई का पता लगाएं कि क्या यह मैसेज उन्होंने ही भेजा है.
- आधिकारिक स्टोर का ही उपयोग करें: कोई भी ऐप हमेशा गूगल प्ले स्टोर और एप्पल ऐप स्टोर से ही डाउनलोड करें. बाहरी .APK फाइलों के जरिए ऐप्स कभी डाउनलोड न करें.
- सुरक्षा अपडेट: अपने फोन की सुरक्षा को समय-समय पर अपडेट करते रहें. फोन में एंटीवायरस और सुरक्षा ऐप्स जरूर डाउनलोड करें.
अगर आपने गलती से इसे डाउनलोड कर लिया है, तो तुरंत यह करें:
- इंटरनेट बंद करें: तुरंत अपने फोन का इंटरनेट (मोबाइल डेटा और वाई-फाई) बंद कर दें ताकि हैकर आपके फोन से डेटा न चुरा सके.
- ऐप डिलीट करें: उस संदिग्ध ऐप को तुरंत अपने फोन से अनइंस्टॉल (डिलीट) कर दें.
- पासवर्ड बदलें: अपने सभी जरूरी पासवर्ड और बैंक के पिन (PIN) नंबर तुरंत बदल दें. इसके साथ ही अपने बैंक लेन-देन (ट्रांजैक्शंस) की जांच करें.
- शिकायत दर्ज करें: राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल की वेबसाइट पर जाएं या उनके टोल-फ्री नंबर 1930 पर तुरंत इसकी शिकायत दर्ज कराएं.
"अपने फोन पर आने वाले संदिग्ध लिंक्स को लेकर सावधान रहें. लोग शादी के निमंत्रण के नाम पर एक एपीके (.APK) फाइल डाउनलोड कर रहे हैं, जिससे फोन में खतरनाक मालवेयर आ जाता है और फोन हैक करके जानकारी चोरी कर ली जाती है. जालसाज लोगों को शादी की बधाई देने या मुफ्त में नई फिल्म देखने का लालच देकर इस तरह की धोखाधड़ी कर रहे हैं. इन लिंक्स के पीछे छिपे खतरे को पहचानें. अनजान नंबरों से आने वाले संदेशों और लिंक्स का कोई जवाब न दें." - अरविंद बाबू, डीसीपी, हैदराबाद साइबर क्राइम
इसे भी पढ़ेंः

