कर्नाटक: दो सड़क हादसों में 6 की मौत, कोल्हापुर की DySP घायल
कर्नाटक के चित्रदुर्ग में बीती रात दो अलग-अलग दर्दनाक सड़क हादसों में 6 लोगों की मौत.

Published : January 11, 2026 at 1:03 PM IST
चित्रदुर्ग: कर्नाटक के चित्रदुर्ग में बीती रात दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में छह लोगों की मौत हो गई जबकि कोल्हापुर की डिप्टी एसपी घायल हो गई. वह अपने परिवार के साथ जा रही थी तभी ये हादसा हुआ. इन दोनों घटनाओं की जांच पुलिस कर रही है.
हिरीयूर तालुक के हिंदसकट्टे गांव के पास बिदर-श्रीरंगपट्टनम स्टेट हाईवे पर एक कार और एक लॉरी की आमने-सामने टक्कर हो गई. जहां ये हादसा हुआ वह सड़क हादसों को लिए संभावित जगह है. इस हादसे में कार में सवार चार युवकों की मौत हो गई.
मृतक युवकों की पहचान विश्वनाथ (22), नंजुंडी (23), राहुल (23) और यशवंत (22) के रूप में हुई है. सभी हिरीयूर तालुक के नंजय्यनकोट्टिग गांव के रहने वाले थे. मृतक युवकों के शवों को हिरीयूर सरकारी अस्पताल के मॉर्चरी में रखवा दिया गया और उनके परिजनों को सूचित कर दिया गया. यह दुर्घटना हिरीयूर ग्रामीण पुलिस स्टेशन सीमा क्षेत्र में हुई. पुलिस मौके पर पहुंच कर घटना की जांच की और मामला दर्ज किया.
कार की लॉरी से भीषण टक्कर
एक अन्य हादसे में कोल्हापुर डिप्टी एसपी घायल हो गई. महाराष्ट्र से बेंगलुरु जा रही कोल्हापुर की डिप्टी एसपी वैष्णवी की इनोवा कार की एक लॉरी से भीषण टक्कर हो गई. मौके पर ही दो लोगों की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए. यह दुर्घटना चित्रदुर्ग के तमाटकल्लू गांव में पुल के पास हुई. डिप्टी एसपी वैष्णवी घायल हो गईं, उनकी मां कमला हरिबाबू (65) और ड्राइवर राकेश (40) की मौत हो गई. घायलों को चित्रदुर्ग जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया.
वैष्णवी को चित्रदुर्ग के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया. पता चला है कि यह हादसा तब हुआ जब डिप्टी एसपी अपने परिवार के साथ तमिलनाडु की यात्रा के बाद कोल्हापुर लौट रही थीं. चित्रदुर्ग ग्रामीण पुलिस स्टेशन के सीपीआई बालाचंद्र नाइक ने घटनास्थल का दौरा किया और जांच की. चित्रदुर्ग ग्रामीण पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया.

