कोलकाता में निर्माणाधीन गोदाम ढहा, तीन की मौत, 18 मजदूर अभी भी मलबे में फंसे
कोलकाता के तारातला इलाके में एक निर्माणाधीन गोदाम ढहने से तीन लोगों की मौत हो गई. 18 मजदूर अभी भी मलबे में फंसे हुए हैं.

Published : June 24, 2026 at 3:18 PM IST
|Updated : June 24, 2026 at 6:08 PM IST
कोलकाता: पश्चिम कोलकाता के तारातला इलाके में बुधवार दोपहर को एक निर्माणाधीन गोदाम ढह गया. इस हादसे में अब तक तीन लोगों की मौत की पुष्टि हुई है. रिपोर्ट के मुताबिक, 18 मजूदर अभी भी मलबे के नीचे फंसे हुए हैं. घटनास्थल पर बचाव अभियान जारी है. कई लोगों को मलबे से निकालकर पास के अस्पताल में भर्ती किया गया है.
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने घटनास्थल का दौरा किया. स्थिति का मुआयना करने के बाद, उन्होंने कहा कि 21 लोगों को बचाया गया है; इनमें से तीन की मौत हो गई है, और 18 लोग अभी भी मलबे में फंसे हुए हैं. उन्हें बचाने की कोशिशें जारी हैं.
पुलिस के मुताबिक, घायलों को कोलकाता के एसएसकेएम अस्पताल ले जाया गया. घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए कोलकाता पुलिस और प्रशासन की कई एम्बुलेंस के अलावा सेना की एम्बुलेंस का इस्तेमाल किया गया. दुर्घटना की खबर फैलते ही स्थानीय निवासी और घायलों के परिजन घटनास्थल पर जमा हो गये. व्यवस्था बनाए रखने और स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया.
#WATCH | West Bengal CM Suvendu Adhikari arrives at the site where an under-construction godown shed collapsed in Taratala.
— ANI (@ANI) June 24, 2026
(Video: Suvendu Adhikari social media) pic.twitter.com/kRzNiX2AP4
उधर, इस दुखद हादसे की खबर मिलते ही नाबन्न में तुरंत एक्शन शुरू कर दिया गया. हालात इतने गंभीर थे कि मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने जल्दबाजी में एक जरूरी प्रेस कॉन्फ्रेंस कैंसिल कर दी. उन्होंने खुद पूरे रेस्क्यू ऑपरेशन और प्रशासन के उच्च स्तर से हालात पर नजर रखी.
निर्माणा गोदाम गिरने पर सीएम शुभेंदु अधिकारी ने कहा, "NDRF, आर्मी, SDRF, पुलिस, फायर डिपार्टमेंट सब मिलकर यहां काम कर रहे हैं. 21 लोगों को बचाया गया है. तीन लोगों की जान चली गई है. SSKM हॉस्पिटल काम कर रहा है. करीब 12-18 लोग अंदर फंसे हुए हैं. वे इंडियन आर्मी के संपर्क में आए हैं.."
#WATCH | Kolkata, West Bengal: On the under-construction godown shed collapse in Kolkata's Taratala, CM Suvendu Adhikari says, “NDRF, Army, SDRF, Police, Fire Department are all together working here. 21 people have been rescued. Three people have lost their lives. SSKM Hospital… pic.twitter.com/knqvgRCgsi
— ANI (@ANI) June 24, 2026
हादसे के तुरंत बाद एक पुलिस अधिकारी ने कहा, "तारातला इलाके में ब्रेस ब्रिज के पास ट्रांसपोर्ट डिपो रोड पर बने गोदाम की छत दोपहर के समय गिर गई. हमारे अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं." उन्होंने कहा, "घटना के समय कुछ लोग साइट पर काम कर रहे थे. हमें डर है कि मलबे में काफी लोग फंसे हो सकते हैं."
निर्माण के इस्तेमाल किए गए लोहे के बीम और कंक्रीट के बड़े-बड़े टुकड़े टूटकर वहां काम कर रहे मजदूरों पर गिर गए. कोलकाता पुलिस, आपदा प्रबंधन टीम, सिविल डिफेंस, और फायर और इमरजेंसी सेवा के कर्मचारी मौके पर बचाव अभियान चला रहे हैं. आर्मी के अधिकारी भी बचाव अभियान में मदद करते दिखे. लोहे की बीम को हटाने के लिए क्रेन और भारी सामान उठाने वाली मशीनरी को मौके पर तैनात किया गया.
#WATCH | Kolkata, West Bengal: Indian Army other teams are carrying out the operation at the site where an under-construction godown shed collapsed in Taratala. Latest visuals from the site. pic.twitter.com/5zsEMYYUbU
— ANI (@ANI) June 24, 2026
लोहे और कंक्रीट को काटने के लिए गैस कटर का इस्तेमाल किया जा रहा है. बचावकर्मी वर्टिकल ड्रिलिंग के जरिये फंसे हुए लोगों तक पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं.
घटनास्थल पर मौजूद चश्मदीदों ने बताया कि उन्होंने मलबे के नीचे से फंसे हुए लोगों को मदद के लिए चिल्लाते हुए सुना. एक चश्मदीद ने कहा, "ग्राउंड फ्लोर पर निर्माण का काम चल रहा था, जबकि पहले और दूसरे फ्लोर के लिए RCC स्ट्रक्चर पूरा हो चुका था. पूरा स्ट्रक्चर गिर गया."
#WATCH | Kolkata | West Bengal | Search and rescue operation underway at the site where an under-construction godown shed collapsed in Taratala. https://t.co/O68iBSS8Lb pic.twitter.com/rU10750Fnl
— ANI (@ANI) June 24, 2026
निर्माण में घटिया सामान का इस्तेमाल
दमकल विभाग के एक अधिकारी के मुताबिक, तीन मंजिला निर्माणाधीन गोदाम की छत ढलाई के काम के दौरान ढह गई. उन्होंने आरोप लगाया कि गोदाम के निर्माण में घटिया सामान का इस्तेमाल किया जा रहा था.
कोलकाता पुलिस के डिजास्टर मैनेजमेंट ग्रुप के एक सदस्य ने कहा, "हम मलबे के नीचे से आ रही मदद की आवाजों पर नजर रख रहे हैं. साथ ही, हम फंसे हुए लोगों को भरोसा दिला रहे हैं कि उन्हें जल्द ही बचा लिया जाएगा."
घटना के बाद राज्य सचिवालय में डिजास्टर मैनेजमेंट ग्रुप के कंट्रोल रूम नंबर - 1070, 8697981070, 033-22143526/22535185 - खोले गए.
कुछ स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि कुछ समय से इलाके में बड़े पैमाने पर अवैध निर्माण का काम चल रहा था.
मंत्री इंद्रनील खान ने कहा, "हम निश्चित रूप से दुर्घटना के कारणों की जांच करेंगे और यह भी देखेंगे कि क्या कोई गड़बड़ी हुई थी. लेकिन अभी प्राथमिकता ज्यादा से ज्यादा पीड़ितों को बचाने की है."
शहरी विकास मंत्री अग्निमित्रा पॉल और कोलकाता नगर निगम की कमिश्नर स्मिता पांडे भी मौके पर पहुंचीं. BJP नेता राकेश सिंह पहले ही मौके पर मौजूद हैं.
यह भी पढ़ें- पश्चिम बंगाल: मालदा में नाव पर आकाशीय बिजली गिरने से चार लोगों की मौत, 15 घायल

