गाजियाबाद: खोड़ा कॉलोनी में पांच मंजिला इमारत में लगी भीषण आग, 2 की मौत, कई घायल
प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं और शॉर्ट सर्किट को प्राथमिक कारण माना जा रहा है.

Published : March 4, 2026 at 10:22 AM IST
गाजियाबाद: गाज़ियाबाद जिले के खोड़ा थाना क्षेत्र स्थित बीरबल चौक के पास मंगलवार देर रात करीब 11 बजे एक पांच मंजिला रिहायशी इमारत में भीषण आग लग गई. इस हादसे में अबतक दो लोगों की मौत और कई लोगों के घायल होने की सूचना है.
बता दें कि आग की शुरुआत इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर बनी पार्किंग से हुई. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार शॉर्ट सर्किट के कारण पार्किंग में खड़े वाहनों में आग लगी, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया.
दो दर्जन से अधिक परिवारों में मची अफरा-तफरी
आग लगते ही इमारत में रह रहे करीब दो दर्जन से अधिक परिवारों में अफरा-तफरी मच गई. धुएं और लपटों के बीच ऊपरी मंजिलों पर फंसे लोगों ने बालकनी और खिड़कियों से मदद की गुहार लगाई. स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी सूचना दी. दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया.
घटना में कई लोग झुलस गए. घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया. दो गंभीर रूप से घायल व्यक्तियों ने इलाज के दौरान लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल में दम तोड़ दिया. अन्य घायलों को उपचार के लिए गुरु तेग बहादुर अस्पताल (जीटीबी अस्पताल) रेफर किया गया है, जहां उनका इलाज जारी है.
आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि दमकल कर्मियों को आग पर काबू पाने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ी. देर रात तक आग बुझाने का काम जारी रहा प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं और शॉर्ट सर्किट को प्राथमिक कारण माना जा रहा है. स्थानीय प्रशासन ने इमारत की सुरक्षा व्यवस्था और अग्निशमन इंतजामों की भी जांच शुरू कर दी है.
यह भी पढ़ें-

