जानिए कौन है मोस्टवांडेट विनय त्यागी? जिसे बदमाशों ने पुलिस हिरासत में दिनदहाड़े मारी गोली, गैंगवार की आशंका
हरिद्वार जिले के लक्सर कोतवाली क्षेत्र में आज दिनदहाड़े पुलिस हिरासत में मोस्टवांडेट त्यागी को बदमाशों ने गोली मारी.

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : December 24, 2025 at 7:21 PM IST
हरिद्वार: उत्तराखंड के हरिद्वार जिले में आज 24 दिसंबर को दिनदहाड़े बदमाशों ने बीच सड़क पर बड़ी वारदात को अंजाम दिया है. बाइक सवार बदमाशों ने लक्सर कोतवाली क्षेत्र में पुलिस की गाड़ी पर अंधाधुंध फायरिंग की. इस फायरिंग में पुलिस हिरासत में हार्डकोर क्रिमिनल विनय त्यागी को भी दो गोली लगी हैं. विनय त्यागी को पुलिस पेशी पर रुड़की से लक्सर ले जा रही थी, तभी बीच रास्ते में विनय त्यागी पर पुलिस हिरासत में ये हमला हुआ. आखिर कौन है, विनय त्यागी जिसे पुलिस हिरासत में गोली मारी गई है. इस घटना को गैंगवार के तौर पर भी देखा जा रहा है.
विनय त्यागी का आपराधिक इतिहास काफी पुरानी और खौफनाक है. विनय त्यागी मूल रूप से यूपी के मेरठ का रहने वाला है. विनय त्यागी पर हत्या के प्रयास, लूट, चोरी, रंगदारी और संगठित अपराध समेत कुल 59 मुकदमे दर्ज बताए जाते हैं. वह 17 सदस्यीय गिरोह का सरगना, जिसका नेटवर्क दिल्ली, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा और महाराष्ट्र तक फैला हुआ है.
चौंकाने वाली बात यह रही कि विनय त्यागी का गिरोह न तो हरिद्वार में और न ही उत्तराखंड में औपचारिक रूप से रजिस्टर्ड है. पुलिस सूत्रों के अनुसार उत्तराखंड में त्यागी अक्सर कुख्यात अपराधी सुनील राठी के नाम का इस्तेमाल कर अपनी गतिविधियां संचालित करता है, जिससे स्थानीय स्तर पर उसका प्रभाव और भय बना रहे.
त्यागी लग्जरी लाइफस्टाइल का शौकीन है. देहरादून में भी उसके पास महंगी लग्जरी कार मिलने की बात सामने आई हैं, जो उसके अवैध नेटवर्क और कमाई की ओर इशारा करती है. इसी साल अक्टूबर माह में देहरादून के एक चोरी के मामले में विनय त्यागी को गिरफ्तार किया गया था. जांच के दौरान उसके आपराधिक नेटवर्क के कई तार दूसरे राज्यों से भी जुड़े मिले.
16 वर्ष की उम्र में दोस्त पर किया कातिलाना हमला: बताया जा रहा है कि त्यागी ने 1980 के दशक में अपराध की दुनिया में कदम रखा था. महज 16 वर्ष की उम्र में उसने अपने ही दोस्त पर कातिलाना हमला कर दिया था, जिसके बाद से उसका आपराधिक ग्राफ लगातार बढ़ता चला गया. कई राज्यों में सक्रिय रहने के कारण त्यागी लंबे समय तक पुलिस के लिए चुनौती बना रहा. अलग-अलग नामों और नेटवर्क के सहारे वह कानून की पकड़ से बचता रहा, लेकिन हालिया कार्रवाइयों में उसके गिरोह की गतिविधियों पर शिकंजा कसता दिख रहा है. पुलिस अब उसके नेटवर्क से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश में दबिशें तेज कर रही है.
विनय त्यागी को रुड़की जेल से लक्सर कोर्ट में पेशी पर ले जाया जा रहा था. लक्सर में फ्लाईओवर पर गन्नोंके ट्रक की वजह से जाम लगा हुआ था. उसी को हटवाने के लिए पुलिस बल गाड़ी से नीचे उतारा था, तभी दो अज्ञात हमलावरों ने हमला किया, जिससे विनय त्यागी को गोली लगी है. हमलावरों की तलाश की जा रही है, जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
-प्रमेंद्र सिंह डोबाल, एसएसपी, हरिद्वार-
पुलिस हिरासत में जिस तरह से विनय त्यागी को गोली मारी गई है, उसे पुलिस खुद भी एक चैलेंज के तौर पर ले रही है. ये बात खुद हरिद्वार एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने कही. विनय त्यागी का आपराधिक इतिहास काफी लंबा है. गैगस्टर एक्ट में भी विनय त्यागी पर कार्रवाई हुई है. पूर्व में भी विनय त्यागी इनामी बदमाश रहा है. पुलिस विनय त्यागी की पुरानी रंजिशों को खंगाल रही है. पुलिस गैंगवार की घटना से भी इंकार नहीं कर रही है. फिलहाल पुलिस का कहना है कि वो तमाम एंगल से मामले की जांच में जुटी हुई है. इस हमले में पुलिसकर्मियों को हल्की चोटें आई है.
बताया जा रहा है कि बदमाश दो बाइक पर सवार होकर आए थे. बाइकें बिना नंबर प्लेट की थी. गोलीकांड को अंजाम देने के बाद दोनों पहले पैदल ही भागे और फ्लाईओवर पर कुछ दूर खड़ी बाइक पर सवार होकर फरार हो गए.
पढ़ें---

