बिहार में महिला और दो बेटियों की संदिग्ध मौत, कमरे में लटका मिला शव, हत्या की आशंका
नवादा में महिला और उसकी दो बेटियों की संदिग्ध मौत से सनसनी, पुलिस हत्या और आत्महत्या दोनों पहलुओं से जांच कर रही है. रिपोर्ट-महमूद आलम

Published : August 17, 2026 at 3:05 PM IST
नवादा: बिहार के नवादा में सोमवार सुबह एक महिला और उसकी दो बेटियों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है. बुंदेलखंड थाना क्षेत्र के दर्जी मोहल्ला में महिला का कमरे में लटका मिला, जबकि उसकी दोनों बेटियां बिस्तर पर मृत पाई गईं. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. FSL की टीम मामले की जांच कर रही है.
एक ही कमरे में मिले तीनों के शव : मृतकों की पहचान निदा खातून (30), उसकी बेटी सरिया खातून (3) और सितारा खातून (4) के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार निदा अपनी दोनों बेटियों के साथ घर की ऊपरी मंजिल पर रहती थी, जबकि उसके सास-ससुर नीचे के कमरे में रहते थे.
दरवाजा खुलने पर सामने आया खौफनाक मंजर : सुबह काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर परिजनों ने उसे खोलने की कोशिश की. दरवाजा खुलने पर निदा खातून का शव कमरे में लटका मिला, जबकि दोनों बेटियां बिस्तर पर मृत पड़ी थीं.
"मैं सुबह उठी तक बहू काफी देर तक नीचे नहीं आई. हम जब ऊपर दरवाजा खुलवाने लगे तो कोई आवाज नहीं आई. जब सीढ़ी लगाकर कमरे के भीतर देखा तो वह फंदे पर लटक रही थी और दोनों बच्चे बिस्तर पर थे. ये देखकर कलेजा धक से कर गया."- मृतक निदा खातून की सास
पुलिस को हत्या का भी संदेह : शवों की स्थिति को देखते हुए पुलिस हत्या और आत्महत्या दोनों पहलुओं से जांच कर रही है. पुलिस को महिला की मौत के मामले में भी संदेह है. बताया जा रहा है कि उसके शरीर के कुछ अंग पलंग से सटे हुए थे. इससे आशंका जताई जा रही है कि महिला की हत्या करने के बाद शव को फांसी पर लटकाया गया हो. वहीं, दोनों बच्चियों की मौत गला घोंटने से होने की आशंका जताई जा रही है. हालांकि मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होगी.
11 महीने पहले दुबई गया था पति : निदा खातून का पति मो. साजिद करीब 11 महीने पहले काम के सिलसिले में दुबई गया था और वहीं रह रहा है. घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है और सभी संभावित बिंदुओं पर पड़ताल की जा रही है.
पुलिस ने शुरू की जांच : बुंदेलखंड थानाध्यक्ष धर्मराज ने घटना की पुष्टि की है. उन्होंने बताया कि मामले की जांच सभी पहलुओं से की जा रही है. पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ ही परिजनों और आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर रही है. नवादा में महिला और उसकी दो बेटियों की संदिग्ध मौत से सनसनी, पुलिस हत्या और आत्महत्या दोनों पहलुओं से जांच कर रही है.
''जानकारी मिलते ही घटनास्थल पर पुलिस पहुंची और देखा कि महिला का शव घर के दूसरे फ्लोर पर स्थित कमरे में फंदे से लटका था, जबकि दो मासूम बच्चों की बिस्तर पर बॉडी पड़ी थी. पुलिस तीनों शवों को कब्जे में लेकर एफएसएल की टीम को बुलाकर साक्ष्य संकलन करा उसके परिवार से बातकर सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है.''- धर्मराज कुमार, थानाध्यक्ष, बुंदेलखंड
ये भी पढ़ें-

