ETV Bharat / bharat

दिल्ली बम ब्लास्ट: जानें कब-कब धमाकों से दहली देश की राजधानी दिल्ली, देखें पूरी टाइमलाइन

देश की राजधानी बार-बार आतंकवादियों के निशाने पर रही. लाल किले के पास आखिरी बार धमाका 30 नवंबर 1997 के दिन हुआ था.

जानें कब-कब धमाकों से दहली देश की राजधानी दिल्ली
जानें कब-कब धमाकों से दहली देश की राजधानी दिल्ली (ETV Bharat gfx)
author img

By ETV Bharat Delhi Team

Published : November 11, 2025 at 3:16 PM IST

6 Min Read
Choose ETV Bharat

नई दिल्ली/आशुतोष झा: देश की राजधानी दिल्ली में धमाके के बाद पुराने धमाकों की यादें ताजा हो गई हैं. देश की यह राजधानी बार-बार आतंकवादियों के निशाने पर रही. यह धमाका महज एक इकलौती घटना नहीं, बल्कि 1990 के दशक के बाद से राजधानी में हुए सिलसिलेवार धमाकों की एक लंबी और दर्दनाक कड़ी का हिस्सा है.

दिल्ली को दहलाने वाली इन आतंकी वारदातों की शुरुआत 1996 में हुई थी, जब 21 मई 1996 को लाजपत नगर सेंट्रल मार्केट में हुए भीषण बम विस्फोट ने देश को स्तब्ध कर दिया था. शाम के समय में हुए इस धमाके में 13 लोगों की मौत हुई थी, जबकि दर्जनों घायल हुए थे. इस हमले की जिम्मेदारी जम्मू-कश्मीर इस्लामिक फ्रंट ने ली थी और इसने दिल्ली के बाजारों में डर का एक नया बीज बो दिया था.

दिल्ली में बम विस्फोटों की प्रमुख घटनाएं
दिल्ली में बम विस्फोटों की प्रमुख घटनाएं (ETV Bharat)

एक के बाद एक कई सीरियल ब्लास्ट:

इसके ठीक एक साल बाद, 1997 का साल तो दिल्ली के लिए आतंक का पर्याय बन गया. इस वर्ष राजधानी में एक के बाद एक कई सीरियल ब्लास्ट हुए. अक्टूबर 1997 में शांतिवन, कौड़िया पुल और किंग्सवे कैंप जैसे इलाकों में तीन विस्फोट हुए, जिसके बाद करोल बाग और रानी बाग मार्केट को भी निशाना बनाया गया. इसी क्रम में, 30 नवंबर 1997 को लाल किले के आसपास हुए जुड़वां विस्फोटों में 3 लोगों की मौत हुई और 70 लोग घायल हुए थे, जिसने पुरानी दिल्ली को दहला कर रख दिया था. साल का अंत पंजाबी बाग के पास चलती बस में हुए विस्फोट के साथ हुआ था.

दिल्ली में बम विस्फोटों की प्रमुख घटनाएं
दिल्ली में बम विस्फोटों की प्रमुख घटनाएं (ETV Bharat)

साल 2000 में भी लाल किला सुरक्षित नहीं रहा. 18 जून 2000 को किले के निकट दो शक्तिशाली विस्फोट हुए, जिनमें 2 लोगों की जान चली गई थी. इससे पहले, दिसंबर 2000 में तो आतंकियों ने सीधे लाल किले के भीतर घुसकर फायरिंग की थी, जिसमें दो लोगों की मौत हुई थी. सबसे भीषण हमलों में से एक 29 अक्टूबर 2005 को दिवाली से ठीक दो दिन पहले हुआ. सरोजिनी नगर, पहाड़गंज और गोविंदपुरी में एक साथ हुए तीन बम विस्फोटों ने राजधानी को हिलाकर रख दिया. इन हमलों में 62 लोग मारे गए थे और 200 से ज्यादा घायल हुए थे, जिसका सीधा निशाना भीड़भाड़ वाले बाजार थे.

दिल्ली में बम विस्फोटों की प्रमुख घटनाएं
दिल्ली में बम विस्फोटों की प्रमुख घटनाएं (ETV Bharat)

बता दें कि इसके बाद, 13 सितंबर 2008 को दिल्ली एक बार फिर आतंक की चपेट में आई. करोल बाग, कनॉट प्लेस और ग्रेटर कैलाश जैसे प्रमुख और पॉश इलाकों में लगभग एक ही समय पर पांच जगहों पर विस्फोट हुए, जिनमें 25 लोगों की मौत हुई और 100 से अधिक घायल हुए थे. इन हमलों की जिम्मेदारी इंडियन मुजाहिदीन ने ली थी. ये घटनाएं स्पष्ट करती हैं कि दिल्ली का इतिहास बार-बार आतंकी हमलों से लहूलुहान हुआ है, जिसमें लाल किला और उसके आसपास का इलाका आतंकियों के लिए एक संवेदनशील निशाना रहा है.

वहीं, हालिया विस्फोट ने एक बार फिर सुरक्षा एजेंसियों को पुराने घटनाक्रमों की जांच करने और राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था पर नए सिरे से विचार करने पर मजबूर कर दिया है, ताकि दिल्ली के नागरिक सुरक्षित महसूस कर सकें.

लाल किले के पास हुए धमाके के बाद, अगले दिन की तस्वीर
लाल किले के पास हुए धमाके के बाद, अगले दिन की तस्वीर (ETV Bharat)

लाल किले के पास हुए धमाके में अब तक क्या-क्या हुआ ?

लाल किले के पास कार में हुआ बड़ा धमाका: देश की राजधानी दिल्ली एक बार फिर सोमवार शाम को धमाके से दहल उठी. लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर वन के पास एक कार में बड़ा धमाका हुआ, जिसकी चपेट में आसपास मौजूद कई गाड़ियां आ गईं. विस्फोट इतना बड़ा था कि हर तरफ आग और धुआं नजर आ रहा था. ब्लास्ट की सूचना मिलते ही एंबुलेंस और दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंच गई. घायलों को आनन-फानन में LNJP अस्पताल में भर्ती कराया गया. इलाके में बड़ी संख्या में पुलिस बलों की तैनाती की गई और NIA और NSG की टीम भी मौके पर पहुंची. इस हादसे में 9 लोगों की मौत होने की खबर है. वहीं, 20 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं. यह संख्या बढ़ भी सकती है.

लाल किले के पास 10 नवंबर को एक कार में हुए विस्फोट के बाद की तस्वीर
लाल किले के पास 10 नवंबर को एक कार में हुए विस्फोट के बाद की तस्वीर (ETV Bharat)

सभी सुरक्षा एजेंसियां मिलकर कर रही जांच: दिल्ली पुलिस के साथ सभी सुरक्षा एजेंसियां मिलकर जांच कर रही हैं. प्रारंभिक जांच में यह धमाका योजनाबद्ध बताया जा रहा है. फॉरेंसिक टीम मलबे की जांच कर रही है, जिससे विस्फोटक की प्रकृति और स्रोत का पता लगाया जा सके. धमाके के बाद दिल्ली एनसीआर में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है. ताजा हालात पर पीएम मोदी ने गृह मंत्री अमित शाह से बात की. NIA की टीमें पूरे मामले की जांच कर रही है.

इन जगहों पर बढ़ाई गई सुरक्षा: दिल्ली में विस्फोट के बाद आसपास के शहरों में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है. सभी मेट्रो स्टेशन, रेलवे स्टेशन, बस टर्मिनल, मॉल व प्रमुख बाजारों में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है. नोएडा, गुरुग्राम, गाजियाबाद व फरीदाबाद में भी पुलिस ने नाकाबंदी कर दी है. दिल्ली पुलिस के साथ-साथ केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियां भी इनपुट इकट्ठा करने में जुटी हुई है.

ये भी पढ़ें:

  1. दिल्ली लाल किले ब्लास्ट का खौफनाक वीडियो, जब अचानक फटा बम और चारों तरफ मच गई चीख पुकार
  2. दिल्ली धमाका: अमित शाह के आवास पर शुरू हुई हाईलेवल मीटिंग, NIA निदेशक समेत शामिल हुए आलाधिकारी
  3. लाल किला ब्लास्ट मामला: सामने आया पुलवामा कनेक्शन, जानें कहां तक पहुंची पुलिस की जांच
  4. धमाके से फिर दहली दिल्ली, लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर-1 के पास कार में विस्फोट, 11 लोगों की मौत
  5. तीन घंटे तक खड़ी रही ब्लास्ट वाली i20 कार, ड्राइवर ने पहना था नकाब, एक नजर में देखिए
  6. लाल किला के पास हुए ब्लास्ट पर चांदनी चौक ट्रेडर्स परिषद की कड़ी निंदा, बाजार बंद करने की नहीं हुई कोई कॉल