झारखंड में चोरी हुए दुनिया के सबसे महंगे आम! किसान की सिट्टी-पिट्टी हुई गुम
हजारीबाग में अज्ञात चोरों ने मियाजाकी आम की चोरी की घटना को अंजाम दिया है.

Published : June 30, 2026 at 7:40 PM IST
हजारीबाग: इन दिनों चोरों का आतंक पूरे जिले में देखने को मिल रहा है. चोर सिर्फ सोना, चांदी, गाड़ी या घरेलू सामान की चोरी नहीं कर रहे हैं बल्कि अब सबसे महंगे आम की भी चोरी कर रहे हैं. ऐसा ही मामला हजारीबाग के बड़कागांव में पेश आया है. यहां अज्ञात चोर सबसे महंगे मियाजाकी आम, किसान के बगीचे से चोरी करके ले गए. जिसका वजन लगभग 2 किलो के आसपास का बताया जा रहा है. किसान का कहना है कि लगभग 5 लाख रुपये की आम की चोरी उनके बगीचे से हुई है.
झारखंड में आम की चोरी का पहला मामला
यदि आपके घरों में मियाजाकी आम लगे हैं तो सावधान हो जाए. कहीं चोर की नजर आपके आम पर तो नहीं है. ऐसी ही एक घटना हजारीबाग जिले में घटी है. जापान की सबसे महंगी किस्मों में गिने जाने वाले मियाजाकी आम की झारखंड में पहली चोरी का मामला सामने आया है.
पेड़ से 9 मियाजाकी आम की चोरी
बड़कागांव के किसान प्रवीण कुमार के बगीचे से अज्ञात चोर रात के अंधेरे का फायदा उठाकर 9 आम तोड़कर फरार हो गए. हैरानी की बात ये है कि इन 9 आमों का कुल वजन महज करीब डेढ़ से दो किलो था. बाजार में इनकी अनुमानित कीमत करीब 4 से 5 लाख रुपये बताई जा रही है यानी चोर अपने साथ सोना-चांदी नहीं, बल्कि 'पेड़ पर लटका लाल सोना' अपने साथ ले गए.
कोलकाता से 2,400 रुपये में खरीदे थे किसान ने मियाजाकी आम के दो पौधे
प्रवीण कुमार ने बताया कि उन्होंने एक साल पहले पश्चिम बंगाल से 2,400 रुपये में मियाजाकी आम के दो पौधे खरीदे थे. लंबे इंतजार और मेहनत के बाद इस बार पहली बार पेड़ों पर फल आए थे. किसान रोज उनकी निगरानी कर रहे थे लेकिन बीती रात अज्ञात चोर 9 आम तोड़कर ले गए. जब पेड़ पर उनकी नजर गई तो आम गायब थे.
आम सीजन में लोगों की पहली पंसद होता है मियाजाकी
इन दिनों झारखंड में एक आम की चर्चा बेहद खास हो गई है. सोशल मीडिया से लेकर अखबार और टीवी चैनलों में भी मियाजाकी आम की चर्चा खूब हो रही है. मियाजाकी आम, जापान की एक बेहद दुर्लभ और प्रीमियम किस्म है. इसका रंग गहरा लाल बैंगनी होता है और स्वाद सामान्य आमों से अलग, बेहद मीठा एवं सुगंधित माना जाता है.
किसान के मुताबिक, इसकी कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब 3 लाख रुपये प्रति किलो तक पहुंच जाती है. यही वजह है कि इसे 'दुनिया का सबसे महंगा आम' भी कहा जाता है.
धनबाद के युवा किसान का कमाल, जापान की मियाजाकी आम के लगाए बाग, लाखों रुपए प्रति किलो कीमत

