बर्थडे पार्टी में 'खूनी खेल': कनाडा में पंजाब के 2 युवाओं की गोली मारकर हत्या
चार-पांच दोस्तों के साथ एक जन्मदिन पार्टी में जा रहे थे. कार में बैठने वाले थे तभी अज्ञात हमलावरों ने गोली मार दी.


Published : December 13, 2025 at 10:35 PM IST
मानसा (पंजाब): पंजाब के युवा एक बेहतर भविष्य की उम्मीद में विदेश जाते हैं, लेकिन कभी-कभी वे किसी अनहोनी घटना का शिकार हो जाते हैं. जिसके कारण उन्हें कभी-कभी अपनी जान गंवानी पड़ जाती है. मानसा की बुढलाडा विधानसभा क्षेत्र के बोहा के पास, बरहे और उदात सैदेवाला गांवों से ऐसी ही एक दुखद घटना सामने आई है. कनाडा के एडमॉन्टन शहर में गोली लगने से दो युवकों की मौत हो गई.
कैसे हुई मौतः
मिली जानकारी के अनुसार, बुढलाडा के पास गांव बरहे के 27 वर्षीय गुरदीप सिंह और गांव उदात सैदेवाला के 18 वर्षीय रणवीर सिंह बेहतर भविष्य की उम्मीद में कनाडा के एडमॉन्टन शहर गए थे. दोनों युवक जब अपने एक दोस्त का जन्मदिन मनाने जा रहे थे, तभी अज्ञात हमलावरों ने उन पर गोलियां चला दीं. इस वजह से दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई.
अज्ञात हमलावरों ने चलाई गोलियांः
मृत युवक गुरदीप सिंह के परिवार के सदस्य दर्शन सिंह ने बताया कि "गुरदीप सिंह करीब ढाई साल पहले कनाडा गया था और अब उसकी पढ़ाई पूरी हो गई थी और वह वर्क परमिट पर जाने वाला था. उनके बेटे को कनाडा से एक कॉल आया था, जिसमें बताया गया कि गुरदीप सिंह और रणवीर सिंह को किसी ने गोली मार दी है. पहले तो हमें लगा कि किसी ने फर्जी कॉल किया है, लेकिन बाद में हमें एक वीडियो कॉल के ज़रिए सूचना मिली. दोनों की मौके पर ही मौत हो गई थी."
दर्शन सिंह ने बताय कि गुरदीप सिंह और रणवीर सिंह चार-पांच अन्य दोस्तों के साथ एक दोस्त की जन्मदिन की पार्टी में जा रहे थे. वे कार में बैठने वाले थे और अज्ञात हमलावरों ने उन्हें गोली मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई. मृतक गुरदीप सिंह अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था और शादीशुदा था. उसकी पत्नी भी कनाडा जाने वाली थी, लेकिन उससे पहले ही सब कुछ तबाह हो गया.
परिवार की सरकार से अपीलः
उन्होंने कहा, "कनाडा पुलिस जांच कर रही है और वे आरोपियों की तलाश कर रहे हैं. साथ ही, यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि उनकी हत्या क्यों की गई. हम भारत और पंजाब सरकार से यह मांग करते हैं कि उनके शवों को पंजाब लाया जाए ताकि हम उनका अंतिम संस्कार कर सकें."
इसे भी पढ़ेंः

