टेक मुगल निकेश अरोड़ा की बेटी आज लेगी हॉकी प्लेयर जैक के साथ फेरे
शाही शादी के लिए जोधपुर के उम्मेद भवन में शानदार अंदाज में सजाया गया है. भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जिया गौर भी जोधपुर पहुंचे.

Published : February 28, 2026 at 1:56 PM IST
|Updated : February 28, 2026 at 5:44 PM IST
जोधपुर: सूर्य नगरी में लंबे अंतराल के बाद एक शाही विवाह होने जा रहा है. भारतीय मूल के दिग्गज टेक्नोक्रेट निकेश अरोड़ा की बेटी आयशा अरोड़ा का विवाह अमेरिकी आइस हॉकी खिलाड़ी जैक ह्यूग्स के साथ हो रहा है. जोधपुर के ऐतिहासिक उम्मेद भवन पैलेस में शनिवार को यह विवाह भारतीय परंपरा से संपन्न होगा. पिछले दो दिनों से देश-विदेश की कई जानी-मानी हस्तियां इस शादी में शामिल होने के लिए जोधपुर पहुंच रही हैं. उम्मेद भवन पैलेस को सजाया गया है.
आयशा अरोड़ा और आइस हॉकी खिलाड़ी जैक ह्यूग्स के इस विवाह में शामिल होने के लिए उद्योगपति गौतम अडानी, अमेरिका के वाणिज्य सचिव हावर्ड लुटनिक भी पहुंच चुके हैं. इस हाई-प्रोफाइल शादी के तहत बालसमंद लेक पैलेस में होली उत्सव मनाया गया. शुक्रवार को मेहरानगढ़ फोर्ट में म्यूजिक नाइट रखी गई, जिसमें कई विदेशी कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियां दी. आयशा और जैक की शादी में शामिल होने के लिए उद्योगपति मुकेश अंबानी, नीता अंबानी सहित कई नामचीन हस्तियां पहुंची. एयरपोर्ट से सीधे उमेद भवन गए. इस शाही शादी के लिए दुबई से भी चार्टर मेहमानों को लेकर यहां पहुंचा. इसमें मशहूर बैंड Black eyed peas के भी सदस्य पहुंचे, जो आज परफॉर्मेंस देंगे.
भारतीय परंपरा से आज होगी शादी, अंबानी आएंगे: विवाह की रस्में शनिवार को उम्मेद भवन पैलेस में होंगी. आयशा और जैक हिंदू रीति-रिवाज से सात फेरे लेंगे. इस शादी में शामिल होने के लिए उद्योगपति मुकेश अंबानी, नीता अंबानी और अनंत अंबानी भी चार्टर विमान से पहुंचेंगे. उद्योगपति सुनील मित्तल, फिल्म अभिनेता विवेक ओबेरॉय और अमेरिका के राजदूत सर्जिया गौर शुक्रवार को ही पहुंच चुके हैं.
कौन हैं जैक? अमेरिका की नेशनल हॉकी लीग (एनएचएल) में न्यू जर्सी डेविल्स की ओर से सेंटर पोजीशन पर खेलने वाले जैक ने विंटर ओलंपिक 2026 में अमेरिका की ओर से खेलते हुए कनाडा के खिलाफ गोल्ड मेडल मैच में विनिंग गोल करके टीम को जिताया था. उनका पूरा परिवार हॉकी के खेल से जुड़ा हुआ है.
नेता-अभिनेता सबकी पसंद है उम्मेद भवन: जोधपुर का उम्मेद भवन पैलेस बड़े आयोजनों के लिए लोगों की पहली पसंद बन गया है. इस महल में हॉलीवुड और बॉलीवुड के कई बड़े सितारों की शादियां हो चुकी हैं. इनमें प्रियंका चोपड़ा और निक जोनस की शादी यहीं हुई थी. इसके अलावा हॉलीवुड अभिनेत्री लिज हर्ले और अरुण नैयर का विवाह भी यहां हुआ था. वर्ष 2013 में यहां नीता अंबानी का जन्मदिन मनाया गया था, जिसके लिए दो दिन तक कार्यक्रम आयोजित किए गए और देश-दुनिया की बड़ी हस्तियां शामिल हुई थीं. हाल ही में गौतम अडानी के भाई का जन्मदिन यहां मनाया गया था. गत वर्ष मार्च में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के बेटे का विवाह भी यहीं संपन्न हुआ था.

