ओमान मिसाइल अटैक में बिहार के जांबाज कैप्टन आशीष कुमार लापता, पापा के इंतजार में 5 साल का दक्ष
ओमान की खाड़ी में 1 मार्च को तेल टैंकर 'Skylight' पर हुए मिसाइल हमले के बाद बिहार के कैप्टन आशीष कुमार लापता हैं. पढ़ें

Published : March 3, 2026 at 7:01 PM IST
रिपोर्ट : जितेन्द्र कुमार
बेतिया: अमेरिका और इजराइल द्वारा ईरान पर संयुक्त हमले के बीच पश्चिम चंपारण के एक परिवार की नींद उड़ गई है. मध्य पूर्व में जारी युद्ध के बीच ओमान की खाड़ी में खड़े तेल टैंकर Skylight पर 1 मार्च 2026 को मिसाइल हमला हुआ था. इस हमले के बाद जहाज के कप्तान, बिहार के बेतिया निवासी कैप्टन आशीष कुमार लापता हो गए हैं.
अबतक नहीं मिला सुराग: जहाज खासब तट के पास बंकर पर खड़ा था. हमले के बाद अधिकतर चालक दल को सुरक्षित निकाल लिया गया, लेकिन कप्तान आशीष कुमार समेत दो लोग अब भी लापता हैं. परिवार ने भारतीय दूतावास, ओमान से संपर्क किया है, पर अब तक कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिली है.
बेतिया के कैप्टन आशीष कुमार लापता: आशीष कुमार मर्चेंट नेवी में बतौर कप्तान के पद पर हैं. उनका अभी तक कुछ भी पता नहीं चला है. अनहोनी की आशंका को लेकर परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है. परिवार वाले आशीष का इंतजार कर रहे हैं और सरकार से विनती कर रहे हैं कि जिस तरह से हमारा बेटा गया था, उसी तरह वापस लाया जाए. लापता आशीष के भाई आकाश ने बताया कि भैया ने 20 जनवरी 2026 को मर्चेंट नेवी ज्वाइन किया था.

"सबसे पहली जॉइनिंग उनकी दुबई में हुई थी. 22 फरवरी को उन्होंने ओमान जाने वाली स्काईलाइट बोट ज्वाइन किया था, जिसका IMO नंबर-9330020 था. इसी बोट पर मेरे बड़े आशीष बतौर कप्तान तैनात थे. इसी ऑयल टैंकर पर ईरान की मिसाइल ने हमला किया था."- आकाश कुमार, कैप्टन आशीष के भाई

हमारा बेटा जैसे गया था, वैसे ही वापस लाया जाए: आशीष का पूरा परिवार सरकार से हाथ जोड़कर विनती कर रहा है कि जिस हाल में उनका बेटा-भाई गया था, उसे उसी हालत में वापस भारत लाया जाए. आशीष के भाई ने बताया कि उन्हें रविवार को सोशल मीडिया के माध्यम जानकारी मिली कि ओमान में एक तेल टैंकर पर हमला हुआ है.
कुल तीन लोग हैं लापता: उन्होंने उसके बाद एंबेसी से संपर्क किया, जहां से उन्हें जनकारी मिली कि जिस तेल टैंकर पर हमला हुआ है. उसी बोट पर उनके बड़े भाई आशीष भी मजूद थे. उन्होंने बताया की बोट पर कुल 20 लोग सवार थे, जिसमें से 17 लोगों का पता चल गया हैं. लेकिन अभी तक तीन लोग लापता हैं, जिसमें मेरे बड़े भाई आशीष कुमार भी हैं.
ऑयल टैंकर में अभी भी लगी है आग: बेतिया बीजेपी सांसद डॉ. संजय जायसवाल ने बताया कि 2 मार्च की दोपहर में पता चला कि बेतिया के कैप्टन आशिष कुमार भी उस ऑयल टैंकर में थे, जिसपर ईरान की मिसाइल ने हमला किया था. कल से ओमान एवं माननीय विदेश राज्यमंत्री कीर्तिवर्धन सिंह से लगातार संपर्क में हूं. उस ऑयल टैंकर में अभी भी आग लगी हुई है और इसलिए भीतर जाना संभव नहीं हो पा रहा है.
"भारत सरकार लगातार सभी स्थितियों पर नजर बनाए हुए है. सभी देशों में हमारे दूतावास चौबीसों घंटे भारतीयों की सुरक्षा एवं उनमें से जो स्वदेश वापस आना चाहें, उनकी व्यवस्था करने के लिए तत्पर है."- डॉ. संजय जायसवाल, बीजेपी सांसद
दरवाजे पर टिकी आंखें: बता दें कि ओमान की खाड़ी में तेल टैंकर में हुए हमले में तीन भारतीयों की मौत हो गई है, जिसमे बेतिया निवासी कैप्टन आशीष कुमार लापाता बताए जा रहे हैं. आशीष कुमार तीन भाइयों में सबसे बड़े भाई हैं. पिता अशोक कुमार पेशे से वकील हैं. पूरे परिवार की नजर बेटे के इंतजार में हैं और नजरें दरवाजे पर टिकी है.

5 साल का बेटा कर रहा पापा का इंतजार: आशीष कुमार की मां सुनीता देवी गृहणी है. पत्नी अंशु कुमारी का रो- रोकर बुरा हाल है. आशीष का एक 5 वर्षीय बेटा दक्ष है, जो अपने पापा का इंतजार कर रहा है. पूरा परिवार पूरी तरह से टूट गया है.
बता दें कि इजराइल-ईरान के हमले का मंगलवार को चौथा दिन है. इस युद्ध का चौतरफा दुष्परिणाम हो रहा है. मिडिल ईस्ट में हाहाकार मचा है. हवाई जहाज, तेल की कीमतों और अन्य दूसरे क्षेत्रों पर बड़े पैमाने पर असर पड़ा है. इस हमले से भारत भी प्रभावित हुआ है. ईरान के सुप्रीम लीडर आयातुल्ला अली खामनेई की मौत के बाद ईरान और पश्चिमी ताकतों के बीच सैन्य संघर्ष तेज हो गया है.
ये भी पढ़ें
इजराइल-ईरान युद्ध का असर दो क्रिकेट टीमों पर भी, टी20 वर्ल्ड कप खेलने आए थे भारत

