ETV Bharat / bharat

देहरादून-पंचकूला हाईवे पर भीषण हादसा, कांग्रेस नेता के बेटे और भांजे की मौत, चंपावत में भी वाहन खाई में गिरा

वरिष्ठ कांग्रेस नेता वीरेंद्र सिंह राणा का बेटा और भांजा बुलेट पर जालंधर जा रहे थे, बेटे की एक दिन पहले मंगनी हुई थी

saharanpur Road Accident
हादसे में गई जान (फाइल फोटो- Family Members)
author img

By ETV Bharat Uttarakhand Team

Published : February 23, 2026 at 9:42 PM IST

|

Updated : February 23, 2026 at 11:04 PM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

सहारनपुर/रुड़की/चंपावत: देहरादून-पंचकूला नेशनल हाईवे पर बड़ा सड़क हादसा हुआ है. जहां एक बुलेट बाइक एक वाहन से टकरा गई. जिसमें बुलेट सवार दो युवकों की मौत हो गई. बुलेट पर सवार लोगों में वरिष्ठ कांग्रेस नेता वीरेंद्र सिंह राणा का बेटा विजय राणा और भांजा रुद्र प्रताप सवार थे. 22 फरवरी को ही विजय की मंगनी हुई थी. इस दुखद दुर्घटना पर कांग्रेस महानगर जिला अध्यक्ष राजेंद्र चौधरी ने दुख जताया है. उधर, चंपावत में भी हादसे में एक युवक की जान गई है.

देहरादून-पंचकूला हाईवे पर कोहरे की वजह से टकराई बुलेट बाइक: जानकारी के मुताबिक, हरिद्वार के झबरेड़ा थाने के भलस्वा गांव के रहने वाले विजय राणा (उम्र 23 वर्ष) और सहारनपुर के बड़गांव थाने के शब्बीरपुर गांव के रहने वाले रुद्र प्रताप (उम्र 22 वर्ष) बुलेट मोटरसाइकिल से पंजाब के जालंधर जा रहे थे. विजय राणा जालंधर में नौकरी करते थे. उनका भांजा रुद्र प्रताप वहां पढ़ाई करता था. सोमवार की सुबह के समय कोहरा था, जिससे विजबिलिटी कम थी. इसी बीच देहरादून-पंचकूला नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार बुलेट से जा रहे दोनों युवक आगे चल रही एक अनजान गाड़ी से टकरा गए.

Champawat Road Accident
चंपावत में रेस्क्यू (फोटो सोर्स- SDRF)

नकुड़ रोड क्रॉसिंग के पास हुआ हादसा: टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए. मौके पर मौजूद राहगीरों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तत्काल सरकारी मेडिकल कॉलेज ले गई. वहां पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. यह हादसा सुबह करीब 7 बजे नकुड़ रोड क्रॉसिंग के पास हुआ. पुलिस ने बताया कि दोनों युवकों के परिवारों को सूचित कर दिया गया है.

परिवार में मचा कोहराम: परिवार वालों ने बिना किसी कानूनी कार्रवाई के शव अपने साथ ले जाने का फैसला किया. इस हादसे से झबरेड़ा थाना क्षेत्र के भलस्वा गाज गांव में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ठाकुर वीरेंद्र सिंह राणा के घर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा. उनके घर में शादी की तैयारियां जोरों शोरों से चल रही थी. दरअसल, वीरेंद्र ठाकुर प्रदेश कांग्रेस कमेटी में सदस्य हैं. पूर्व में गढ़वाल मंडल विकास निगम के डायरेक्टर भी रह चुके हैं.

बताया गया है कि कांग्रेस नेता वीरेंद्र ठाकुर के बेटे विजय राणा जालंधर के पंजाब में नौकरी करते थे. उनके साथ उनका भांजा रुद्र प्रताप पढ़ाई कर रहा था. ग्रामीणों के मुताबिक 22 फरवरी रविवार के दिन वीरेंद्र ठाकुर के बेटे विजय राणा की मंगनी हुई थी. सोमवार की सुबह उनका बेटा विजय राणा और भांजा रुद्र प्रताप मोटरसाइकिल पर सवार होकर पंजाब के जालंधर जा रहे थे. जैसे ही वह पंचकूला हाईवे पर पहुंचे तभी आगे जा रहे वाहन से उनकी टक्कर हो गई और मोटरसाइकिल सवार दोनों की इस हादसे में दर्दनाक मौत हो गई. वहीं इस हादसे के बाद कांग्रेस महानगर के जिला अध्यक्ष राजेंद्र चौधरी ने भी दुख प्रकट करते हुए शोक जताया है.

उधर, घटना के बाद मृतकों के घर में मातम का माहौल बना हुआ है. रिश्तेदार समेत अन्य लोग परिवार को ढांढस बंधाने के लिए पहुंच रहे हैं. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

बुलेट हादसे में मौत-

  1. विजय राणा पुत्र ठाकुर वीरेंद्र सिंह राणा (उम्र 23 वर्ष), निवासी- भलस्वा, झबरेड़ा, हरिद्वार (उत्तराखंड)
  2. रुद्र प्रताप (उम्र 22 वर्ष), निवासी- शब्बीरपुर, बड़गांव, सहारनपुर (उत्तर प्रदेश)

चंपावत में वाहन हादसे में युवक की गई जान: चंपावत केपातल (पातालगांव) इलाके में एक वाहन दुर्घटनाग्रस्त होकर करीब 100 मीटर गहरी खाई में गिर गया. इस हादसे में युवक की मौत हो गई. खाई से युवक को बाहर निकालने एसडीआरएफ की टीम को काफी पसीना बहना पड़ा. जिसे रेस्क्यू कर अब पुलिस को सौंप दिया गया है.

वाहन हादसे में मौत-

  1. हेमेश सिंह कुंवर पुत्र बद्री सिंह (उम्र 24 वर्ष), निवासी- नीड, चंपावत

ये भी पढ़ें-

Last Updated : February 23, 2026 at 11:04 PM IST