ETV Bharat / bharat

देहरादून FRI में टूरिस्ट्स की एंट्री पर लगी रोक, जानिये इसकी वजह

टूरिस्ट्स की एंट्री पर रोक का आदेश संस्थान के कुलसचिव विकास राणा की ओर से जारी किया गया है.

DEHRADUN FRI TOURIST ENTRY BANNED
देहरादून एफआरआई (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttarakhand Team

Published : January 18, 2026 at 1:58 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

देहरादून: पर्यटक फिलहाल वन अनुसंधान संस्थान के संग्रहालय और ऐतिहासिक भवन का दीदार नहीं कर पाएंगे. ऐसा अनुसंधान प्रबंधन की तरफ से जारी किए गए आदेश के बाद हुआ है,जिसमें सुरक्षा कारणों को वजह बताते हुए पर्यटकों के FRI में प्रवेश पर रोक लगा दी गई है.

देहरादून के प्रसिद्ध वन अनुसंधान संस्थान (FRI) में आने वाले पर्यटकों के लिए फिलहाल बुरी खबर है. देशभर से बड़ी संख्या में सैलानी जिस ऐतिहासिक भवन और संग्रहालय को देखने आते हैं, वहां अब अस्थायी रूप से प्रवेश पर रोक लगा दी गई है. संस्थान प्रबंधन की ओर से जारी आदेश में सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए पर्यटकों की एंट्री बंद करने का फैसला लिया गया है.

DEHRADUN FRI TOURIST ENTRY BANNED
एफआरआई टूरिस्ट्स एंट्री रोक का आदेश (ETV Bharat)

फॉरेस्ट रिसर्च इंस्टीट्यूट प्रबंधन द्वारा जारी सर्कुलर में स्पष्ट किया गया है कि अगले आदेश तक आम पर्यटक संस्थान परिसर में प्रवेश नहीं कर पाएंगे. आदेश में यह भी कहा गया है कि यह रोक पूरी तरह अस्थायी है. सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा के बाद स्थिति पर दोबारा विचार किया जाएगा. हालांकि सुरक्षा कारण किस प्रकार के हैं, इस बारे में कोई विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है, जिससे लोगों में कई तरह की चर्चाएं भी हो रही हैं.

प्रबंधन ने यह जरूर साफ किया है कि जिन लोगों को पहले से अनुमति मिली हुई है, जैसे शैक्षणिक भ्रमण के लिए आने वाले छात्र या संस्थान से जुड़े शोधकर्ता, उन्हें प्रवेश दिया जाएगा. इसके अलावा सुबह और शाम के समय नियमित रूप से भ्रमण करने वालों को भी विशेष अनुमति के साथ आने-जाने की छूट रहेगी. यानी आम पर्यटक गतिविधियों पर ही फिलहाल रोक लगाई गई है.

एफआरआई देश का एक प्रतिष्ठित संस्थान है, जो न सिर्फ शोध के लिए बल्कि पर्यटन के लिहाज से भी बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है. यहां का ब्रिटिश कालीन ऐतिहासिक भवन, विशाल लॉन और संग्रहालय पर्यटकों को खूब आकर्षित करता है. हर दिन औसतन 300 से 800 पर्यटक एफआरआई पहुंचते हैं. इसकी वास्तुकला व वन संबंधी जानकारियों से जुड़ा संग्रहालय देखते हैं.

गौर करने वाली बात यह भी है कि इससे पहले भी एफआरआई में समय-समय पर विभिन्न कारणों से प्रवेश पर पाबंदियां लगती रही हैं, लेकिन इस बार आदेश में किसी ठोस वजह का जिक्र नहीं किया गया है. सिर्फ सुरक्षा कारणों का हवाला दिया गया है, जिससे स्थिति और भी अस्पष्ट बन गई है. यह आदेश संस्थान के कुलसचिव विकास राणा की ओर से जारी किया गया है.

फिलहाल पर्यटक इस उम्मीद में हैं कि सुरक्षा समीक्षा पूरी होने के बाद जल्द ही एफआरआई को दोबारा आम लोगों के लिए खोल दिया जाएगा. देहरादून आने वाले सैलानियों के लिए एफआरआई एक प्रमुख आकर्षण है. इसके बंद होने से उनकी यात्रा अधूरी सी रह जाती है. अब सबकी नजरें अगले आदेश पर टिकी हैं, जिससे यह साफ हो सके कि यह रोक कितने समय तक लागू रहेगी.

पढ़ें- जंगलों में वृक्षारोपण की सफलता का मूल मंत्र बनेगा ये कदम, यहां देशभर की मिट्टी का हेल्थ कार्ड हो रहा तैयार

पढ़ें- FRI में गुलदार का खौफ, पर्यटकों के लिए गेट बंद - leopard terror in FRI

पढ़ें- दून-दिल्ली एक्सप्रेसवे पर काटे गए पेड़ों की क्षतिपूर्ति के लिए लगेंगे साल के पेड़, पहली बार FRI तैयार कर रहा नर्सरी