दो दिन में दो आत्महत्या : सीपीटी सेकंड ईयर के छात्र ने दी जान, कमरे से बदबू आने पर पता चला
2 दिन में इस प्राइवेट यूनिवर्सिटी के दो छात्रों की मौत हो चुकी है.

Published : August 27, 2026 at 11:21 AM IST
जयपुर : जिले के चंदवाजी इलाके में एक प्राइवेट यूनिवर्सिटी के छात्र ने हॉस्टल के कमरे में आत्महत्या कर ली. बुधवार देर रात को कमरे से बदबू आने पर अन्य छात्रों ने पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही चंदवाजी थाना पुलिस मौके पर पहुंची तो घटना का पता चला. मृतक छात्र की पहचान मथुरा उत्तर प्रदेश निवासी मोहित सैनी के रूप में हुई है. मोहित सीपीटी सेकंड ईयर का स्टूडेंट था. 2 दिन में इस प्राइवेट यूनिवर्सिटी के दो छात्रों की मौत हो चुकी है. मंगलवार 25 अगस्त को भी एक बीटेक स्टूडेंट ने जान दे दी थी.
चंदवाजी थाना अधिकारी राजबीर सिंह के मुताबिक बुधवार रात को सूचना मिली थी कि निम्स यूनिवर्सिटी के सामने सनराइज हॉस्टल में एक कमरे से बदबू आ रही है. सूचना मिलती पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने हॉस्टल के कमरे को खुलवाकर चेक किया तो शव फंदे से लटका हुआ था. अंदेशा जताया जा रहा है कि घटना एक-दो दिन पहले की है, क्योंकि शव से बदबू आ रही थी. शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में भिजवाया गया है.
स्टूडेंट के आत्महत्या करने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है. पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है. हॉस्टल में रहने वाले अन्य छात्रों से भी पूछताछ करके मामले में जानकारी जुटाने का प्रयास किया जा रहा है. छात्र के सुसाइड करने के कारणों के बारे में पता लगाया जा रहा है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है.
एक दिन पहले भी आत्महत्या : जयपुर के चंदवाजी थाना इलाके में दो दिन में दो छात्रों के सुसाइड करने के मामले सामने आ चुके हैं. मंगलवार रात को प्राइवेट यूनिवर्सिटी में बीटेक फर्स्ट ईयर के छात्र ने जान दे दी थी. मृतक छात्र की पहचान लखनऊ उत्तर प्रदेश निवासी 18 वर्षीय आदित्य तिवारी के रूप में हुई थी. वो हॉस्टल में अपने दो अन्य स्टूडेंट साथियों के साथ रहता था. घटना से 2 दिन पहले से पढ़ाई के लिए कॉलेज भी नहीं जा रहा था. हालांकि, आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है.

