वंदे भारत स्लीपर ट्रेन: स्वचालित दरवाजे, CCTV कैमरे, देखें कोच की शानदार डिजाइन
वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का उद्घाटन 17 या 18 जनवरी को हो सकता है. इसके लिए नई डिजाइन की बोगी तैयार की गई है.

Published : January 4, 2026 at 4:47 PM IST
नई दिल्ली: भारतीय रेलवे की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन बहुत जल्द पटरी पर दौड़ेगी. यह ट्रेन असम के गुवाहाटी और पश्चिम बंगाल के हावड़ा के बीच चलेगी. यह असम के कामरूप और बोंगाईगांव जिलों को जोड़ेगी. पश्चिम बंगाल में यह कूच बिहार, जलपाईगुड़ी, मालदा, मुर्शिदाबाद, पुरबा बर्धमान, हुगली और हावड़ा जिलों को जोड़ेगी.
वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का परीक्षण पूरा हो चुका है. इसी महीने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे. रेलवे को कमर्शियल ऑपरेशन के लिए सभी जरूरी मंजूरी मिल गई है. रेलवे ने 17-18 जनवरी को उद्घाटन की संभावित तारीखें बताई हैं.

वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का लुक एकदम अलग है. इसमें प्रीमियम स्लीपर ट्रेन राजधानी की तरह चौड़ी बर्थ हैं, जिससे यात्रियों को सोने में आराम मिलता है. बाहर से यह वंदे भारत चेयर कार जैसी दिखती है.
ट्रेन का बाहर का हिस्सा ग्रे और ऑरेंज है. लेकिन जब आप ट्रेन में अंदर घुसते हैं तो बड़ा फर्क महसूस होता है. ट्रेन के अंदर न्यूट्रल कलर पैलेट है. कोच में पीले, केसरिया, हाथीदांत और ग्रे रंग के शेड हैं. ये रंग पूरे रेलवे नेटवर्क में बहुत कम दिखते हैं.

वंदे भारत स्लीपर में तीन श्रेणी हैं- 3AC, 2AC और 1AC. कुछ सुविधाएं सभी क्लास में एक जैसी हैं, जैसे- हर यात्री के लिए खास चार्जिंग पॉइंट, बॉटल होल्डर, रीडिंग लाइट और सभी खिड़कियों के लिए ब्लाइंड्स. इस ट्रेन में ऑटोमैटिक दरवाजे हैं. सीढ़ियों और सीटों को बेहतर कुशनिंग के साथ सुविधाजनक बनाया गया है.

तीनों श्रेणी के टॉयलेट लगभग एक जैसे हैं. हालांकि, नियमित ट्रेनों की तुलना में, इन टॉयलेट में ज्यादा जगह और बेहतर डिजाइन है. हर टॉयलेट में कोच के अंदर और टॉयलेट के दरवाजे के बाहर उपयोग संकेतक (Occupancy Indicator) लगा है.

वंदे भारत स्लीपर में 16 कोच हैं जिनकी कुल यात्री क्षमता 823 है. इसमें 11 3AC कोच हैं जिनकी कुल यात्री क्षमता 611 है. ट्रेन में चार 2AC कोच हैं जिनकी कुल यात्री क्षमता 188 है, और एक फर्स्ट AC कोच है जिसमें 24 यात्री सवार होंगे. 3AC के लिए टिकट की अनुमानित कीमत 2,300 रुपये, 2AC के लिए 3,000 रुपये और फर्स्ट AC के लिए 3,600 रुपये हो सकती है.
नए सस्पेंशन के साथ पूरी तरह नई डिजाइन की बोगी तैयार की गई है। डिजाइन के पैरामीटर्स को एक नए स्तर पर ले जाया गया है। इसकी एर्गोनॉमिक डिजाइन वाले इंटीरियर्स और लैडर्स- हर जगह सेफ्टी और सिक्योरिटी के लिए विशेष पैरामीटर्स रखे गए हैं: माननीय रेल मंत्री श्री @AshwiniVaishnaw जी pic.twitter.com/K2bKvAhNuB
— Ministry of Railways (@RailMinIndia) January 1, 2026
वंदे भारत स्लीपर ट्रेन की खूबियां
- सभी कोचों में सीसीटीवी कैमरे
- स्पीड 180 किमी प्रति घंटा तक
- सेमी-हाई-स्पीड ट्रेन
- बेहतर तकिए के साथ एर्गोनॉमिक रूप से डिजाइन बर्थ
- प्रवेश द्वारों सहित स्वचालित दरवाजे
- बेहतर सस्पेंशन और शोर कम करने की क्षमता
- कवच तकनीक से लैस
- उच्च स्वच्छता बनाए रखने के लिए कीटाणुनाशक तकनीक
- उन्नत नियंत्रण और सुरक्षा प्रणालियों से सुसज्जित ड्राइवर केबिन
- स्वचालित बाहरी यात्री दरवाजे
- आपातकालीन स्थिति में संचार के लिए टॉक-बैक यूनिट
वंदे भारत स्लीपर ट्रेन सेमी-हाई-स्पीड श्रेणी में आती है, जिसकी डिजाइन स्पीड 180 किमी प्रति घंटा तक है. उच्च स्तर की स्वच्छता और सफाई के लिए यह एक यूनिक डिसइंफेक्टेंट टेक्नोलॉजी से लैस है. ट्रेन में कवच और एक इमरजेंसी टॉक-बैक सिस्टम भी लगा है.
यह भी पढ़ें- रेलवे की सराहनीय पहल, ट्रेन पकड़ना होगा आसान

