ETV Bharat / bharat

युद्ध का असर: कोटा की बेटी फंसी अबू धाबी में, कनाडा से लौट रही थी भारत

तान्या शर्मा कनाडा में रहती है. वह कनाडा से अबू धाबी होते हुए भारत लौट रही थी, इसी बीच युद्ध शुरू हो गया.

Tanya Sharma in Abu Dhabi
अबू धाबी में तान्या शर्मा (Courtesy - Rajeev Sharma)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : February 28, 2026 at 10:10 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

कोटा: कोटा की बेटी तान्या शर्मा कनाडा में रहती है. वह कनाडा से अबू धाबी होते हुए भारत लौट रही थी, लेकिन अचानक शनिवार को युद्ध शुरू होने के बाद वह अबू धाबी में फंस गई. काफी घंटे तक वह एयरपोर्ट पर रही. उन्हें होटल में शिफ्ट किया जा रहा है, लेकिन अभी तक उन्हें होटल नहीं मिला है. इसकी सूचना तान्या ने अपने परिजनों को दी. जिसके बाद वह भी सहम गए हैं.

तान्या के पिता राजीव शर्मा फिलहाल मुंबई में हैं. वे कोटा के भीमगंज मंडी इलाके के इंदौरी चौराहा के पास रहते हैं. उनका कहना है कि बेटी तान्या शर्मा अबू धाबी में फंसी हुई है. वहां पर हालात बिगड़े हुए हैं. तान्या ने कनाडा में ही पढ़ाई की है और वहीं जॉब करती है. वह वहां से भारत आ रही थी. कनाडा के टोरंटो से यूएई की कैपिटल अबू धाबी तक एतिहाद एयरवेज की फ्लाइट के जरिए आई थी. वह अबू धाबी एयरपोर्ट पर 12:50 बजे पर उतरी थी. इसके बाद कनेक्टिंग फ्लाइट 2:25 बजे पर मुंबई के लिए थी. जिसे अक्सा एयरलाइंस के जरिए मुंबई आना था. तान्या चेक इन करने वाली थी. उसके पहले ही एक भारी विस्फोट की आवाज आई. आर्मी कुछ ही मिनट में वहां पर पहुंच गई. पूरे एयरपोर्ट को खाली कराया गया. उन्हें होटल में शिफ्ट किया जा रहा है.

पढ़ें: Russia Ukraine War: आबूरोड के छात्र का दर्द- बंकर में गुजर रही रात, गोलीबारी और धमाकों की आवाज से दहशत

राजीव शर्मा के मुताबिक तान्या का कहना है कि उनके फोन बैटरी काफी कम है. ऐसे में वह फोन रिसीव भी नहीं कर पा रही है और किसी को फोन भी नहीं कर पा रही है. उनका कहना है कि रात के 9:20 बजे तक उन्हें होटल नहीं मिला था. होटल उपलब्ध होने के बाद वहां पर चेक इन करेगी. उसके बाद ही बातचीत हो पाएगी. पिता राजीव शर्मा की मांग है कि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला उनकी बेटी के संबंध में बातचीत करें. उन्हें यूएई गवर्नमेंट से बात कर भारत लाया जाए.

अमेरिका इजरायल और ईरान के मध्य युद्ध के हालात के चलते काफी संख्या में राजस्थान के विद्यार्थी, कामगार और व्यापारी खाड़ी देशों में फंसे हुए हैं, जिनकी सुरक्षित वापसी को लेकर केंद्र सरकार के साथ-साथ सामाजिक और राजनीतिक संगठन भी चिंतित हैं. इसे लेकर अब कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के प्रदेश अध्यक्ष एमडी चौपदार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से राजस्थानी लोगों की सुरक्षित घर वापसी की मांग की है. एमडी चौपदार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर कहा है कि राजस्थान के साथ-साथ देश के अन्य लोगों की भी सुरक्षित वापसी कराई जाए.

एमडी चौपदार ने रविवार को एक वीडियो संदेश जारी करके कहा कि हालांकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पहले ही देश के लोगों के लिए एडवाइजरी जारी की हुई है , लेकिन फिर भी मैं मांग करता हूं कि राजस्थान के बहुत सारे विद्यार्थी, कामगार और अन्य व्यापारी युद्ध प्रभावित क्षेत्र यूएई, दुबई, बहरीन, जॉर्डन, कुवैत और ईरान जैसे देशों में फंसे हुए हैं. उन्हें लेकर यहां उनके परिजन चिंतित हैं. कुछ लोग धार्मिक यात्राओं पर भी गए हुए हैं और तमाम फ्लाइट बंद कर दी गई है ऐसे में यहां पर उनके परिजन और अन्य लोग बेहद चिंतित हैं, और उनकी सुरक्षित घर वापसी के लिए प्रार्थना कर रहे हैं.