पाकुड़ में जज द्वारा सजा सुनाते ही कोर्ट परिसर से भागे दो अपराधी, पुलिस कर रही है संभावित ठिकानों पर छापेमारी
पाकुड़ में जज द्वारा सजा सुनाते ही कोर्ट परिसर से दो अपराधी फरार हो गए. पुलिस इनकी तलाश कर रही है.

Published : January 7, 2026 at 5:44 PM IST
पाकुड़: अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश प्रथम कुमार क्रांति प्रसाद की अदालत ने हत्या के एक मामले में जैसे ही आरोपियों को दोषी करार दिया, वैसे ही दोनों अपराधी व्यवहार न्यायालय से फरार हो गए. फरार अपराधी शिवधन मोहली एवं नरेन मोहली की धर पकड़ के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है. कोर्ट परिसर से दो सजायाफ्ता के फरार होने की पुष्टि एसपी निधि द्विवेदी ने करते हुए बताया कि मामले की जांच की जारी है.
हत्या के मामले में कोर्ट ने सुनाई थी सजा
एसपी ने बताया कि लापरवाही या चूक की जांच की जा रही है एवं रिपोर्ट आते ही दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. फरार सजायाफ्ता नरेन एवं शिवधन मोहली पर भोलानाथ मोहली की जमीन विवाद को लेकर हत्या के मामले में प्राथमिकी अमड़ापाड़ा थाने में 12 जनवरी 2019 को मृतक की पत्नी श्रीफूल मोहली ने दर्ज कराई थी. इसके बाद अमड़ापाड़ा थाना कांड संख्या 4/2019 में नरेन मोहली, शिवधन मोहली समेत पांच आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज हुई थी.
बुधवार को अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश प्रथम ने जैसे ही आरोपियों को दोषी करार देने का फैसला सुनाया सभी सजायाफ्ता को न्यायाधीश के कठघरे से बाहर लाया गया. जैसे ही ड्यूटी पर तैनात जवान सभी को बाहर लेकर आए, वैसे ही दोषी नरेन एवं शिवधन कोर्ट परिसर से फरार हो गए.
पुलिस की कार्यशैली पर उठे सवाल
फरार दोनों सजायाफ्ता की धर पकड़ के लिए जिले के नगर थाना के अलावा महेशपुर, हिरणपुर, लिट्टीपाड़ा, अमड़ापाड़ा एवं पाकुड़िया थाने की पुलिस तलाश में जुट गई है और गहन जांच के साथ साथ संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है. कोर्ट से दो सजायाफ्ता के फरार होने से पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं.
ये भी पढ़ें- जेल से फरार हत्याकांड के दोषी ने पत्नी और बेटे के साथ किया आत्मसमर्पण

