रुद्रप्रयाग: मद्महेश्वर क्षेत्र में टूटी चट्टान, मोरखण्डा नदी का जलस्तर बढ़ा, प्रशासन अलर्ट
मद्महेश्वर क्षेत्र में चट्टान टूटने से बड़ी मात्रा में मलबा और पत्थर मोरखण्डा नदी में गिरे, जिससे अचानक नदी का प्रवाह बढ़ गया.

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : September 2, 2026 at 8:05 PM IST
रुद्रप्रयाग: जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच मद्महेश्वर क्षेत्र से बुधवार शाम एक महत्वपूर्ण सूचना सामने आने के बाद जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन तंत्र अलर्ट हो गया है. दो सितंबर 2026 को शाम 6:03 बजे डीडीआरएफ टीम मद्महेश्वर ने जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र को सूचना दी कि बन्दतोली के पास बारिश के कारण चट्टान का एक हिस्सा टूट गया है. इसके चलते मोरखण्डा नदी में मलबा और पत्थर आने से नदी का जलस्तर बढ़ गया है.
मोरखण्डा नदी में अचानक मलबा और पत्थर आने की सूचना के बाद प्रशासन ने संभावित परिस्थितियों को देखते हुए मंदाकिनी नदी के जलस्तर में भी वृद्धि की आशंका को लेकर संबंधित विभागों व स्थानीय निकायों को सतर्क कर दिया है.
रुद्रप्रयाग में चट्टान टूटने से मोरखंडा नदी में आया भारी मलबा#uttarakhand #madmaheshwar #rudraprayag
— ETVBharat Uttarakhand (@ETVBharatUK) September 2, 2026
पूरी खबर का लिंक---https://t.co/NrexNqTYC9 pic.twitter.com/sjyg8izcvU
जल विद्युत परियोजना को भी दी गई सूचना: घटना की सूचना मिलते ही जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने तत्काल स्थिति का संज्ञान लेते हुए रिन्यू जल विद्युत परियोजना कुण्ड के अधिकारियों को नदी की स्थिति से अवगत कराया. प्रशासन द्वारा नदी के जलस्तर और संभावित प्रभावों पर लगातार नजर रखी जा रही है.
रुद्रप्रयाग, तिलवाड़ा, अगस्त्यमुनि और ऊखीमठ में अलर्ट: आमजन की सुरक्षा और किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र रुद्रप्रयाग ने नगर पालिका परिषद रुद्रप्रयाग के साथ ही नगर पंचायत तिलवाड़ा, अगस्त्यमुनि व ऊखीमठ के अधिशासी अधिकारियों को भी सूचना से अवगत कराया है.
⚠️ सावधानी अपील
— DM Rudraprayag (@DmRudraprayag) September 2, 2026
बनतोली के समीप चट्टान टूटने से मोरखण्डा नदी का जलस्तर बढ़ा है। मंदाकिनी नदी के जलस्तर में भी वृद्धि की संभावना को देखते हुए नदी-नालों के किनारे जाने से बचें एवं सतर्क रहें।
सुरक्षित रहें, प्रशासन के निर्देशों का पालन करें।#Rudraprayag #SafetyAlert pic.twitter.com/skxCeMhmWG
संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नदी किनारे व अन्य संवेदनशील स्थानों पर निवासरत और आवागमन करने वाले लोगों को लाउडस्पीकर के माध्यम से तत्काल सतर्क करने के निर्देश दिए गए हैं. साथ ही लोगों को नदी के किनारे नहीं जाने और आवश्यक सावधानी बरतने के लिए जागरूक करने को कहा गया है.
नदी किनारे जाने से बचें, प्रशासन की अपील: प्रशासन ने बारिश और नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए आमजन से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है. लोगों से कहा गया है कि वे नदी-नालों के किनारे न जाएं और अनावश्यक रूप से संवेदनशील क्षेत्रों में आवागमन से बचें.
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नदी के जलस्तर में वृद्धि की स्थिति में लोग तत्काल सुरक्षित स्थानों की ओर जाएं. प्रशासन एवं आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से जारी होने वाले दिशा-निर्देशों का पालन करें।बारिश के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और केवल प्रशासन की आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करें।प्रशासन की अपील है कि सतर्क रहें, सुरक्षित रहें और नदी के आसपास अनावश्यक रूप से जाने से बचें.
पढ़ें---

