गया एयरपोर्ट पर फर्जी पासपोर्ट से बैंकॉक जाने की कोशिश, यूपी का युवक गिरफ्तार
गया एयरपोर्ट पर फर्जी पासपोर्ट के साथ बैंकॉक जाने की कोशिश में यूपी का युवक गिरफ्तार. पहले भी फर्जी दस्तावेज से थाईलैंड जा चुका था.

Published : December 21, 2025 at 2:29 PM IST
गया: बिहार के गया अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर फर्जी पासपोर्ट के साथ बैंकॉक जाने की फिराक में एक युवक को इमिग्रेशन अधिकारियों ने पकड़ा. आरोपी की पहचान उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के निवासी राजेश्वर शाही के रूप में हुई है. वह शुक्रवार को एयरपोर्ट पहुंचा था, लेकिन इमिग्रेशन चेकिंग के दौरान उसका पासपोर्ट फर्जी पाया गया.
पहले भी थाईलैंड जा चुका फर्जी दस्तावेज से: पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपी इसी फर्जी पासपोर्ट के जरिए पहले भी थाईलैंड जा चुका है. वह वहां एक कपड़े की दुकान में काम करता था. पुलिस अब उसके अन्य संबंधों और फर्जी पासपोर्ट बनाने वाले नेटवर्क की जांच कर रही है.
कोर्ट से जेल भेजा गया: पुलिस ने राजेश्वर शाही को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया. बैंकॉक जाने का सपना देखकर गया एयरपोर्ट पहुंचा युवक अब गया सेंट्रल जेल में बंद है.
एयरपोर्ट अधिकारियों को नहीं दी गई सूचना: इस मामले में इमिग्रेशन विभाग की लापरवाही भी सामने आई. इमिग्रेशन टीम ने युवक को रोकने के बाद एयरपोर्ट डायरेक्टर अवधेश कुमार और सीआईएसएफ अधिकारियों को सूचना नहीं दी. पुलिस के एयरपोर्ट पहुंचने पर ही उन्हें पता चला. डायरेक्टर ने कहा कि वे इमिग्रेशन विभाग से इस बारे में बात कर रहे हैं.
समन्वय की कमी पर सवाल: आपसी समन्वय की कमी उजागर होने से एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं. इमिग्रेशन ने शाम को पुलिस को सौंपा, लेकिन दिनभर एयरपोर्ट प्रशासन अनभिज्ञ रहा.
पुलिस पूछताछ में खुलासे: मगध मेडिकल थाना पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की. थाना अध्यक्ष कृष्ण कुमार ने बताया कि राजेश्वर शाही ने कबूल किया कि उसका मूल पासपोर्ट नवीकरण न होने के कारण रद्द हो गया था. वैध तरीके से नया पासपोर्ट बनवाने के बजाय उसने देवरिया में ही फर्जी पासपोर्ट तैयार करवाया.
“एक यूपी का युवक फर्जी पासपोर्ट के सहारे बैंकॉक जाने की फिराक था. इस मामले में मगध मेडिकल थाना में केस दर्ज किया गया और युवक को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेजा गया है.”-कृष्ण कुमार, थानाध्यक्ष
क्या गया एयरपोर्ट फर्जी यात्रियों का सुरक्षित रास्ता?: इस घटना के बाद गया एयरपोर्ट की सुरक्षा पर फिर सवाल खड़े हो गए हैं. इससे पहले नवंबर में तीन दिनों में 19 अवैध यात्रियों को रोका गया था, जिनमें 12 कंबोडिया के थे. कई अन्य देशों के यात्री भी पकड़े गए. लोगों का मानना है कि बेहतर समन्वय और सतर्कता जरूरी है ताकि ऐसे मामले न दोहराएं.
ये भी पढ़ें-
बिहार में 7 विदेशी महिला एक्सपायर वीजा से दाखिल, गया एयरपोर्ट पर सख्ती
12 कंबोडियाई यात्रियों को गया एयरपोर्ट पर रोका गया, चार्टर्ड विमान से बिना वीजा के पहुंचे थे

