114 साल का हुआ बिहार में बना 'एक दिन का चर्च', ब्रिटिश किंग जॉर्ज-V से है कनेक्शन
क्रिसमस पर बिहार के आरा में बना 'एक दिन का चर्च' चर्चा में है. ब्रिटिश-काल में यहां 'किंग जार्ज पंचम' का कभी आगमन हुआ था-

Published : December 24, 2025 at 6:03 PM IST
भोजपुर : बिहार में जब बात पुराने चर्च की होती है तो आरा के द होली सेवियर चर्च का नाम जरूर आता है. इस चर्च का निर्माण 1911 में हुआ था जो कि एक विशेष घटना का 'पड़ाव' बना था. हालाकि पटना का पादरी हवेली सबसे प्राचीन है और उसका निर्माण इससे लगभग 200 साल पहले हुआ था. द होली सेवियर चर्च का इतिहास काफी रोचक है.
जार्ज पंचम जब आए थे बिहार : एक समय था जब ब्रिटिश काल के महाराजा जार्ज पंचम बिहार आए थे. जब वह कोलकाता से दिल्ली के लिए जा रहे थे तो रास्ते में बिहार आगमन भी हुआ. इस दौरान उनकी प्रार्थना के लिए एक दिन का चर्च बनाया गया था. लेकिन आज वही एक दिन का चर्च आज 114 साल से खड़ा है और बिहार की अमूल्य धरोहर के रूप में शामिल है.
एक दिन के लिए बना था चर्च : आरा का 'द होली सेवियर चर्च' इतिहास के नजरिए से काफी मायने रखता है. 114 साल से भी अधिक पुराने इस चर्च में हर साल क्रिसमस-डे के मौके पर खास इंतजाम किए जाते हैं. 'द होली सेवियर चर्च' के पादरी अनिल बताते हैं कि इसका इतिहास 114 साल पुराना है. बात उस समय की है जब 1911 में ब्रिटिश शासन के दौरान यूनाइटेड किंगडम के महाराजा जॉर्ज पंचम भारत दौरा पर आए थे. अंग्रेजों ने इन्हीं के एक दिन की प्रार्थना करने के लिए इस चर्च का निर्माण कराया था.
''जॉर्ज पंचम कोलकाता से दिल्ली जा रहे थे इस दौरान उनके एक दिन की प्रार्थना के लिए एक चर्च का निर्माण कराया गया था. जॉर्ज पंचम प्रभु ईशु की प्रार्थना करना चाहते थे. इसलिए एक दिन की प्रार्थना के लिए इस चर्च का निर्माण कराया गया था. जॉर्ज पंचम के चले जाने के बाद इसमें अंग्रेजी फौजी प्रार्थना करने के लिए आया करते थे. अंग्रेज जब भारत से चले गए तो इसे आम ईसाइयों के लिए खोल दिया गया.''- अनिल, पादरी, द होली सेवियर चर्च, आरा

कौन थे जॉर्ज पंचम? : जॉर्ज पंचम यूनाइटेड किंगडम व अन्य राष्ट्रमंडल समूह के महाराजा थे. ये प्रथम ब्रिटिश शासक जो विंडसर राजघराने से संबंध रखते थे. इन्होंने 1910 से 1936 तक राज किया. जानकार बताते हैं कि जब ये भारत दौरे पर आए, उसी दौरान 12 दिसंबर 1911 को भारत की राजधानी कोलकाता से बदलकर दिल्ली करने की घोषणा की थी.
जॉर्ज पंचम के नाम पर आरा में सड़क : भोजपुर जिले के आरा शहर में इनके नाम का एक मार्ग भी है, जिसे 'केजी रोड' या 'जॉर्ज रोड' कहा जाता है. पादरी अनिल बताते हैं कि इसी जगह पर जॉर्ज पंचम के लिए अंग्रेजों ने लाल कार्पेट बिछाया था. तब से इस जगह का नाम केजी रोड (किंग जॉर्ज रोड) पड़ गया.

''आज ये चर्च लोगों की आस्था का कारण है. यहां बहुत से लोग प्रार्थना करने आते हैं. मन्नते मांगते हैं और उनकी मन्नतें पूरी होती हैं.''- अनिल, पादरी, द होली सेवियर चर्च, आरा
आरा में धूमधाम से मनेगा क्रिसमस : आरा में क्रिसमस का पर्व इस वर्ष भी हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा. 25 दिसंबर 2025 को प्रभु यीशु मसीह के जन्मदिन के अवसर पर शहर के रमना मैदान के पास जज कोठी मोड़ स्थित द होली सेवियर चर्च में विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा. इस अवसर पर चर्च परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा है.

क्रिसमस की दिखेगी धूम : इस दौरान ईसाई समाज के लोग प्रभु यीशु मसीह के जन्म से जुड़े धार्मिक अनुष्ठान, प्रार्थना सभा, भजन-कीर्तन एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम के आयोजन में शामिल होंगे. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ईसाई समाज के लोग सहित अन्य धर्मावलंबी मौजूद रहेंगे.
ये भी पढ़ें-

