100 देशों के 34 करोड़ बच्चों पर अल-नीनो का बड़ा संकट; सामान्य से 4.51 लाख ज्यादा मौतों का अलर्ट
यूनिसेफ की रिपोर्ट, एशिया-प्रशांत क्षेत्र के सबसे ज्यादा 19 करोड़ बच्चों पर सूखा-बाढ़ और कुपोषण का खतरा, 3.7 डिग्री तक बढ़ेगा समुद्र का तापमान.

Published : October 10, 2026 at 5:08 PM IST
हैदराबाद : EB Prime Team : UNICEF El Nino Impact : मौसम विज्ञान संगठन के अनुसार दुनिया के कई देश साल 1950 के बाद सबसे शक्तिशाली अल-नीनो का सामना कर रहे हैं. इससे मौसम चक्र पूरी तरह बिगड़ चुका है. इसके कई इंपैक्ट भी नजर आने लगे हैं. वहीं अब यूनिसेफ ने भी अपनी ताजा रिपोर्ट में साल 2026-2027 के मौसम के विनाशकारी होने की बात कही है. इससे विश्व के 34.7 करोड़ बच्चों पर सूखा, बाढ़ और भुखमरी का गंभीर संकट रहेगा.
यूनिसेफ के अनुसार दुनिया के 100 देशों के बच्चे साल 2026-2027 में कई मौसमी मुसीबतों का सामना करेंगे. इस दौरान का एल-नीनो इतिहास के सबसे विनाशकारी पैटर्न में से एक बन सकता है. इस संकट का सबसे घातक इंपैक्ट एशिया और प्रशांत क्षेत्र पर पड़ेगा. भारत भी इसी क्षेत्र का हिस्सा है. इस क्षेत्र के करीब 19 करोड़ बच्चों को कई दुश्वारियों का सामना करना पड़ेगा.
मौसम की बिगड़ी चाल का असर समुद्र के तापमान पर भी देखने को मिल रहा है. इसकी वजह से प्रशांत महासागर के मध्य और पूर्वी हिस्से में समुद्री तापमान सामान्य से 3.4°C अधिक रिकॉर्ड किया गया है. मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार साल 2026 के अंत तक अल-नीनो अपने चरम पर रह सकता है. इसकी वजह से आने वाले समय में तापमान भी सामान्य से ज्यादा स्तर पर पहुंच सकता है.
कहीं बाढ़ तो कहीं सूखे का गंभीर खतरा : यूनिसेफ की रिपोर्ट के अनुसार बार-बार मौसम में आ रही गड़बड़ी से समुद्री तापमान में इजाफा होता है. अल-नीनो दुनियाभर के मौसम के सिस्टम को बिगाड़ देता है. साल 2026-27 का अल-नीनो अब तक के सबसे मजबूत अल-नीनो में से एक हो सकता है. इससे मौसमी घटनाएं बढ़ेंगी. कहीं लोगों को बाढ़ का सामना करना पड़ेगा तो कहीं ज्यादा सूखे का संकट रह सकता है.
बढ़ सकता है कुपोषण, बंद हो सकते हैं स्कूल : UNICEF की एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर कैथरीन रसेल के अनुसार अक्टूबर से लेकर दिसंबर 2026 तक बच्चों पर अल-नीनो का बड़ा प्रभाव देखने को मिल सकता है. मौसम के पैटर्न में भयंकर बदलाव के कारण वे कुपोषण के शिकार हो सकते हैं. बीमारियां फैल सकती हैं. स्कूल भी बंद हो सकते हैं. दुनिया के करीब 34.7 करोड़ बच्चे ऐसे इलाकों में रहते हैं, जहां सूखा और बाढ़ का खतरा है. ऐसे बच्चों और परिवारों की सुरक्षा के लिए अभी से जरूरी कदम उठाने होंगे.

परिवारों को झेलनी पड़ेगी ज्यादा आर्थिक तंगी : UNICEF (United Nations Children's Fund) की रिपोर्ट के अनुसार बच्चों पर तो अल-नीनो का बड़ा इंपैक्ट पड़ेगा ही साथ ही उनके परिवारों को भी कई मुसीबत झेलनी पड़ेगी. वे बेघर हो सकते हैं. उन्हें अपना पुश्तैनी ठिकाना छोड़कर दूसरे जगहों पर जाना पड़ सकता है. ऐसे परिवारों को पहले से ज्यादा आर्थिक तंगी का भी सामना करना पड़ेगा. बच्चे और परिवार के लोगों को पेयजल संकट से जूझना पड़ सकता है.
एशिया-प्रशांत क्षेत्र के 19 करोड़ बच्चों पर बड़ा असर : रिपोर्ट के अनुसार एशिया और प्रशांत क्षेत्र जिसमें भारत, चीन, जापान, पाकिस्तान, बांग्लादेश, श्रीलंका आदि देश आते हैं, वहां के करीब 19 करोड़ बच्चों पर ताकतवर अल-नीनो का बड़ा असर देखने को मिलेगा. यानी यह क्षेत्र जलवायु संकट का सबसे बड़ा शिकार बनेगा. पूर्वी व दक्षिणी अफ्रीका और लैटिन अमेरिका व कैरिबियन देशों के भी 4.1-4.1 करोड़ बच्चे प्रभावित होंगे. यूरोप और मध्य एशिया में 2.2 करोड़, मध्य पूर्व व उत्तरी अफ्रीका में 2 करोड़ और पश्चिमी व मध्य अफ्रीका में भी 2 करोड़ बच्चों पर खराब मौसम का असर दिखेगा.
इन देशों के बच्चों के लिए हो सकता है पेयजल संकट : यूनिसेफ की रिपोर्ट के अनुसार कोलंबिया, फिजी, पापुआ न्यू गिनी और फिलीपींस में मौसम के बिगड़े चक्र के कारण बच्चों को सूखे का सामना करना पड़ सकता है. इससे उनके सामने पीने के पानी का संकट गहरा सकता है. ऐसे देशों में फसलें बर्बाद हो सकती हैं. ऐसी स्थिति में पेटभर खाना न मिलने पर इन देशों में रहने वाले बच्चों को गंभीर कुपोषण से परेशान होना पड़ सकता है.
सोमालिया में बहुत ज्यादा बारिश से परेशान रहेंगे बच्चे : यूनिसेफ की रिपोर्ट के अनुसार पूर्वी अफ्रीका के ग्रेटर हॉर्न ऑफ अफ्रीका क्षेत्र के सोमालिया में सामान्य से बहुत ज्यादा बारिश से बच्चे परेशान रहेंगे. लगातार और तेज बारिश से वहां की नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ेगा. इससे वहां भयंकर बाढ़ आ सकती है. गंदे पानी के कारण बच्चों में डायरिया और हैजा की समस्याएं काफी बढ़ जाएंगी. स्कूल में पानी भर जाने या इमारतों के गिर जाने से बच्चों की पढ़ाई बंद हो सकती है.
अफगानिस्तान और चाड जैसे देशों में भी बढ़ेगी परेशानी : यूनिसेफ की रिपोर्ट के अनुसार साल 2026-27 में अफगानिस्तान और चाड जैसे देशों में अल-नीनो बच्चों की परेशानियों का सबसे बड़ा कारण बनेगा. यह उनकी जिंदगी के लिए तमाम खतरे पैदा कर सकता है. यहां के बच्चों में भुखमरी का संकट बढ़ सकता है. कुपोषण बढ़ सकता है. ऐसे देशों में बुनियादी सुविधाओं की सीमित पहुंच के कारण बच्चे पहले से ही कमजोर हैं.

शोषण और बाल विवाह का खतरा बढ़ेगा : विभिन्न देशों में मौसमी घटनाएं यानी सूखा-बाढ़-तेज गर्मी से काफी बच्चे अपने परिवारों से अलग हो जाएंगे. ऐसे में उनके शारीरिक और मानसिक शोषण की आशंका बढ़ जाएगी. उन पर बाल विवाह का भी बड़ा खतरा रहेगा. उदाहरण के लिए साल 2022 में इथियोपिया के सूखा प्रभावित इलाकों में बाल विवाह की दर में 119% की बढ़ोतरी हो गई थी. यानी मौसम का बिगड़ा पैटर्न बच्चों पर कई तरीके से अपना असर डालेगा.
दुनिया के एक अरब से ज्यादा बच्चे पहले से ही टेंशन में : यूनिसेफ की रिपोर्ट के अनुसार दुनियाभर के करीब एक अरब 10 करोड़ बच्चे पहले से ही सूखा, अत्यधिक गर्मी और बाढ़ का सामना कर रहे हैं. वे क्लाइमेट से जुड़े कई तरह की परेशानियां झेल रहे हैं. अब अल-नीनो इन बच्चों की समस्याओं को और भी बढ़ा देगा. मौसम से जुड़ी आपदाओं की वजह से साल 2016 और 2023 के बीच हर दिन 20 हजार से भी अधिक बच्चे बेघर हो गए थे.
साल 2025 में 17 करोड़ बच्चों की पढ़ाई प्रभावित : रिपोर्ट के अनुसार साल 2025 में मौसमी प्रभाव यानी बाढ़, सूखा और ज्यादा गर्मी के कारण दुनियाभर के 17 करोड़ 10 लाख बच्चों की पढ़ाई में रुकावट आई. इनमें लड़कियों की संख्या काफी ज्यादा रही. प्रभावित बच्चों में करीब तीन-चौथाई बच्चे गरीब देशों के रहने वाले हैं. ऐसे देशों में प्राकृतिक आपदाएं आने पर उससे निपटने के पर्याप्त संशाधन नहीं होते हैं. आने वाला समय बच्चों के लिए और भी संकट भरा हो सकता है.
आपदा से बचाव पर कम खर्च कर रहे देश : यूनिसेफ की रिपोर्ट के अनुसार आपदा आने से पहले अगर एक अमेरिकी डॉलर ही तैयारियों पर खर्च कर दिया जाए तो आपदा से नुकसान के समय राहत कार्यों पर खर्च किए जाने वाले 15 डॉलर तक बच सकते हैं. दुनियाभर में कुल मदद राशि का एक फीसदी से भी कम हिस्सा तैयारियों पर पर खर्च किया जाता है. यानी आपदा से बचाव की तैयारियों पर देश कम बजट खर्च कर रहे हैं.
4.51 लाख अतिरिक्त मौतों का कारण बनेगा अल-नीनो : शिकागो यूनिवर्सिटी के क्लाइमेट इंपैक्ट लैब की कुछ दिनों पहले जारी रिपोर्ट के अनुसार अल नीनो जून 2026 से फरवरी 2027 तक दुनियाभर में करीब 4.51 लाख अतिरिक्त मौतों का कारण बनेगा. WMO के अनुसार अक्टूबर से लेकर दिसंबर के दौरान तक अल-नीनो का असर रह सकता है. यह फरवरी 2027 तक जारी रह सकता है. ज्यादा गर्मी से हीट स्ट्रोक समेत अन्य दूसरी बीमारियों के मरीजों की संख्या में इजाफा देखने को मिल सकता है.

ब्रिटेन की यूनिवर्सिटी ने दिए ये सुझाव : ब्रिटेन के विश्वविद्यालय यूनिवर्सिटी ऑफ ब्रिस्टल ने अल-नीनो के असर को कम करने के लिए कुछ सुझाव दिए हैं . जैसे शुरुआती चेतावनी प्रणाली विकसित करने, बचाव के लिए इंतजाम बनाने में मदद लेने, अल नीनो आधारित स्टडी को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया है. अल-नीनो के कारण स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रभाव की स्टडी की भी बात कही गई है. इसके अलावा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सहयोग बढ़ाने पर भी बल दिया गया है, जिससे प्राकृतिक आपदाओं के असर का सटीक आकलन हो सके.
3.7 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है समुद्र का तापमान : विश्व मौसम विज्ञान संगठन (डब्ल्यूएमओ) की रिपोर्ट बताती है कि अल नीनो काफी ताकतवर हो चुका है. इसकी वजह से समुद्र का तापमान और भी बढ़ सकता है. अक्टूबर से दिसंबर के बीच प्रशांत महासागर के सतह का तापमान सामान्य से 3.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया जा सकता है. प्रशांत महासागर धरती का सबसे बड़ा समुद्र है. मौसम वैज्ञानिकों ने मौसम की स्थिति की जांच के लिए महासागर के बीच नीनो 3.4 क्षेत्र बनाया है. यहां से वे मौसमी स्थितियों का आकलन करते हैं.
ETV भारत प्रीमियम की ये खबरें भी पढ़िए
- फटाफट लोन का मकड़जाल; सिर्फ 600 वैध ऐप, वसूली के लिए ब्लैकमेलिंग-टॉर्चर तक, 15 लोगों की मौ
- देश के 28000 गांव ऐसे जहां नहीं रहता एक भी इंसान; 4,526 विलेज सरकारी रिकॉर्ड से 'लापता'
- महात्मा गांधी के सत्याग्रह से जुड़े 9 स्थान यूनेस्को की वर्ल्ड हेरिटेज लिस्ट में, जानिए कैसे बनती है सूची, क्या हैं शर्तें?
- कारखानों में काम करने वाले EMPLOYEE पहली बार 2 करोड़ के पार; एक साल में 14 लाख लोगों को मिली नई जॉब
- 22 राज्यों के स्कूलों पर सबसे बड़ी स्टडी; चंडीगढ़ का मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल देशभर में नंबर वन

