तेज प्रताप को संजय सिंह का 50 करोड़ मानहानि नोटिस, बोले- 'डिफेमेशन केस से फर्क नहीं पड़ता'
तेज प्रताप यादव ने संजय सिंह के ₹50 करोड़ मानहानि नोटिस पर पलटवार किया, निजी आरोपों को लेकर भी जताई नाराजगी. रिपोर्ट- कुंदन कुमार

Published : August 31, 2026 at 6:14 PM IST
पटना : बिहार की सियासत में लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव और लोजपा रामविलास कोटे से मंत्री संजय सिंह के बीच चल रहा विवाद अब मानहानि के नोटिस तक पहुंच गया है. संजय सिंह की ओर से तेज प्रताप यादव को ₹50 करोड़ का मानहानि नोटिस दिए जाने के बाद तेज प्रताप ने भी खुलकर पलटवार किया है.
संजय सिंह ने भेजा ₹50 करोड़ का नोटिस : पटना एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत में तेज प्रताप ने कहा कि किसी भी नोटिस या मानहानि के मुकदमे से उन्हें कोई फर्क नहीं पड़ता और जो सच है, वह सामने लाते रहेंगे. तेज प्रताप यादव ने मानहानि के नोटिस को लेकर कहा कि “नोटिस भेजा है तो भेजा है.” उन्होंने साफ किया कि नोटिस मिलने या मानहानि का दावा किए जाने से वह पीछे हटने वाले नहीं हैं.
लड़कियों से संबंध वाले आरोप पर भड़के तेज प्रताप : विवाद के दौरान संजय सिंह द्वारा तेज प्रताप यादव के कथित तौर पर कई लड़कियों से संबंध को लेकर लगाए गए आरोपों पर भी तेज प्रताप काफी नाराज नजर आए. उन्होंने ऐसे सवालों को निजी मामला बताते हुए कहा कि 'फालतू की बातें नहीं करनी चाहिए.' तेज प्रताप ने मीडिया से भी निजी मामलों को लेकर सवाल नहीं पूछने की अपील की.
'संजय सिंह का कारनामा हम नहीं जानते हैं क्या?' : मंत्री संजय सिंह के आरोपों पर पलटवार करते हुए तेज प्रताप ने तीखे अंदाज में कहा कि वह भी मंत्री संजय सिंह के बारे में बहुत कुछ जानते हैं. उन्होंने कहा कि संजय सिंह क्या करते हैं और कहां रहते हैं, यह वह नहीं जानते हैं क्या? तेज प्रताप ने संकेत दिया कि आने वाले समय में वह भी संजय सिंह को जवाब देंगे.
क्या है पूरा कथित दिल्ली होटल कांड? : दरअसल, तेज प्रताप यादव और मंत्री संजय सिंह के बीच विवाद की शुरुआत दिल्ली के होटल से जुड़े मामले और उससे संबंधित आरोप-प्रत्यारोप से हुई. दोनों पक्षों की ओर से लगातार बयान सामने आ रहे हैं. इसी बयानबाजी के बीच संजय सिंह ने तेज प्रताप के खिलाफ कथित आरोपों को लेकर ₹50 करोड़ के मानहानि नोटिस की कार्रवाई की है. इसके बाद मामला और ज्यादा तूल पकड़ गया है.
''संजय सिंह चाहे किसी भी तरह का नोटिस भेजें या मानहानि का मुकदमा करें, उन्हें इससे कोई फर्क नहीं पड़ेगा. सच्चाई को दबाया नहीं जा सकता और मैं जो जानता हूं, उसे जनता के सामने रखने से पीछे नहीं हटूंगा. जनता को जानने का हक है.''- तेज प्रताप यादव, पूर्व मंत्री
'संजय सिंह को जनता के बीच देना होगा जवाब' : तेज प्रताप ने यह भी कहा कि मंत्री संजय सिंह जो कुछ कह रहे हैं, वह गलत है. उन्होंने दावा किया कि असली सच्चाई सामने आएगी और संजय सिंह को जनता के बीच इसका जवाब देना होगा. इस बयान के साथ उन्होंने साफ कर दिया कि फिलहाल दोनों नेताओं के बीच जुबानी जंग थमती नजर नहीं आ रही है.
वृंदावन रवाना होते वक्त तेज प्रताप का बड़ा बयान : तेज प्रताप यादव सोमवार को पटना से वृंदावन के लिए रवाना हो रहे थे. पटना एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने संजय सिंह के मानहानि नोटिस और निजी आरोपों पर अपनी नाराजगी जाहिर की. उनके बयान से संकेत साफ है कि ₹50 करोड़ का नोटिस इस सियासी विवाद को खत्म करने के बजाय और गरमा सकता है.
अब आगे क्या? : एक तरफ संजय सिंह की ओर से मानहानि नोटिस की कार्रवाई की गई है, तो दूसरी तरफ तेज प्रताप यादव ने कानूनी कार्रवाई की परवाह नहीं करने की बात कहते हुए पलटवार जारी रखा है. ऐसे में सवाल है कि दिल्ली होटल विवाद में अगला कदम क्या होगा और क्या यह मामला अदालत तक पहुंचेगा या फिर बिहार की सियासत में आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला आगे भी जारी रहेगा.
ये भी पढ़ें-

