ETV Bharat / bharat

'विजय अंकल! प्लीज, हमारे लिए बस चलवा दो...' 9वीं के छात्र ने तमिलनाडु सीएम को लिखा भावुक पत्र

छात्र द्वारा सीएम को प्यार से "विजय अंकल" कहकर विशेष बस चलाने की मांग वाला पत्र सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

cm joseph vijay
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय. (TN DIPR)
author img

By ETV Bharat Hindi Team

Published : July 9, 2026 at 4:01 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

थूथुकुडी(तमिलनाडु): तिरुचेंदुर में स्थित सेंथिल अण्डावर सरकारी बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के नौवीं कक्षा के एक छात्र ने राज्य के मुख्यमंत्री जोसेफ विजय को एक बेहद भावुक पत्र लिखा है. इस पत्र की सबसे खूबसूरत बात यह है कि छात्र ने मुख्यमंत्री को किसी औपचारिक पद से नहीं, बल्कि पूरे हक और प्यार से "विजय अंकल" कहकर संबोधित किया है. बच्चे का आत्मीयता से भरा पत्र इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है.

क्यों लिखना पड़ा पत्र

सेंथिल अण्डावर सरकारी बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में कक्षा 6 से 12 तक के छात्र पढ़ाई करते हैं. इस पुराने और प्रतिष्ठित स्कूल में तिरुचेंदुर के आसपास के कई गांवों के बच्चे पढ़ने आते हैं. इसी इलाके में सेंथिल मुरुगन बालिका उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भी संचालित है, जहां भी ग्रामीण इलाकों से बड़ी संख्या में छात्राएं आती हैं. इसी सिलसिले में, सेंथिल अण्डावर सरकारी बॉयज स्कूल के नौवीं कक्षा के छात्र अशोक ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री जोसेफ विजय को एक पत्र लिखा है.

क्या लिखा है पत्र में

छात्र ने पत्र में लिखा- "मैं तिरुचेंदुर के सेंथिल अण्डावर सरकारी बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में नौवीं कक्षा का छात्र हूं. मेरा स्कूल मेरे गांव से 7 किलोमीटर दूर है. मेरी तरह उड़नगुड़ी और उसके आसपास के गांवों के कई छात्र इस सरकारी स्कूल में पढ़ने के लिए 20 किलोमीटर तक का सफर तय करते हैं. जो छात्र सुबह 8:00 बजे बस पकड़ते हैं, वे सुबह 9:00 बजे ही स्कूल पहुंच पाते हैं. इसी तरह, शाम 4:00 बजे स्कूल से निकलने वाले छात्र शाम 5:00 बजे तक ही घर लौट पाते हैं. बसों में भारी भीड़ होती है, जिससे कई छात्रों को बड़ी परेशानी का सामना करना पड़ता है. इसलिए, विजय अंकल, कृपया स्कूली छात्रों के लिए विशेष बसें चलाने के लिए कदम उठाएं."

सोशल मीडिया पर भाया बच्चे का भोलापन

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री को किसी बच्चे द्वारा इतने अधिकार और भरोसे के साथ "अंकल" कहना लोगों के दिलों को छू गया है. यह पत्र अब विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर तेजी से शेयर किया जा रहा है. गौरतलब है कि कुछ समय पहले ही स्कूल शिक्षा मंत्री राजमोहन ने स्कूली छात्रों के परिवहन संकट को दूर करने के लिए विशेष बसें चलाने की घोषणा की थी. इसी बीच आए छात्र के इस सीधे अनुरोध ने इस मुद्दे पर अब पूरे राज्य का ध्यान खींच लिया है.

इसे भी पढ़ेंः