बिहार में तीर्थयात्रियों की बस को 2 किलोमीटर तक घसीटता रहा ट्रक, चीखते रहे यात्री
तमिलनाडु से तीर्थयात्रा पर गया जा रहे यात्रियों की बस को एक ट्रक टक्कर मारकर दो किलोमीटर तक घसीटा. पढ़ें पूरी खबर-

Published : February 26, 2026 at 1:58 PM IST
रोहतास : बिहार के रोहतास में तीर्थयात्रियों के लेकर जा रही बस को ट्रक ड्राइवर ने जबरन टक्कर मार दी. साइड लेने के चक्कर में संभवत: ये हादसा हुआ. बस ड्राइवर के मुताबिक ट्रक ने तीन बार बस को साइड से टक्कर मारा. इस हादसे में एक बुजुर्ग यात्री की मौत हो गई. जबकि कई यात्री जख्मी हो गए. हादसा डेहरी मुफस्सिल थाना के जमुहार में NH-9 पर हुआ.
"हमारे आगे एक ट्रक चल रहा था. उसने साइड से तीन बार बस में टक्कर मारी. यात्री चीखने लगे लेकिन ट्रक ड्राइवर ने नहीं सुना. वह बस को 2 किलोमीटर तक खींचते हुए ले गया. बस में कुल 22 लोग सवार थे." - सोनू कुमार, बस ड्राइवर
बस और ट्रक में टक्कर : ये सभी तीर्थयात्री तमिलनाडु से वाराणसी फ्लाइट से आए थे. फिर वहां से बस लेकर गया की ओर जा रहे थे. रास्ते में जाने के दौरान ही ये हादसा हो गया. बस में 9 महिला और एक बच्चा समेत कुल 22 यात्री सवार थे. सभी यात्रियों को हादसे में चोट आई है.
"हम लोग वाराणसी फ्लाइट से आए फिर बस लेकर गया की ओर जाने लगे. रास्ते में एक जोरदार आवाज आई जिससे हम सभी घबरा गए. हमने देखा कि बस को ट्रक खींचते हुए 2 किलोमीटर तक ले गया. इस दौरान सभी को चोट आई. हादसे में एक बुजुर्ग की मौत हो गई."- श्रीलता, घायल महिला तीर्थयात्री
एक बुजुर्ग यात्री की मौत : सभी लोग तमिलनाडु के आलमपुर के अडंबा के रहने वाले हैं. यह सभी गायत्री परिवार से जुड़े हुए हैं. ट्रक ने बस को लगभग 2 किलोमीटर दूर तक घसीटते हुए चली गई. यात्री चिल्लाते रहे लेकिन ट्रक ड्राइवर ने ट्रक नहीं रोका. इस मामले में पुलिस ट्रक की तलाश कर रही है. मृत बुजुर्ग का नाम राजो एम था जो कांचीपुरम का निवासी था.
झपकी आने से हादसा-पुलिस : ट्रैफिक पुलिस ने हादसे को लेकर बयान जारी किया है. ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक बस ड्राइवर को झपकी आने से हादसा हुआ. लेकिन सवाल यही है कि जब टक्कर हो गई और बस ट्रक में फंस गई तो ट्रक ड्राइवर ने बस को 2 किलोमीटर तक क्यों भगाया?
''तमिलनाडु के तीर्थ यात्रियों से भरी ट्रैवलर बस बनारस से गया जी के जाने के दौरान डेहरी मुफस्सिल थाने क्षेत्र के सुअरा के पास ड्राइवर को झपकी आने के कारण अज्ञात ट्रक से टक्कर हो गई. इस सड़क हादसे में तामिलनाडु के कांचीपुरम निवासी राजो एम की मौत हो गई. बस में कुल 24 लोग सवार थे. सभी घायलों को इलाज के लिए एनएमसीएच जमुहार में एडमिट कराया गया है.''- अमरकांत, ट्रैफिक डीएसपी, सासाराम
शव का कराया गया पोस्टमार्टम : सभी घायलों को इलाज के लिए जमुहार के नारायण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया है. वहीं मृतक रामो के शव को पोस्टमार्टम के लिए सासाराम के साथ अस्पताल लाया जा रहा है. पुलिस ने मृतक के परिवार को सूचना दे दी है.
''अहले सुबह सड़क हादसे में घायल तीर्थ यात्रियों को इलाज के लिए अस्पताल लाया गया है, दो लोग गंभीर हैं बाकी घायल सभी लोग का इलाज चल रहा है ये सभी खतरे से बाहर हैं.''- डॉक्टर जितेंद्र यादव, एनएमसीएच, जमुहार
ये भी पढ़ें-

