वाल्मीकि समाज के 52 लोगों का जत्था दिल्ली से राम मंदिर पहुंचा, सर्वधर्म समभाव का संदेश दिया
विश्व हिंदू परिषद के कार्यकारी अध्यक्ष आलोक कुमार ने कहा, दिल्ली से वाल्मिकी समाज के लोगों का जत्था शनिवार को रामलला के दर्शन करने पहुंचा.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : January 10, 2026 at 4:33 PM IST
अयोध्या: राम जन्मभूमि पर मंदिर में रामलला और प्रथम तल पर माता सीता के साथ राजाराम विराजमान होने के बाद से श्रद्धालु उपहार देने के लिए पहुंच रहे है. शनिवार को वाल्मीकि समाज के 52 लोगों का जत्था दिल्ली से चलकर अयोध्या में राम मंदिर पहुंचा.
ट्रस्ट ने चंदन और पुष्प से स्वागत किया: राम मंदिर में दर्शन के लिए जा रहे वाल्मीकि समाज के भक्तों का ट्रस्ट ने चंदन और पुष्प से स्वागत किया. भक्तों ने राम मंदिर में दर्शन पूजन कर माता जानकी के लिए सोने का नथ, भगवान राम, लक्ष्मण, हनुमान जी, महर्षि वाल्मीकि जी के लिए चांदी के 5 मुकुट, भगवान श्री राम और वाल्मीकि जी के लिए दो चांदी के छत्र, हनुमान जी के लिए चांदी का गदा और वाल्मीकि जी के चांदी से बनी रामायण और पेन भी मंदिर प्रशासन को सौंपा.
वाल्मीकि समाज सनातन धर्म का अभिन्न अंग: जत्थे के साथ विश्व हिंदू परिषद के कार्यकारी अध्यक्ष आलोक कुमार भी मौजूद थे. वाल्मिकी सरपंच समाज दिल्ली के सरपंच शरद सागवानी ने कहा कि वाल्मीकि समाज के 52 लोगों की एक जत्था रामलला और गुरु महर्षि वाल्मीकि जी के दर्शन करने के लिए अयोध्या पहुंचा है. वाल्मीकि समाज सनातन धर्म में एक अमूल्य अंग है.
सर्वधर्म समभाव का संदेश देने की कोशिश: सरपंच शरद सागवानी ने कहा कि इस यात्रा के माध्यम से समाज को संदेश देने की कोशिश की जा रही है कि कि सनातन धर्म में कोई जाति-पात नहीं है. सब एक ही है. सभी समाज एक है. वह भगवान राम, माता जानकी समेत अन्य देवताओं के लिए वस्त्र और आभूषण लेकर आए हैं.
वाल्मीकि जी ने भगवान राम से दुनिया का परिचय कराया: विश्व हिंदू परिषद के कार्यकारी अध्यक्ष आलोक कुमार ने कहा कि दिल्ली में रहने वाले वाल्मिकी समाज के लोग रामलला के दर्शन के लिए आये हैं. वह सभी सामूहिक रूप से रामलला, राजाराम, हनुमान जी और वाल्मीकि जी के दर्शन करने पहुंचे है.
उन्होंने कहा कि वाल्मीकि जी ने ही दुनिया को भगवान श्री राम से परिचय कराया है. एक चौपाई का व्याख्यान करते हुए उन्होंने कहा कि गुरु गोविंद दोउ खड़े, काके लागूं पाय. बलिहारी गुरु आपने गोविंद दियो दिखाए.
यह भी पढ़ें- यूपी पुलिस अब डिजिटल सुपरकॉप, क्रिमिनल की घेराबंदी भी हाईटेक

