ETV Bharat / bharat

रॉन्ग साइड से आने से रोका तो इनोवा सवार युवकों ने ट्रैफिक पुलिस को बेरहमी से पीटा, बीच सड़क पर फाड़ी वर्दी

यह घटना कल्याण पश्चिम के दुर्गाडी चौक पर हुई. हमले के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश पुलिस कर रही है.

Traffic police beaten
फटी वर्दी को देखता ट्रैफिक पुलिस जवान और मौके पर लगी भीड़. (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Hindi Team

Published : January 25, 2026 at 10:39 PM IST

|

Updated : January 25, 2026 at 10:56 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

ठाणे (महाराष्ट्र): ठाणे से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है. कार सवार तीन लोगों ने ड्यूटी पर तैनात एक ट्रैफिक पुलिसकर्मी की इतनी बेरहमी से पिटाई की कि उनकी वर्दी तक फट गई. यह घटना कल्याण पश्चिम के दुर्गाडी चौक पर हुई. हमले के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश पुलिस कर रही है. कोलसेवाड़ी पुलिस स्टेशन में तीनों हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है.

घटना का कारण

पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, विलास सुरेश भागित पिछले छह महीनों से कल्याण शहर यातायात शाखा (सिटी ट्रांसपोर्ट ब्रांच) में कार्यरत हैं. 24 जनवरी की रात, वह पुलिस कांस्टेबल पी.पी. गायकवाड़ और ट्रैफिक वार्डन प्रतीक पवार के साथ यातायात नियंत्रण के लिए कल्याण पश्चिम के दुर्गाडी चौक पर ड्यूटी पर तैनात थे. रात करीब 10 बजे कोणगांव से आने वाली सड़क पर भारी ट्रैफिक जाम लगा था, जिसे भागित सुचारू करने की कोशिश कर रहे थे.

उसी समय, वाडेघर चौक की ओर से एक अज्ञात मैटेलिक सिल्वर-गोल्ड रंग की इनोवा कार गलत दिशा से आते हुए दुर्गा माता चौक से कोणगांव की तरफ जाने लगी. चूंकि चौक पर पहले से ही जाम था, इसलिए हवलदार भागित ने कार को रोका और गलत दिशा में जाने से मना किया. इस बात से नाराज होकर कार से तीन युवक (उम्र करीब 25 से 30 वर्ष) नीचे उतरे. नीचे उतरते ही उन्होंने पुलिसकर्मी के साथ मारपीट शुरू कर दी.

पुलिस बल में आक्रोश

इस मारपीट में पुलिसकर्मी की वर्दी फट गई और उसे गंभीर चोटें आईं. सीनियर पुलिस इंस्पेक्टर शंकर सिंह गौड़ ने बताया कि हवलदार भागित का कल्याण के फोर्टिस अस्पताल में इलाज चल रहा है. दूसरी ओर, ट्रैफिक पुलिसकर्मी पर हुए हमले के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए हैं. इस घटना के कारण पूरे पुलिस बल में भारी गुस्सा और आक्रोश है.

इसे भी पढ़ेंः

Last Updated : January 25, 2026 at 10:56 PM IST