ETV Bharat / bharat

डेढ़ लाख में खरीदा करैत सांप फिर सोते हुए पिता को डसवाया, 3 करोड़ की बीमा राशि ने खोल दी बेटों की पोल

तमिलनाडु में 3 करोड़ रुपये के लालच में पिता को सांप से डसवाने वाले 'आस्तीन के सांप' दो बेटों का पुलिस ने ऐसे किया पर्दाफाश.

Snake Bite Murder
सांकेतिक तस्वीर. (IANS)
author img

By ETV Bharat Hindi Team

Published : December 20, 2025 at 3:55 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

तिरुवल्लूर (तमिलनाडु): तमिलनाडु के तिरुवल्लूर में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. यहां दो बेटों ने मिलकर अपने ही पिता को मारने की एक भयानक साजिश रची. उनका मकसद था पिता के बीमा के तीन करोड़ रुपये हड़पना और अनुकंपा पर सरकारी नौकरी पाना. उन्होंने साजिश को अंजाम देने के लिए एक ऐसे तरीके का इस्तेमाल किया जिससे उनकी मौत एक हादसा लगे.

क्या है घटनाः

तिरुवल्लूर जिले के तिरुथानी के पास पोडाटुरपेट टाउन पंचायत के रहने वाले गणेशन (56), इलाके के ही एक सरकारी स्कूल में लैब असिस्टेंट के रूप में कार्यरत थे. उनके दो बेटे हैं- मोहनराज और हरिहरन. पिछले साल अक्टूबर में, इन दोनों बेटों ने पोडाटुरपेट्टई पुलिस स्टेशन में सूचना दी कि घर पर सोते समय सांप के काटने से गणेशन की मौत हो गई.

शक के घेरे में कैसे आयेः

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की. तफ्तीश के दौरान पता चला कि मृतक गणेशन के नाम पर कुल 11 इंश्योरेंस पॉलिसियां थीं, जिनमें से 4 पॉलिसियां उन्होंने खुद ली थीं. इस बात ने पुलिस के मन में शक पैदा कर दिया. इसी बीच, संबंधित बीमा कंपनी की ओर से नॉर्थ ज़ोन के आईजी (IG) असरा गर्ग को एक शिकायत मिली, जिससे पुलिस का शक पुख्ता हो गया.

बीमा कंपनी ने बताया कि गणेशन के दोनों बेटे उनकी मौत को लेकर अलग-अलग बयान दे रहे हैं, इसलिए उनकी जांच की जानी चाहिए. इसके बाद गुम्मिदीपोंडी की डीएसपी जयश्री के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया और सघन जांच शुरू की गई. शुरुआत में तो दोनों बेटों ने अनजान बनने का नाटक किया, लेकिन पूछताछ के दौरान आखिरकार उन्होंने कबूल कर लिया कि उन्होंने बीमा की रकम हड़पने के लिए ही अपने पिता की हत्या की थी.

क्यों की थी हत्याः

उनके कबूलनामे ने पुलिस को भी झकझोर कर रख दिया. गणेशन के दोनों बेटों, मोहनराज और हरिहरन ने योजना बनाई थी कि वे किसी भी तरह अपने पिता के नाम पर मिलने वाले 3 करोड़ रुपये के बीमा का पैसा हासिल करेंगे. इस साजिश में उन्होंने अपने दोस्तों- बालाजी, प्रशांत, नवीन कुमार और दिनाकरण को भी शामिल किया. पुलिस ने सभी छह व्यक्तियों को गिरफ्तार कर लिया और उनके पास से एक लग्जरी कार और छह मोबाइल फोन जब्त किए.

कैसे की हत्याः

तिरुवल्लूर जिले के पुलिस अधीक्षक (SP) विवेकानंद शुक्ला ने बताया, "गणेशन की मौत से एक हफ्ते पहले भी उनके दोनों बेटों ने जहरीले सांप के जरिए अपने पिता को मारने की कोशिश की थी, लेकिन उस समय सांप उन्हें काट नहीं पाया. इसके बाद, उन्होंने दोबारा योजना बनाई और 1.5 लाख रुपये में 3 फुट लंबा 'करैत' सांप खरीदा और इस वारदात को अंजाम दिया. पुलिस के संदेह से बचने के लिए उन्होंने गणेशन को काटने के बाद घर के अंदर ही सांप को भी मार डाला. गिरफ्तार किए गए छह आरोपियों में से एक व्यक्ति सांप पकड़ने में माहिर था, और उसी के जरिए उन्होंने इस काम को अंजाम दिया."

इसे भी पढ़ेंः