गाजियाबाद: खोड़ा कॉलोनी हत्याकांड में तीन गिरफ्तार, इलाके में भारी पुलिस फोर्स तैनात, हालात अब भी तनावपूर्ण
गाजियाबाद के खोड़ा थाना में बकरीद के दिन चाकू से गोदकर किशोर की हत्या कर दी गई. आरोपी समुदाय विशेष के बताए जा रहे हैं.

Published : May 30, 2026 at 11:46 AM IST
गाजियाबाद: गाजियाबाद के खोड़ा थाना क्षेत्र में एक किशोर की चाकू मारकर हत्या किए जाने से इलाके में सनसनी फैल गई. घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है, जिसे देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है और भारी पुलिस बल तैनात किया गया है. मामले में पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो अन्य संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. मुख्य आरोपी अभी फरार है और उसकी तलाश के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं.
मृतक और अशद नामक युवक के बीच चल रहा था विवाद
जानकारी के अनुसार, 28 मई की दोपहर 17 वर्षीय किशोर अपने दोस्त आयुष के साथ किसी काम से घर से निकला था. इसी दौरान रास्ते में उसकी मुलाकात अशद नामक युवक से हुई. स्थानीय लोगों के मुताबिक, किशोर और अशद के बीच काफी समय से विवाद चला आ रहा था. आरोप है कि इसी रंजिश के चलते अशद ने अपने साथियों के साथ मिलकर उस पर हमला कर दिया.
#WATCH गाजियाबाद, उत्तर प्रदेश: खोरा कॉलोनी में एक किशोर की चाकू मारकर हत्या पर DCP धवल जायसवाल ने कहा, "28 मई को एक व्यक्ति को चाकू मार दिया गया था। उसे इलाज के लिए ले जाया गया था जहां कल इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हुई है। नामजद 5 आरोपियों में से 3 की गिरफ्तारी की जा चुकी है। शव… pic.twitter.com/cb86ykrpke
— ANI_HindiNews (@AHindinews) May 30, 2026
मृतक के भाई यश ने बताया कि 28 मई 2026 को दोपहर करीब 3:30 बजे खोड़ा के नवनीत विहार स्थित शर्मा डेयरी वाली गली में अशद और उसके साथियों ने किशोर पर जानलेवा हमला किया. यश के अनुसार, विवाद बढ़ने पर अशद ने गाली-गलौज शुरू कर दी और फिर चाकू से मृतक के पेट पर वार कर दिया.
29 मई को नाबालिग किशोर ने दम तोड़ा
घटना के बाद घायल को तत्कालअस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान 29 मई को दोपहर करीब 12 बजे उसकी मौत हो गई.
एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल किशोर को अस्पताल में भर्ती कराया गया. परिजनों की शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की गईं. पुलिस के मुताबिक, अब तक तीन नामजद आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि दो अन्य संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. मामले में साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है. वहीं, फरार मुख्य आरोपी की तलाश जारी है.
#WATCH लखनऊ: गाजियाबाद में किशोर की हत्या मामले पर उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा, " हत्यारा कोई भी हो उसे छोड़ा नहीं जाएगा। उसे खोज निकाला जाएगा। हत्या करने वालों को फांसी पर चढ़ाने के लिए जो कार्रवाई होती है वो कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सरकार कानून… pic.twitter.com/xy4LnZ8LcE
— ANI_HindiNews (@AHindinews) May 30, 2026
इस मामले पर उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा, 'हत्यारा कोई भी हो उसे छोड़ा नहीं जाएगा। उसे खोज निकाला जाएगा। हत्या करने वालों को फांसी पर चढ़ाने के लिए जो कार्रवाई होती है वो कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सरकार कानून व्यवस्था को लेकर गंभीर है। जिन लोगों ने ऐसा अपराध किया है उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई होगी।' वहीं मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने भी घटना पर दुख जताया और मामले में सख्त कानूनी कार्रवाई की बात कही.
ये भी पढ़ें-

