'TMC के फिरहाद हकीम कोलकाता के मेयर पद से इस्तीफा देंगे'
टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी से अनुमति मिल जाने के बाद फिरहाद हकीम कोलकाता मेयर पद से इस्तीफा देंगे.

Published : June 3, 2026 at 7:58 PM IST
कोलकाता : तृणमूल कांग्रेस (TMC) के विधायक कुणाल घोष ने बुधवार को कहा कि कोलकाता के मेयर और पार्टी के वरिष्ठ नेता फिरहाद हकीम महापौर पद से इस्तीफा देंगे. घोष ने बताया कि इस संबंध में हकीम के द्वारा किए गए अनुरोध को टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी ने स्वीकार कर लिया है.
पार्टी के प्रमुख नेताओं में शुमार और ममता बनर्जी के करीबी माने जाने वाले फिरहाद हकीम ने पश्चिम बंगाल में भाजपा के सत्ता में आने के बाद कोलकाता नगर निगम के कामकाज में आ रही कठिनाइयों का हवाला देते हुए मेयर पद से इस्तीफा देने के लिए तृणमूल कांग्रेस प्रमुख से अनुमति मांगी थी.
#WATCH | TMC leader Kunal Ghosh says, " kolkata municipal corporation mayor firhad hakim had submitted a request to mamata banerjee seeking permission to resign. he desired a dignified exit, as the state government is defuncting the corporation. until now, mamata banerjee had not… https://t.co/3xraibo2XT pic.twitter.com/F8I93K6YGf
— ANI (@ANI) June 3, 2026
इस बारे में घोष ने मीडिया से कहा, ‘‘उस समय उनसे (हकीम से) इस्तीफा नहीं देने के लिए कहा गया था. लेकिन, उन्होंने एक बार फिर पद छोड़ने की अनुमति देने का आज फिर से ममता बनर्जी से अनुरोध किया, जिसके बाद उन्होंने अनुमति दे दी.’’
यह घटनाक्रम हाल के सप्ताह में टीएमसी के अंदर बढ़ती अनिश्चितता और कोलकाता नगर निगम (KMC) में पार्टी पार्षदों के लगातार इस्तीफे के बीच हुआ है. मेयर हकीम का इस्तीफा ऐसे समय में आया है, जब राज्य में भाजपा के सत्ता में आने के बाद टीएमसी को भारी आंतरिक उथल-पुथल का सामना करना पड़ रहा है.
हालांकि कोलकाता के मेयर के रूप में फिरहाद हकीम का उत्तराधिकारी कौन संभालेगा, इसके बारे में तत्काल कोई जानकारी सामने नहीं आयी है.
बता दें कि टीएमसी के एक प्रभावशाली अल्पसंख्यक चेहरे में शामिल हकीम 2018 से कोलकाता के मेयर हैं और उन्होंने ममता बनर्जी की सरकार में कई विभाग का दायित्व भी संभाला. साथ ही कोलकाता नगर निगम 2010 से तृणमूल कांग्रेस के नियंत्रण में है.
ये भी पढ़ें- पश्चिम बंगाल : ऋतब्रत बनर्जी के साथ बागी 58 टीएमसी MLA को स्पीकर की मंजूरी, ममता बनर्जी की पार्टी में बड़ी टूट

