Netra weds Vamsi : संगीत नाइट में नोरा फतेही की परफॉर्मेंस से पारा हुआ 'हाई', दूल्हा-दुल्हन भी थिरके
उदयपुर में शनिवार को मंटेना और गडिराजू की मेहंदी और संगीत का कार्यक्रम हुआ.

Published : November 23, 2025 at 10:53 AM IST
उदयपुर : लेकसिटी उदयपुर इन दिनों दुनिया की सबसे चर्चित शाही शादी की मेजबानी कर रहा है. अमेरिकी अरबपति बिजनेसमैन रामा राजू मंटेना की बेटी नेत्रा मंटेना एलिजाबेथ और अमेरिकी मूल के वामसी गडिराजू का तीन दिवसीय विवाह समारोह देश-दुनिया की सुर्खियों में बना हुआ है. हर दिन बॉलीवुड, हॉलीवुड और अंतरराष्ट्रीय कलाकारों की प्रस्तुतियों ने इस ग्रैंड वेडिंग को और शानदार बना दिया है.
आज होगी शाही शादी : आज रविवार को शादी होगी. पिछोला झील के बीच में बने आइलैंड जग मंदिर में दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक शादी की परंपराएं होंगी. जग मंदिर में करीब 100 फीट का मंडप बनाया गया है. मंडप का पैटर्न शाही छतरी के बेस पर रखा गया है. मंडल की थीम दुल्हा-दुल्हन की पसंद से वाइट एंड गोल्डन रखी गई है. शादी की सजावट के लिए कई देशों के स्पेशल फूल और पत्ते भी मंगवाए गए हैं. शाम को 7:30 बजे बाद सिटी पैलेस के जनाना महल में रिसेप्शन होगा. होटल लीला और लेक पैलेस से मेहमानों को नाव से जग मंदिर ले जाया जाएगा.
पढ़ें. उदयपुर में शाही शादी की धूम : संगीत नाइट में लगा बॉलीवुड का तड़का, पॉपस्टार जेनिफर लोपेज भी पहुंची
नोरा फतेही की एनर्जेटिक परफॉर्मेंस : शनिवार की रात सिटी पैलेस के माणक चौक में आयोजित संगीत समारोह ने पूरे माहौल को उत्सव में बदल दिया. कार्यक्रम की एंकरिंग बॉलीवुड अभिनेत्री दिया मिर्जा ने की. रात 9 बजे शो की शुरुआत नोरा फतेही की एनर्जेटिक परफॉर्मेंस से हुई. उनके डांस मूव्स ने देसी-विदेशी मेहमानों को झूमने पर मजबूर कर दिया. दूल्हा-दुल्हन भी खुद को थिरकने से रोक नहीं पाए.
इसके बाद फ्रांस के मशहूर सर्क डू सोलेइल सर्कस समूह ने रोमांच को नई ऊंचाइयों पर पहुंचा दिया. 30 से अधिक विदेशी कलाकारों ने हवा में उड़ते बुलून्स, रिंग्स और तेज़ घूमते पहियों पर दिल दहला देने वाले करतब दिखाए. कार्यक्रम का समापन माधुरी दीक्षित की शानदार प्रस्तुति के साथ हुआ, जिसने समारोह में चार चांद लगा दिए.
पढ़ें. उदयपुर में शाही शादी: राजू मंटेना की बेटी नेत्रा की रॉयल वेडिंग में सितारों की चमक, निकली रॉयल बारात
शनिवार को निकली बारात : शनिवार को शाम 4 बजे दूल्हा पक्ष पाल जेटी से रवाना होकर रामेश्वर घाट के रास्ते सिटी पैलेस पहुंचे, जहां नेत्रा के परिजनों ने अगवानी की इसके बाद भोज और रात 8:30 बजे से मेहंदी की रस्म आयोजित हुई. देर रात ताज लेक पैलेस और लीला होटल में दो अलग-अलग आफ्टर पार्टियां भी हुईं.
शाही शादी में आज ही होंगे आयोजन : रविवार को विवाह की मुख्य रस्में जग मंदिर पैलेस में सुबह 9 से दोपहर 3:30 बजे तक होंगी. सुबह 5 से 7 बजे तक फतेह प्रकाश पैलेस में पूजन की रस्में होंगी. रात में जनाना महल में ग्रैंड आफ्टर पार्टी होगी, जिसमें इंटरनेशनल सुपरस्टार जेनिफर लोपेज परफॉर्मेंस देंगी. इसके अलावा डीजे ब्लैक कॉफी, डीजे गणेश और कई बॉलीवुड व पंजाबी कलाकार भी माहौल को और रंगीन बनाएंगे. उदयपुर एयरपोर्ट पर भी इस शाही शादी का असर दिखाई दे रहा है. तीन दिनों में 70 से अधिक चार्टर प्लेन यहां उतर चुके हैं और संख्या 100 पार होने की उम्मीद है. सुरक्षा के कड़े इंतजामों के बीच यह वेडिंग शहर में चर्चा का केंद्र बनी हुई है.

