ETV Bharat / bharat

NDA की बिहार जीत पर पीएम मोदी बोले- 'सुशासन और लोक कल्याण की भावना की जीत'

पीएम मोदी ने बिहार विधानसभा के चुनाव में एनडीए गठबंधन की बंपर जीत को सुशासन और लोक कल्याण की जीत बताया है.

pm NARENDRA MODI
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (ANI)
author img

By ETV Bharat Hindi Team

Published : November 14, 2025 at 7:09 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को बिहार विधानसभा चुनाव में राजग की शानदार जीत को सुशासन, विकास और लोक कल्याण एवं सामाजिक न्याय की भावना की जीत करार दिया. एक्स पर कई पोस्टों में मोदी ने भाजपा के गठबंधन सहयोगियों - बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, लोजपा-आरवी सुप्रीमो चिराग पासवान, हम नेता जीतन राम मांझी और आरएलएम प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा को भी बधाई दी.

मोदी ने कहा, "बिहार के मेरे परिवार के सदस्यों के प्रति हार्दिक आभार, जिन्होंने 2025 के विधानसभा चुनावों में एनडीए को ऐतिहासिक और अभूतपूर्व जीत का आशीर्वाद दिया है." प्रधानमंत्री ने कहा कि प्रचंड जनादेश एनडीए को लोगों की सेवा करने और बिहार के लिए नए संकल्प के साथ काम करने के लिए सशक्त करेगा.

भाजपा, जद (यू) और अन्य दलों वाला राजग 243 सदस्यीय सदन में 204 सीटों पर बढ़त बनाकर बिहार विधानसभा चुनाव में भारी जीत की ओर अग्रसर है. राजद, कांग्रेस और वामपंथी दलों का विपक्षी महागठबंधन 33 सीटों पर बढ़त हासिल करने में कामयाब हो सका, जो 2020 के चुनावों में मिली सीटों से 81 कम है.

मोदी ने कहा, "एनडीए ने राज्य का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित किया है। लोगों ने हमारे ट्रैक रिकॉर्ड और राज्य को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के हमारे विजन को देखते हुए हमें भारी बहुमत दिया है." उन्होंने कहा, "मैं इस शानदार जीत के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और हमारे एनडीए परिवार के सदस्यों चिराग पासवान, जीतन राम मांझी और उपेंद्र कुशवाहा को हार्दिक बधाई देता हूं."

प्रधानमंत्री ने एनडीए के प्रत्येक कार्यकर्ता को भी धन्यवाद दिया जिन्होंने अथक परिश्रम किया और सत्तारूढ़ गठबंधन के विकास एजेंडे को लोगों तक पहुंचाया. उन्होंने कहा, "मैं तहे दिल से उनकी सराहना करता हूं." मोदी ने कहा, "आने वाले समय में हम बिहार के विकास के लिए सक्रियता से काम करेंगे, यहां के बुनियादी ढांचे और राज्य की संस्कृति को नई पहचान देंगे. हम यह सुनिश्चित करेंगे कि यहां की युवा शक्ति और महिला शक्ति को समृद्ध जीवन के पर्याप्त अवसर मिलें."

पीएम मोदी ने उपचुनावों में भाजपा की जीत पर मतदाताओं का आभार जताया
वहीं पीएम मोदी ने विधानसभा उपचुनावों में भाजपा के उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित करने के लिए जम्मू-कश्मीर और ओडिशा के मतदाताओं का आभार व्यक्त किया. मोदी ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘मैं जम्मू-कश्मीर के नगरोटा और ओडिशा के नुआपाड़ा के लोगों को उपचुनावों में भाजपा को शानदार जीत दिलाने के लिए धन्यवाद देता हूं.’’

प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘नवनिर्वाचित विधायक देवयानी राणा और जय ढोलकिया को बधाई. जनता की सेवा के लिए उन्हें शुभकामनाएं. इन जीतों को सुनिश्चित करने के लिए चौबीसों घंटे काम करने वाले भाजपा कार्यकर्ताओं को बधाई.’’ देवयानी राणा ने नगरोटा उपचुनाव जीता. उनके पिता देवेंद्र सिंह राणा के निधन के कारण यहां उपचुनाव हुआ था. ओडिशा के नुआपाड़ा में भाजपा के जय ढोलकिया ने कांग्रेस के घासी राम माझी को 83,748 मतों के भारी अंतर से हराया.

ये भी पढ़ें- बिहार चुनाव रिजल्ट: एनडीए की जीत के बाद कांग्रेस का चुनाव आयोग पर निशाना, EC ने सूत्रों के हवाले से दी सफाई