उत्तराखंड के कॉर्बेट पार्क में दिखा दुर्लभ नजारा, टाइगर ने अजगर को बनाया शिकार, देखें वीडियो
आपने टाइगर को वन्यजीवों का शिकार करते अक्सर देखा होगा. लेकिन टाइगर को अजगर का शिकार करते पहले नहीं देखा होगा.

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : July 6, 2026 at 2:48 PM IST
रामनगर: उत्तराखंड के कॉर्बेट टाइगर रिजर्व की झिरना रेंज से एक ऐसा दुर्लभ नजारा सामने आया है, जिसने वन्यजीव प्रेमियों और पर्यटकों को रोमांचित कर दिया है. सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में एक विशाल बाघ अजगर का शिकार करने के बाद उसे अपने मजबूत जबड़ों में दबाकर जंगल की ओर जाता दिखाई दे रहा है. बाघ द्वारा अजगर का शिकार किए जाने की घटनाएं बेहद कम देखने को मिलती हैं, इसलिए यह वीडियो लोगों का खासा ध्यान आकर्षित कर रहा है.
विश्व प्रसिद्ध कॉर्बेट टाइगर रिजर्व की झिरना रेंज से सामने आए इस वीडियो में जंगल का राजा बाघ अपने दुर्लभ शिकार के साथ दिखाई दे रहा है. वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि बाघ एक बड़े अजगर को अपने जबड़ों में मजबूती से दबाए हुए आराम से जंगल के भीतर जाता नजर आ रहा है. बताया जा रहा है कि यह दृश्य जंगल सफारी के दौरान मौजूद एक पर्यटक ने अपने कैमरे में कैद किया, जिसके बाद यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया. वन्यजीव विशेषज्ञों के अनुसार, बाघ आमतौर पर हिरण, सांभर, जंगली सूअर और अन्य जानवरों का शिकार करता है.
हालांकि, विशेष परिस्थितियों में वह अजगर जैसे बड़े सरीसृपों का भी शिकार कर सकता है, लेकिन ऐसे मामले बेहद दुर्लभ होते हैं, यही वजह है कि कॉर्बेट से सामने आया यह वीडियो वन्यजीव जगत में भी चर्चा का विषय बना हुआ है. कॉर्बेट टाइगर रिजर्व अपनी समृद्ध जैव विविधता और वन्यजीवों के प्राकृतिक व्यवहार के लिए दुनिया भर में प्रसिद्ध है. यहां आने वाले पर्यटकों को अक्सर बाघ, हाथी, भालू, मगरमच्छ और विभिन्न पक्षियों के दर्शन होते हैं. लेकिन बाघ द्वारा अजगर का शिकार किए जाने का ऐसा दृश्य बहुत कम लोगों को देखने का मौका मिलता है.
यह जंगल का स्वाभाविक नियम है.जंगल में शिकारी और शिकार का यह चक्र लगातार चलता रहता है. ऐसे दुर्लभ दृश्य कभी-कभी ही कैमरे में रिकॉर्ड हो पाते हैं. सामने आए इस वीडियो में भी एक बाघ द्वारा अजगर का शिकार करते हुए दिखाई दे रहा है, जो वन्यजीवों के प्राकृतिक व्यवहार का हिस्सा है.
-डॉ. साकेत बडोला, डायरेक्टर, कॉर्बेट टाइगर पार्क
यही कारण है कि यह वीडियो न केवल रोमांच पैदा कर रहा है. बल्कि जंगल में खाद्य श्रृंखला और वन्यजीवों के प्राकृतिक व्यवहार की एक अनोखी झलक भी प्रस्तुत कर रहा है. फिलहाल यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से साझा किया जा रहा है और वन्यजीव प्रेमियों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है. कॉर्बेट के जंगलों से सामने आया यह दुर्लभ नजारा एक बार फिर साबित करता है कि प्रकृति हर पल अपने भीतर अनगिनत रहस्य और रोमांच समेटे हुए है.
पढ़ें:

